Kerala Bus Accident: केरल के पलक्कड़ (Palakkad) के वडक्कनचेरी इलाके के नजदीक स्थित मंगलम में एक दर्दनाक सड़क हादसा (Road Accident) हुआ है। इस हादसे में केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC)की बस और छात्रों को ले जा रही एक पर्यटक बस आपस में भिड़ गईं। इस दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई और 38 अन्य घायल हो गए। हादसे का कारण बसों की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। वडक्कांचेरि थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हादसा बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ।
38 घायल अस्पताल में भर्ती
कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की बस के पीछे पर्यटक बस पलट गई। बसलियोस विद्यानिकेतन स्कूल के छात्रों और शिक्षकों को लेकर पर्यटक बस एर्नाकुलम से ऊटी की ओर जा रही थी, जबकि केएसआरटीसी की बस कोयंबटूर की ओर जा रही थी। मृतकों में केएसआरटीसी बस में सवार पांच छात्र, एक शिक्षक और तीन यात्री शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, कुल 38 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उत्तराखंड में हुआ था हादसा
आपको बता कि मंगलवार शाम को इसी तरह का एक बस हादसा उत्तराखंड में भी सामने आया है। यहां पौड़ी जिले में बारात ले जा रही एक बस के खाई में गिरने से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य लोग घायल हो गए। बस हरिद्वार के लालढांग कस्बे से बीरोंखाल के कांडा गांव जा रही थी, तभी वह मंगलवार शाम करीब सात बजे सिमरी मोड़ के पास 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। बस में फंसे 20 घायलों को निकालकर बीरोंखाल, रिखनीखाल और कोटद्वार के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
