हेल्थ

तेज गर्मी में कैसे रखें खुद को सुरक्षित? बच्चों, बुजुर्गों और ऑफिस जाने वालों के लिए जरूरी गाइड - डॉक्टर से जानिए

Summer Heat Safety Guide For Children Elderly Office Workers: तेज गर्मी और हीटवेव में बच्चों, बुजुर्गों और ऑफिस जाने वालों के लिए घर से बाहर निकलना काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है, यहां जानिए गर्मी में कैसे रहें सुरक्षित।

Image

गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और ऑफिस जाने वालों के लिए जरूरी सेफ्टी गाइड

Summer Heat Safety Guide For Children Elderly Office Workers: इस साल गर्मी ने अप्रैल से ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दोपहर की तेज धूप और बढ़ता तापमान लोगों की सेहत पर असर डाल रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी उन लोगों को हो रही है जो या तो उम्रदराज हैं, छोटे बच्चे हैं या फिर रोज ऑफिस और फील्ड में काम के लिए बाहर निकलते हैं। तेज गर्मी में शरीर जल्दी थक जाता है और पानी की कमी होने लगती है। कई बार यही परेशानी हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर स्थिति तक पहुंचा सकती है।

आर्टेमिस अस्पताल की यूनिट हेड और सीनियर कंसल्टें व इंटरनल मेडिसिन एक्सपर्ट डॉ. सीमा धीर कहती हैं कि गर्मियों में छोटी-छोटी सावधानियां भी बड़ी दिक्कतों से बचा सकती हैं। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और रोज धूप में आने-जाने वाले लोगों को अपनी सेहत का ज्यादा ध्यान रखने की जरूरत होती है। सही खानपान, पर्याप्त पानी और धूप से बचाव आपको इस मौसम में सुरक्षित रखने में मदद कर सकते हैं।

Summer heat safety tips hindi

बुजुर्गों को गर्मी में क्यों ज्यादा सावधान रहने की जरूरत

डॉ. सीमा धीर के मुताबिक, बढ़ती उम्र के साथ शरीर की गर्मी सहने की ताकत कम होने लगती है। यही वजह है कि बुजुर्ग लोगों को जल्दी थकान, कमजोरी या चक्कर आने जैसी परेशानी हो सकती है। इसलिए कोशिश करें कि सुबह 11 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें।

अगर बाहर जाना जरूरी हो तो हल्के रंग के ढीले और आरामदायक कपड़े पहनें। इससे शरीर को कम गर्मी महसूस होती है। साथ ही दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहना भी जरूरी है। नारियल पानी और छाछ जैसी चीजें शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करती हैं।

ज्यादा चाय और लापरवाही बढ़ा सकती है परेशानी

अक्सर बुजुर्ग लोगों को बार-बार चाय पीने की आदत होती है, लेकिन गर्मियों में ज्यादा चाय शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकती है। इसके अलावा जिन लोगों को ब्लड प्रेशर की दिक्कत है, उन्हें गर्मी में और ज्यादा सावधान रहना चाहिए। डिहाइड्रेशन की वजह से बीपी ऊपर-नीचे हो सकता है। इसलिए समय-समय पर बीपी चेक करते रहें और डॉक्टर की दी हुई दवाइयां लेना न भूलें। अगर अचानक ज्यादा कमजोरी लगे, चक्कर आए या बेचैनी महसूस हो तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।

बच्चों को धूप और डिहाइड्रेशन से बचाना जरूरी

छोटे बच्चों का शरीर जल्दी गर्म हो जाता है और वे खुद अपनी परेशानी ठीक से बता भी नहीं पाते। ऐसे में माता-पिता को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत होती है। कोशिश करें कि बच्चे तेज धूप में ज्यादा देर तक बाहर न खेलें। बाहर ले जाते समय टोपी या छतरी जरूर इस्तेमाल करें।

बच्चों को थोड़ी-थोड़ी देर में पानी, नींबू पानी या दूसरे तरल पदार्थ देते रहें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। खाने में लौकी, तोरी और हरी सब्जियां शामिल करना भी फायदेमंद माना जाता है क्योंकि ये शरीर को ठंडक देने में मदद करती हैं। अगर बच्चा अचानक सुस्त दिखे, उल्टी करे या बुखार जैसा महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।

ऑफिस और फील्ड में काम करने वाले लोग क्या करें

जो लोग रोज ऑफिस जाते हैं या फील्ड में काम करते हैं, उन्हें गर्मी में सबसे ज्यादा परेशानी होती है। लंबे समय तक धूप में रहने से शरीर जल्दी थक जाता है और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए हर 20 से 30 मिनट में पानी पीना जरूरी है। कोशिश करें कि ज्यादा देर तक सीधे धूप में खड़े न रहें। जहां संभव हो, छायादार जगह पर रुकें। बाहर निकलते समय सनस्क्रीन,सनग्लासेस और कैप का इस्तेमाल करना भी फायदेमंद रहता है।

लंच हल्का और पौष्टिक रखें। ज्यादा तेल-मसाले वाला खाना गर्मी में शरीर को और भारी बना सकता है। जो लोग लंबे समय तक एसी में बैठकर काम करते हैं, उन्हें अचानक तेज धूप में निकलने से बचना चाहिए।

हीट स्ट्रोक के संकेतों को समझना बहुत जरूरी

डॉ. सीमा धीर बताती हैं कि अगर धूप में रहने के दौरान सिर दर्द, चक्कर, कमजोरी, बेचैनी या शरीर ज्यादा गर्म महसूस होने लगे तो यह हीट स्ट्रोक के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत ठंडी जगह पर जाएं, पानी पिएं और शरीर को ठंडा करने की कोशिश करें। अगर हालत ज्यादा खराब लगे तो बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करें।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article