हेल्थ

Navratri Fast: नवरात्रि व्रत रखने का है प्लान तो जान लें व्रत खोलने का सही तरीका, छोटी सी गलती से हो सकती है सेहत खराब

How To Open Navratri Fast: नवरात्रि में व्रत रखना सेहत और आस्था दोनों के लिए शुभ माना जाता है। लेकिन व्रत खोलते समय की गई छोटी-सी गलती आपकी सेहत बिगाड़ सकती है। जानिए मैक्स हॉस्पिटल, नोएडा की क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. प्रियंका अग्रवाल के अनुसार व्रत खोलने का सही तरीका। सही फास्ट ब्रेकिंग से शरीर को ऊर्जा, पाचन और सेहत मिलती है लंबे समय तक।

Image

Navratri Fast Kaise Khole

Navratri Fast Kaise Khole: नवरात्रि का व्रत सिर्फ धार्मिक आस्था से जुड़ा नहीं है बल्कि सेहत और आत्मिक शांति से भी जुड़ा होता है। व्रत रखने से शरीर को डिटॉक्स करने का मौका मिलता है और मानसिक ऊर्जा भी बढ़ती है। लेकिन अक्सर लोग व्रत खोलते समय जल्दबाजी में या स्वाद के चक्कर में गलतियां कर बैठते हैं। दिनभर भूखा रहने के बाद अगर भारी, तैलीय या मसालेदार खाना खा लिया जाए तो यह सेहत पर उल्टा असर डाल सकता है। क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. प्रियंका अग्रवाल, मैक्स हॉस्पिटल, नोएडा के अनुसार 'व्रत जितना जरूरी है, उसे सही तरीके से खोलना भी उतना ही जरूरी है।' आइए जानते हैं व्रत खोलते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

नवरात्रि का व्रत कैसे खोलें - Navratri Ka Fast Kaise Khole

व्रत खोलते समय पानी से करें शुरुआत

डॉ. प्रियंका अग्रवाल के अनुसार दिनभर उपवास के बाद शरीर को सबसे पहले हाइड्रेशन की जरूरत होती है। ऐसे में व्रत खोलते समय एक गिलास गुनगुना पानी या नारियल पानी पीना सबसे सही विकल्प है। इससे पाचन तंत्र सक्रिय होता है और शरीर को तुरंत एनर्जी मिलने लगती है।

हल्के और आसानी से पचने वाले फल खाएं

व्रत खोलने के तुरंत बाद भारी खाना खाना ठीक नहीं होता। सबसे पहले केला, खजूर या सेब जैसे हल्के और फाइबर से भरपूर फल खाने चाहिए। ये शरीर को प्राकृतिक शुगर और इंस्टेंट एनर्जी देते हैं और पाचन को भी आसान बनाते हैं।

थोड़ी देर बाद लें हल्का भोजन

पानी और फलों के बाद लगभग 30-40 मिनट बाद हल्का भोजन लेना चाहिए। इसमें आप मूंग दाल की खिचड़ी, वेजिटेबल सूप या उपमा जैसे विकल्प चुन सकते हैं। ये डाइट न सिर्फ हल्की होती है बल्कि पेट को आराम भी देती है और गैस, अपच जैसी समस्या से बचाती है।

तैलीय और मसालेदार भोजन से बचें

व्रत खोलते ही समोसा, कचौरी या मसालेदार खाना खाने से पेट में जलन, एसिडिटी और उल्टी जैसी समस्याएँ हो सकती हैं। लंबे समय तक खाली पेट रहने के बाद भारी भोजन पचाना मुश्किल हो जाता है, जिससे गैस और अपच बढ़ सकता है। इसलिए कोशिश करें कि शुरुआत में तैलीय और स्पाइसी खाने से दूरी बनाकर रखें।

चाय या कॉफी न पिएं

बहुत से लोग आदतन व्रत खोलने के तुरंत बाद चाय या कॉफी पी लेते हैं। लेकिन ऐसा करना सही नहीं है। खाली पेट कैफीन लेने से एसिडिटी और गैस की समस्या और बढ़ सकती है। अगर चाय पीनी ही हो तो हल्का खाना खाने के कम से कम एक घंटे बाद ही लें।

यह भी रखें ध्यान

एक्सपर्ट के अनुसार नवरात्रि व्रत रखना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है उसे सही तरीके से खोलना। अगर आप छोटी-सी गलती कर देते हैं तो इसका असर सेहत पर गंभीर हो सकता है। जैसा कि डॉ. प्रियंका अग्रवाल बताती हैं, व्रत खोलते समय सही डाइट से शरीर को तुरंत एनर्जी, बेहतर पाचन और लंबे समय तक स्वास्थ्य लाभ मिल सकता है। इसलिए अगली बार व्रत खोलते समय इन बातों को जरूर याद रखें।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article