शहर

MP : दिनभर हंगामा, रात में एक्शन, खंडवा में JCB से हटाई गई 300 साल पुरानी दरगाह

मध्य प्रदेश के खंडवा में सड़क किनारे बनी करीब 300 साल पुरानी दरगाह को प्रशासन ने मंगलवार देर रात जेसीबी से हटा दिया। सड़क चौड़ीकरण में बाधा का हवाला देकर की गई इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।

Image

खंडवा में JCB से हटाई गई 300 साल पुरानी दरगाह

खंडवा : खंडवा शहर में सड़क किनारे बनी करीब 300 साल पुरानी दरगाह को जिला प्रशासन ने हटा दिया। मानसिंग आईमिल के पास स्थित दरगाह को हटाने की कार्रवाई मंगलवार देर रात भारी पुलिस सुरक्षा के बीच की गई। इस दौरान एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट और सिटी एसपी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

दरगाह हटाने को लेकर मंगलवार को दिनभर हंगामे की स्थिति बनी रही। शाम को जब जिला प्रशासन की टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची, तो खंडवा शहर काजी और विभिन्न मुस्लिम संगठनों के लोगों ने इसका विरोध किया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट के साथ उनकी तीखी बहस भी हुई। घटनाक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हटाई गई दरगाह

विरोध और हंगामे को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और एहतियातन आसपास के रास्तों को बंद कर दिया गया। इसके बाद जेसीबी की मदद से दरगाह को हटाने की कार्रवाई पूरी की गई।

सड़क चौड़ीकरण में बाधा का दिया हवाला

सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग सिंह बहादुर ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के काम में जो बाधाएं आ रही थीं, उन्हें हटाने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने अपना काम पूरा कर लिया है। फिलहाल कार्रवाई के दौरान किसी के घायल होने या अन्य अप्रिय घटना की जानकारी सामने नहीं आई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article