दिल्ली : त्योहार खत्म होने के बाद अब घर से काम पर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ रेलवे स्टेशनों पर उमड़ रही है। खासतौर पर बिहार से दिल्ली, उत्तर प्रदेश और देश के दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कमर कस ली है। यात्रियों की भीड़ को संभालने और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए कई रेलवे जोन में विशेष इंतजाम किए गए हैं। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं और यात्रियों की संख्या के हिसाब से स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
रेल मंत्री खुद ले रहे हैं हालात का जायजा
यात्रियों की भीड़ और रेलवे की तैयारियों पर रेल मंत्री लगातार नजर बनाए हुए हैं। बिहार के पटना, मुजफ्फरपुर, राजेंद्र नगर, दरभंगा और दानापुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की गई है। रेलवे का जोर इस बात पर है कि यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ का सामना न करना पड़े।
तीन रेलवे जोन मिलकर संभाल रहे जिम्मेदारी
उत्तर पूर्व रेलवे, उत्तर मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे को भीड़ प्रबंधन के लिए समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म में प्रवेश को नियंत्रित करने, ट्रेनों के संचालन पर नजर रखने और जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त अनारक्षित और आरक्षित स्पेशल ट्रेनें चलाने की व्यवस्था की गई है।
स्टेशनों पर बनाए गए होल्डिंग एरिया
प्लेटफॉर्म पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई प्रमुख स्टेशनों पर अलग से होल्डिंग एरिया तैयार किए गए हैं। यहां यात्रियों के बैठने, पीने के पानी, शौचालय और उद्घोषणा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रियों को उनकी ट्रेन की जानकारी देने के लिए स्पष्ट संकेतक भी लगाए गए हैं।
उधना स्टेशन पर भी विशेष इंतजाम
पश्चिम भारत के औद्योगिक क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या को देखते हुए गुजरात के उधना स्टेशन पर भी सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के इंतजाम मजबूत किए गए हैं।
सुरक्षा के लिए अतिरिक्त जवान तैनात
स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी, रेलवे के व्यावसायिक कर्मचारियों और मेडिकल टीमों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। फुट ओवरब्रिज, प्रवेश और निकास द्वार समेत भीड़भाड़ वाले इलाकों में चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की मदद पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे का दावा है कि त्योहार के बाद लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए हर स्तर पर तैयारी की गई है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा मिल सके।
