स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने आईपीएल से संन्यास का ऐलान कर दिया। सीएसके की ओर से आईपीएल 2027 के लिए रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की लिस्ट जारी किए जाने से पहले यह खबर आई। धोनी ने फ्रेंचाइजी को साइलेंट तरीके से अपने फैसले की जानकारी दे दी थी। इसके बाद जब रिटेंशन लिस्ट जारी हुई तो धोनी को टीम से रिलीज कर दिया गया। हालांकि, उन्हें फ्रेंचाइजी ने बड़ी और नई जिम्मेदारी दी है। वह आगामी सीजन के लिए टीम के मेंटर बनाए गए हैं।
अब आईपीएल से संन्यास के बाद धोनी ने 253 दिन बाद बाद सोशल मीडिया पर फैंस के लिए एक भावुक पोस्ट शेयर की। संन्यास के बाद आई पहली सोशल मीडिया पोस्ट ने फैंस को एक बार फिर भावुक कर दिया है। धोनी ने अपनी इस पोस्ट में मशहूर गायक मुकेश के सदाबहार गाने 'पल दो पल का शायर हूं' के दूसरे वर्जन का इस्तेमाल किया है। इसके साथ उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अपने खेल के दिनों की तस्वीरों का एक खास कोलाज भी साझा किया। उनकी इस पोस्ट में पुराने दिनों की यादों के साथ एक खास संदेश भी लिखा।
धोनी ने मान ली अपनी गलती
आईपीएल से संन्यास के बाद अपनी पहली पोस्ट में धोनी ने लिखा, 'फैंस ने मुझे गलत साबित कर दिया और इसे स्वीकार करने के लिए इससे बेहतर गाना कोई और नहीं हो सकता। शायद इसके दो वर्जन इसलिए बनाए गए थे, ताकि मैं गलती कर सकूं और फिर उसे स्वीकार कर सकूं।'
2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कहा था अलविदा
दरअसल, धोनी की यह पोस्ट उनके पुराने अंतरराष्ट्रीय संन्यास वाले पोस्ट की याद दिलाता है। 15 अगस्त 2020 को जब धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था, तभी भी उन्होंने मुकेश कुमार के इस सदाबहार गाने 'मैं पल दो पल का शायर हूं' का इस्तेमाल किया था। हालांकि, इस बार उन्होंने इस गाने के दूसरे वर्जन को अपनी पोस्ट में इस्तेमाल किया है।
यह भी पढे़ं- CSK Retention List: 17 खिलाड़ी रिटेन, 10 हुए रिलीज
