हेल्थ

बारिश में छत पर रखी पानी की टंकी कितना सुरक्षित है, एक छोटी सी लापरवाही और पूरा परिवार पड़ सकता है बीमार

Monsoon Rainy Season Water Safety Tips: क्या आप जानते हैं बारिश के मौसम में छत पर रखा पानी का टंकी बैक्टीरिया, गंदगी और दूषित पानी का कारण बन सकता है। इसे अनदेखा करना आपके पूरे परिवार को बीमार बना सकता है। आइए जानते हैं टंकी को सुरक्षित रखने के आसान तरीके।

Image

बारिश में छत पर रखी पानी की टंकी है बीमारियों का घऱ

Monsoon Rainy Season Water Safety Tips: बारिश का मौसम आते ही गर्मी से राहत तो मिल जाती है, लेकिन साथ ही कई ऐसी चीजें भी होती हैं जिन पर हम अक्सर ध्यान नहीं देते। उन्हीं में से एक है घर की छत पर रखा पानी की टंकी। ज्यादातर घरों में पीने, खाना बनाने, नहाने और रोजमर्रा के दूसरे कामों के लिए इसी टंकी के पानी का इस्तेमाल होता है। लेकिन आयुर्वेद की विशेषज्ञ डॉ. चंचल शर्मा कहती हैं कि अगर बारिश के दौरान पानी की टंकी (water tank) की सही देखभाल न की जाए, तो यही पानी बीमारी की वजह बन सकता है। कई बार हमें पता भी नहीं चलता कि पानी में गंदगी या कीटाणु मिल चुके हैं। ऐसे में पूरे परिवार की सेहत खतरे में पड़ सकती है। इसलिए मानसून के मौसम में पानी के टैंक की सफाई और सुरक्षा को हल्के में नहीं लेना चाहिए।

बारिश का पानी और गंदगी कैसे पहुंचती है टैंक तक

बारिश के दौरान तेज हवा के साथ धूल, मिट्टी, सूखे पत्ते और दूसरी गंदगी उड़कर टैंक तक पहुंच सकती है। अगर टैंक का ढक्कन ठीक से बंद नहीं है या उसमें कहीं दरार है, तो ये सारी चीजें अंदर चली जाती हैं। धीरे-धीरे पानी गंदा होने लगता है और उसमें ऐसे कीटाणु पनप सकते हैं जो हमारी सेहत के लिए नुकसानदायक होते हैं।

गंदा पानी बना सकता है पूरे परिवार को बीमार

पेट और लिवर रोग विशेषज्ञ डॉ. रोहित मेहतानी के मुताबिक, दूषित पानी पीने से पेट खराब होना, दस्त लगना, उल्टी आना और बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं। छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर इसका असर ज्यादा तेजी से पड़ता है। कई बार लोग बीमारी की वजह समझ नहीं पाते, जबकि असली कारण घर के टैंक का गंदा पानी होता है।

टैंक का ढक्कन मजबूत और बंद होना जरूरी

मानसून में सबसे पहले यह देख लें कि टैंक का ढक्कन सही हालत में है या नहीं। अगर ढक्कन ढीला है या टूटा हुआ है, तो उसे तुरंत बदलवाएं। खुला टैंक बारिश के पानी, कीड़ों और गंदगी को सीधे अंदर आने का मौका देता है। एक छोटी सी लापरवाही बाद में बड़ी परेशानी बन सकती है।

सफाई में लापरवाही न करें

अक्सर लोग सालों तक पानी के टैंक की सफाई नहीं करवाते। जबकि टैंक के अंदर समय के साथ गंदगी जमा होती रहती है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि हर 3 से 6 महीने में टैंक की सफाई जरूर करवानी चाहिए। बारिश शुरू होने से पहले सफाई करा लेना सबसे अच्छा माना जाता है।

पानी में बदलाव दिखे तो तुरंत सतर्क हो जाएं

अगर पानी का रंग थोड़ा भी बदला हुआ लगे, उसमें बदबू आए या स्वाद अलग महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज न करें। यह संकेत हो सकता है कि पानी साफ नहीं है। ऐसे में टैंक की जांच करवाएं और जरूरत हो तो पानी को उबालकर ही इस्तेमाल करें।

थोड़ी सी सावधानी पूरे परिवार की सुरक्षा

घर का साफ पानी अच्छी सेहत की बुनियाद है। बारिश के मौसम में सिर्फ कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर बड़ी परेशानियों से बचा जा सकता है। टैंक को ढककर रखना, समय पर सफाई कराना और पानी की गुणवत्ता पर नजर रखना ऐसे आसान कदम हैं जो आपके परिवार को सुरक्षित रखने में मदद कर सकते हैं। याद रखें, बारिश में बीमारियों से बचाव की शुरुआत घर के पानी से ही होती है।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article