हेल्थ

किचन में बनने वाली हर रोटी के हैं अपने अलग फायदे, डायटीशियन ने बताया आपके हेल्थ Goal के लिए कौन सी रोटी है बेस्ट

Best Roti According To Your Health Goal: क्या आप भी सभी रोटियों को एक जैसा समझते हैं? मगर डायटीशियन की राय में हर रोटी के अलग फायदे होते हैं। आप अपने हेल्थ गोल के अनुसार रोटी चुनते हैं, तो इससे हमेशा बेस्ट रिजल्ट मिलते हैं।

Image

डायटीशियन से जानिए आपके हेल्थ गोल के लिए कौन सी रोटी बेस्ट है

Best Roti According To Your Health Goal: भारतीय घरों में रोटी रोज की थाली का हिस्सा है। ज्यादातर लोग गेहूं की रोटी खाते हैं, लेकिन आजकल कई तरह के आटे की रोटियां (healthy indian roti) भी लोगों की पसंद बन रही हैं। कोई वजन कम करने के लिए ओट्स की रोटी खाता है, तो कोई शरीर को ताकत देने के लिए बेसन या राजगीरा की रोटी चुनता है।

रजिस्टर्ड डायटीशियन और हेल्थ इंफ्लुएंसर गरिमा गोयल के मुताबिक हर रोटी का अपना अलग फायदा होता है। इसलिए सिर्फ स्वाद देखकर नहीं, बल्कि अपनी जरूरत और हेल्थ गोल को ध्यान में रखकर रोटी चुननी चाहिए।

वेट लॉस में ओट्स की रोटी हो सकती है मददगार

अगर आप वजन घटाने की कोशिश कर रहे हैं, तो ओट्स की रोटी आपके काम आ सकती है। इसे खाने के बाद पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है। इससे बार-बार कुछ खाने की इच्छा कम होती है। यही वजह है कि वजन कंट्रोल करने वाले लोग इसे अपनी डाइट में शामिल करते हैं। यह दिल की सेहत के लिए भी अच्छी मानी जाती है।

जौ की रोटी पेट भी भरे और दिल का भी रखे ख्याल

जौ की रोटी उन लोगों के लिए अच्छी मानी जाती है जो अपने खानपान को थोड़ा हेल्दी बनाना चाहते हैं। इसे खाने के बाद जल्दी भूख नहीं लगती। साथ ही यह शरीर में बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में भी मदद कर सकती है। इसलिए कई लोग इसे रोजमर्रा की डाइट में शामिल कर रहे हैं।

मसल्स और ताकत बढ़ाने के लिए बेसन की रोटी

अगर आप जिम जाते हैं या शरीर को मजबूत बनाना चाहते हैं, तो बेसन की रोटी एक अच्छा विकल्प हो सकती है। इसमें शरीर को ताकत देने वाले पोषक तत्व अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। यही कारण है कि फिटनेस पसंद करने वाले लोग इसे काफी पसंद करते हैं।

पाचन के लिए अच्छी मानी जाती हैं मल्टीग्रेन और क्विनोआ रोटी

मल्टीग्रेन रोटी कई तरह के अनाजों को मिलाकर बनाई जाती है। इससे शरीर को अलग-अलग पोषक तत्व मिलते हैं और खाना भी आसानी से पचने में मदद मिल सकती है। वहीं क्विनोआ की रोटी हल्की मानी जाती है। जिन लोगों को अक्सर पेट भारी रहने या पाचन की परेशानी रहती है, वे इसे अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।

ब्लड शुगर कंट्रोल कर सकती है कुटकी और राजगीरा रोटी

कुटकी यानी एक तरह का मोटा अनाज, जिसकी रोटी ब्लड शुगर को संतुलित रखने में मददगार मानी जाती है। वहीं राजगीरा की रोटी शरीर को आयरन और कैल्शियम जैसे जरूरी पोषक तत्व देती है। उपवास के दौरान भी इसे खूब खाया जाता है।

मोरिंगा रोटी से मिल सकते हैं कई फायदे

मोरिंगा यानी सहजन के पत्तों से बनी रोटी आजकल काफी चर्चा में है। इसमें ऐसे पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर की रोगों से लड़ने की ताकत बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। साथ ही यह दिनभर शरीर में ऊर्जा बनाए रखने में भी सहायक मानी जाती है।

आखिर कौन सी रोटी सबसे अच्छी है

इस सवाल का एक ही जवाब नहीं है। सबसे अच्छी रोटी वही है जो आपकी जरूरत के हिसाब से सही हो। अगर वजन कम करना है तो ओट्स, ताकत बढ़ानी है तो बेसन, ब्लड शुगर का ध्यान रखना है तो कुटकी और शरीर को ज्यादा पोषण देना है तो मल्टीग्रेन या राजगीरा रोटी चुन सकते हैं। इसलिए अपनी जरूरत को समझें और उसी हिसाब से रोटी का चुनाव करें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article