पीरियड्स में एक्सरसाइज करना सही या गलत? जानें क्या है एक्सपर्ट की राय
- Authored by: गुलशन कुमार
- Updated Jan 30, 2026, 01:51 PM IST
पीरियड्स के दिनों में महिलाओं की सेहत को लेकर कई तरह की राय सामने आती हैं, इसमें से एक एक्सरसाइज को लेकर भी है। क्या महिलाओं को पीरियड्स में एक्सरसाइज करनी चाहिए या नहीं? आइए जानते हैं इसे विस्तार से...
पीरियड्स में एक्सरसाइज करें या नहीं?
Period Workout Myths: पीरियड्स एक ऐसा विषय है जिस पर आज भी समाज में कई तरह की धारणाएं और भ्रम मौजूद हैं। किसी को लगता है कि इन दिनों शरीर को बिल्कुल आराम देना चाहिए, तो कोई मानता है कि रोज की तरह नॉर्मल लाइफ भी इन दिनों बिताई जा सकती है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल उठता है कि क्या पीरियड्स के दौरान एक्सरसाइज करना सेफ है? यदि आप भी इस सवाल का जवाब चाहते हैं, तो आपको ये लेख पूरा पढ़ना चाहिए। आइए जानते हैं इस लेख के बारे में...
इस सवाल का जवाब देते हुए स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ चंचल शर्मा कहती हैं कि हर महिला के लिए एक जैसा नहीं हो सकता। क्योंकि हर महिला का शरीर, दर्द की तीव्रता और ऊर्जा स्तर पीरियड्स के दौरान अलग-अलग होता है। इसलिए आपको कुछ बातों के बारे में पहले जरूर जान लेना चाहिए।
पीरियड्स में शरीर के अंदर क्या बदलाव होते है?
पीरियड्स के दौरान महिला के शरीर में सबसे बड़ा बदलाव हार्मोनल लेवल में आता है। इस समय एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन हार्मोन का स्तर गिर जाता है, जिसका सीधा असर शरीर और मन दोनों पर पड़ता है। यही कारण है कि इस दौरान कुछ महिलाओं को पेट और कमर दर्द, थकान, चिड़चिड़ापन, मूड स्विंग्स और भारीपन महसूस हो सकता है। यही कारण है कि विशेषज्ञ इस दौरान हैवी एक्सरसाइज से बचने की सलाह देते हैं।
क्या है एक्सपर्ट की राय
इन दिनों में हैवी एक्सरसाइज से बचने की सलाह का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि कि शरीर को पूरी तरह निष्क्रिय कर दिया जाए। जबकि डॉक्टर की मानें तो हल्की और सही एक्सरसाइज पीरियड्स के दौरान दर्द और मांसपेशियों में समस्या से राहत भी दे सकती है। हल्की शारीरिक गतिविधि से शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, जिससे ऐंठन और दर्द कम हो सकता है। इसके साथ ही एक्सरसाइज से एंडॉर्फिन हार्मोन रिलीज होता है, जो आपके मूड को बेहतर बनाता है।
पीरियड्स में कौन-सी एक्सरसाइज करनी चाहिए?
1. वॉकिंग
यदि आपको उन दिनों में थकान ज्यादा महसूस हो रही है, तो केवल 10–15 मिनट की हल्की वॉक भी काफी है। इससे शरीर एक्टिव रहता है और जकड़न कम होती है।
2. योगासन
पीरियड्स के दौरान कुछ योगासन शरीर और मन दोनों को राहत देते हैं। इस दौरान आप भुजंगासन, बालासन, सुप्त बद्धकोणासन जैसे योगासन का सहारा ले सकते हैं। ये आसन पेट और कमर दर्द को कम करने में मदद करते हैं।
3. स्ट्रेचिंग
हल्की स्ट्रेचिंग से मांसपेशियों में हो रहा तनाव कम होता है और शरीर रिलैक्स महसूस करता है। हालांकि आपको इस दौरान हल्की-फुल्की स्ट्रेचिंग ही करनी चाहिए।
4. प्राणायाम और गहरी सांस
गहरी सांस लेना और अलग-अलग तरह के प्राणायाम तनाव को कम करते हैं, जो दिमाग को शांत रखते हैं और शरीर में ऑक्सीजन की सप्लाई बेहतर बनाते हैं।
नोट - पीरियड्स के दौरान एक्सरसाइज करना न पूरी तरह सही है, न पूरी तरह गलत। इसमें सबसे जरूरी है अपने शरीर की सुनना। अगर शरीर साथ दे, तो हल्की एक्सरसाइज आपको राहत दे सकती है। लेकिन जब शरीर थकान या दर्द का संकेत दे, तो आराम करना ही सबसे बेहतर विकल्प है।