उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा और समाजवादी पार्टी के नेता एक दूसरे पर जमकर सियासी तीर छोड़ रहे हैं। इसी क्रम में अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। सूबे के पूर्व सीएम ने कहा कि उन्हें अपना बुलडोजर चुनाव आयोग की तरफ मोड़ देना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी के उस दावे पर भी सवाल उठाए, जिसमें कहा गया था कि प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं। अखिलेश ने आरोप लगाया कि असली मुद्दा पिछड़े,दलित और अल्पसंख्यक समुदायों के वोट काटे जाने का है।
लखनऊ में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान सपा प्रमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री ने 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम हटने का दावा किया था, लेकिन बाद में इसे दोहराया नहीं। अखिलेश ने सवाल किया कि आखिर मुख्यमंत्री को यह आंकड़ा कहां से मिला? उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि क्या उनके पास कोई दैवीय शक्ति या आसमानी जानकारी का स्रोत है, जिससे उन्हें पता चला कि हटाए गए वोटर हिंदू थे।
'मुख्यमंत्री अपना बुलडोजर चुनाव आयोग की तरफ मोड़ें'
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री को 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम कटने का जिक्र नहीं करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री आयोग की बातों से सहमत नहीं हैं तो उन्हें इस मुद्दे को चुनाव आयोग के सामने उठाना चाहिए। सपा अध्यक्ष ने कहा कि आप उत्तर प्रदेश के सबसे ताकतवर आदमी हैं और आपको बुलडोजर का खास शौक है। हम कहेंगे कि मुख्यमंत्री को अपने बुलडोजर का रुख चुनाव आयोग की तरफ मोड़ देना चाहिए।PDA वोटरों के नाम कटने का लगाया आरोप
अखिलेश ने दावा किया कि SIR के दौरान पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA वर्ग के मतदाताओं को निशाना बनाने की साजिश हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछड़े वर्गों, दलितों, आदिवासियों और मुस्लिम समुदाय के वोट काटे जाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा दूसरे राज्यों से लोगों को उत्तर प्रदेश लाकर वोटर लिस्ट में उनके नाम जुड़वाने की तैयारी कर रही है। अखिलेश के मुताबिक, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से लोगों को प्रदेश में लाया जा सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने में कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन इस प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए।
चुनाव आयोग ने दावे को बताया निराधार
इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने स्पष्ट किया था कि चुनाव आयोग के डेटाबेस में मतदाताओं के धर्म और जाति से जुड़ी जानकारी नहीं होती। उन्होंने कहा कि किसी धर्म, जाति या समुदाय को निशाना बनाने की कोई साजिश नहीं की गई है।
अखिलेश यादव ने वोटर लिस्ट में संभावित गड़बड़ियों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने आशंका जताई कि राजनीतिक दलों को दी गई अंतिम मतदाता सूची और मतदान केंद्रों पर पीठासीन अधिकारियों के पास मौजूद सूची में अंतर हो सकता है। बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी उन्होंने मुख्यमंत्री के 1.27 करोड़ वोटरों वाले आंकड़े पर सवाल उठाए और पूछा कि क्या यह आंकड़ा राज्य सरकार के सूचना विभाग ने तैयार किया था।
