Bhopal Janata Quarters: भोपाल के ऐशबाग इलाके में स्थित जनता क्वार्टर खाली कराने का विवाद गुरुवार को बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया। मकान खाली करने के अल्टीमेटम और बेघर होने के डर से तनाव के बीच पांच महिलाओं ने जहरीला पदार्थ खा लिया। आनन-फानन में सभी महिलाओं को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
600 परिवारों पर मंडरा रहा बेघर होने का संकट
दरअसल, मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड ने ऐशबाग के इन जर्जर जनता क्वार्टर को खाली करने का अंतिम नोटिस जारी किया है, जिसमें 13 नवंबर तक मकान खाली करने और सामान हटाने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड के मुताबिक, इन मकानों में करीब 110 मूल आवंटी हैं जबकि अन्य पर अनधिकृत कब्जे हैं। नगर निगम ने मई 2016 में ही इन भवनों को रहने के लिहाज से खतरनाक घोषित किया था। बोर्ड यहां 'पुनर्विकास नीति-2022' के तहत पुराने भवनों को तोड़कर आधुनिक बहुमंजिला आवासीय परिसर बनाने की योजना पर काम कर रहा है, जिसके तहत वैध आवंटियों को 20% अधिक क्षेत्रफल के नए फ्लैट और निर्माण अवधि के दौरान किराया देने का प्रावधान है।
पुनर्वास की मांग को लेकर अड़े रहवासी
14 नवंबर से जर्जर भवनों को गिराने की कार्रवाई प्रस्तावित है। समय-सीमा नजदीक आने के साथ ही रहवासियों की चिंता और विरोध बढ़ रहा है। कनिजा बी, सीमा खान और आमना बी जैसी महिलाओं का कहना है कि वे कई सालों से यहां रह रहे हैं। अचानक मकान खाली करने के आदेश से उनके सामने रहने और घरेलू सामान रखने की समस्या खड़ी हो गई है। लोगों की मांग है कि प्रशासन पहले उनके पुनर्वास की पुख्ता व्यवस्था करे। रहवासी घर के बदले घर देने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रशासन मकान खाली कराने का दबाव बना रहा है, लेकिन पुनर्वास को लेकर कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। इस मांग को लेकर वे पहले भी पोस्टर, ज्ञापन और प्रदर्शन कर चुके हैं।
