UP Government Holidays 2027 : उत्तर प्रदेश के कर्मचारियों, स्कूली बच्चों और आम लोगों के लिए अगले साल की छुट्टियों का इंतजाम हो गया है। योगी सरकार ने वर्ष 2027 के लिए सरकारी छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया है। नए कैलेंडर में कुल 26 सार्वजनिक अवकाश और 27 निर्बंधित अवकाश (Restricted Leave) घोषित किए गए हैं। इस बार मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती को भी सार्वजनिक अवकाश की सूची में शामिल किया गया है। इससे पहले ये तीनों पर्व निर्बंधित अवकाश की श्रेणी में आते थे।
सरकार के नए कैलेंडर के मुताबिक, साल 2027 में होली के अवसर पर सरकारी कर्मचारियों को लगातार चार दिन की छुट्टी मिलेगी। वहीं, दीपावली पर तीन दिन का अवकाश रहेगा। इन छुट्टियों से कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा।
हालांकि, 2027 में कई सार्वजनिक अवकाश शनिवार और रविवार को पड़ रहे हैं। ऐसे में सरकारी कर्मचारियों को इन छुट्टियों का अलग से अतिरिक्त लाभ नहीं मिल पाएगा।
तीन पर्वों पर सार्वजनिक अवकाश के राजनीतिक मायने
मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती को सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने के फैसले के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। खासतौर पर वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में इन तीन प्रमुख पर्वों को सार्वजनिक अवकाश की सूची में शामिल करने को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। नए कैलेंडर के जारी होने के साथ ही सरकारी कर्मचारियों को अगले साल मिलने वाली छुट्टियों की तस्वीर साफ हो गई है।
