दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने मंगलवार को घोषणा की कि दिल्ली सरकार पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का आधिकारिक आवास रहे भवन ’शीशमहल’ को आम लोगों के देखने के लिए खोलेगी।सिंह ने कहा कि आम लोगों के भ्रमण के लिए एक टिकट प्रणाली स्थापित की जाएगी। टिकट की कीमत लगभग 20 रुपये निर्धारित की जा सकती है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों और छात्रों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आम जनता के लिए यह भ्रमण सीमित अवधि के लिए होगा, क्योंकि इसे एक निजी आतिथ्य कंपनी को सौंपने की योजना है और बाद में इस संपत्ति पर आधिकारिक सरकारी बैठकें और सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
'जनता की मांग को देखते हुए हम ’शीशमहल’ को लोगों के देखने के लिए खोलेंगे'
मंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'जनता की मांग को देखते हुए हम ’शीशमहल’ को लोगों के देखने के लिए खोलेंगे। हम लोगों को भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण दिखाएंगे कि कैसे एक व्यक्ति, जिसने कहा था कि वह सरकारी वाहन तक का इस्तेमाल नहीं करेगा, उसने कई अन्य घरों को ध्वस्त करके अपने लिए यह आलीशान आवास बनवाया।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिल्ली सरकार का AAP और केजरीवाल पर गंभीर आरोप, बाजार से लाकर यमुना में डाली गईं मरी हुई मछलियां
लोग टिकट खरीदकर आवास के अंदरूनी हिस्सों को देख सकेंगे
उन्होंने कहा कि शुरुआत में मीडिया के लिए आवास देखने की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद आम लोग टिकट खरीदकर आवास के अंदरूनी हिस्सों को देख सकेंगे।फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला नंबर छह में केजरीवाल 2015 से 2024 तक दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान रहे थे। फरवरी 2025 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) और उसके राष्ट्रीय संयोजक के कथित भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए इस बंगले को ’शीशमहल’ नाम दिया था।
संपत्ति की साफ-सफाई हेतु लगभग 10 कर्मचारी तैनात हैं
पीडब्ल्यूडी के रखरखाव वाले इस बंगले में आठ शयनकक्ष, 12 शौचालय, एक जकूजी बाथ, स्पा, महंगे कालीन, पांच ओएलईडी टीवी और अन्य सुविधाएं हैं।इन सुविधाओं के रखरखाव के लिए संपत्ति की साफ-सफाई हेतु लगभग 10 कर्मचारी तैनात हैं। केजरीवाल के परिवार के इस विवादास्पद आवास से बाहर जाने के बाद, पीडब्ल्यूडी ने बंगले के आंतरिक हिस्से का व्यापक ऑडिट किया था।
विभिन्न कमरों, सुविधाओं और आंतरिक सज्जा सहित पूरे परिसर को देखने का अवसर
वर्मा ने कहा, 'प्रस्तावित भ्रमण से नागरिकों को इसके विभिन्न कमरों, सुविधाओं और आंतरिक सज्जा सहित पूरे परिसर को देखने का अवसर मिलेगा। कमरों में स्मार्ट लाइटिंग सिस्टम लगे हैं, जो रिमोट कंट्रोल के माध्यम से गुलाबी, नीले और भूरे सहित कई रंग बदल सकते हैं।'पिछले साल दिल्ली विधानसभा में पेश भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (कैग) की एक रिपोर्ट के अनुसार, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित केजरीवाल के तत्कालीन सरकारी आवास (बंगला नंबर छह) के नवीनीकरण पर 33.66 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, जो अनुमानित लागत से 342 प्रतिशत अधिक थे।
