हेल्थ

World Blood Donor Day: रक्तदान से पहले और बाद में क्या खाएं, डायटीशियन से जानिए कैसी हो ब्लड डोनर की डाइट

World Blood Donor Day: क्या आप जानते हैं रक्तदान से पहले और बाद में एक ब्लड डोनर को कैसी डाइट लेनी चाहिए? चलिए डायटीशियन से जानते हैं शरीर को जल्दी रिकवर करने और कमजोरी से बचने के लिए क्या खाएं।

Image

रक्तदान से पहले और बाद में क्या खाएं

World Blood Donor Day: आपने अक्सर लोगों से सुना होगा कि रक्तदान को महादान कहा जाता है, ऐसा इसलिए क्योंकि आपके दिए हुए खून से किसी की जिंदगी बच सकती है। लेकिन सिर्फ ब्लड डोनेट कर देना ही काफी नहीं है, उससे पहले और बाद में अपनी सेहत का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। कई लोग रक्तदान के बाद कमजोरी, थकान या चक्कर आने की शिकायत करते हैं। इसकी एक बड़ी वजह सही खानपान और पानी की कमी हो सकती है।

यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद की चीफ डाइटीशियन सुजाता स्टीफन (Registered Dietitian) के मुताबिक, अगर रक्तदान से पहले और बाद में सही चीजें खाई-पी जाएं तो शरीर जल्दी संभल जाता है और खून की कमी भी आसानी से पूरी हो जाती है।

खाली पेट रक्तदान करने की गलती न करें

कई लोग जल्दबाजी में बिना कुछ खाए ही रक्तदान करने पहुंच जाते हैं। यह आदत परेशानी बढ़ा सकती है। सुजाता स्टीफन कहती हैं कि रक्तदान से पहले हल्का लेकिन पौष्टिक भोजन जरूर करना चाहिए। इससे शरीर को ऊर्जा मिलती है और रक्तदान के बाद कमजोरी महसूस होने की संभावना कम हो जाती है।

खून बनाने वाली चीजों को दें प्लेट में जगह

रक्तदान से पहले और बाद में ऐसे खाद्य पदार्थ खाने चाहिए जो शरीर में नया खून बनने में मदद करें। हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, राजमा, चना, अंडा, मछली और साबुत अनाज जैसे खाद्य पदार्थ अच्छे विकल्प हैं। ये शरीर को जरूरी पोषण देते हैं और खून की भरपाई में मदद करते हैं।

फलों के बिना डाइट अधूरी है - Blood Donor Diet

अगर आप खून बढ़ाने वाली चीजें खा रहे हैं, तो उनके साथ कुछ फल भी जरूर शामिल करें। संतरा, अमरूद, पपीता और टमाटर जैसे फल शरीर को भोजन से मिलने वाले पोषक तत्वों का बेहतर फायदा उठाने में मदद करते हैं। इसलिए भोजन के साथ या बाद में इनका सेवन करना फायदेमंद माना जाता है।

रक्तदान से पहले और बाद में खूब पानी पिएं

रक्तदान के समय शरीर से सिर्फ खून ही नहीं निकलता, बल्कि शरीर का कुछ तरल हिस्सा भी कम होता है। इसलिए पानी पीना बहुत जरूरी है। डॉक्टर सलाह देती हैं कि रक्तदान से पहले 2-3 गिलास अतिरिक्त पानी पी सकते हैं। वहीं रक्तदान के बाद भी पूरे दिन पानी, नारियल पानी या अन्य तरल पदार्थ लेते रहना चाहिए।

रक्तदान के बाद इन बातों का रखें ध्यान

रक्तदान करने के बाद उसी दिन भारी व्यायाम, ज्यादा वजन उठाने या तेज धूप में लंबे समय तक रहने से बचना चाहिए। शराब पीने से भी परहेज करना बेहतर रहता है। शरीर को थोड़ा आराम दें और पौष्टिक भोजन लेते रहें। इससे शरीर जल्दी रिकवर होता है और आप सामान्य महसूस करने लगते हैं।

छोटी-सी सावधानी बड़ी मदद

रक्तदान एक नेक काम है, लेकिन इसके साथ अपनी सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है। सही खाना, पर्याप्त पानी और थोड़ा आराम आपके शरीर को जल्दी संभलने में मदद कर सकता है। इसलिए अगली बार जब भी रक्तदान करें, तो अपनी डाइट को नजरअंदाज न करें। इससे आपका शरीर भी स्वस्थ रहेगा और आप भविष्य में भी सुरक्षित तरीके से रक्तदान कर पाएंगे।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article