Delhi Yamuna Cruise: अब दिल्लीवासी यमुना नदी में बोटिंग और क्रूज की सैर का आनंद ले सकते हैं। राजधानी में पहली बार यमुना पर इलेक्ट्रिक क्रूज सेवा शुरू की गई है। जिससे राजधानी में रिवर टूरिज्म को एक नया आयाम मिलने जा रहा है। इस क्रूज का नाम 'नमो यमुना रिवर सफारी' (Namo Yamuna River Safari) रखा गया है। इस क्रूज के जरिए दिल्लीवासी और पर्यटक नदी के बीच से राजधानी का एक अलग नजारा देख सकेंगे। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने 10 नवंबर को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में इस सेवा का उद्घाटन किया। अगर आप भी इस नई वाटर सफारी का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो यहां इसकी टिकट से लेकर रूट तक की पूरी जानकारी नीचे दी गई है:
नमो यमुना रिवर सफारी का रूट
यह क्रूज सोनिया विहार से जगतपुर के बीच चलेगी। करीब 6 किलोमीटर की राउंड ट्रिप पूरी करने में लगभग 40 मिनट लगेंगे। खास बात यह है कि इस क्रूज में एक बार में 30 यात्री सफर कर सकेंगे।
टिकट की कीमत और समय
क्रूज की सवारी के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये टिकट शुल्क तय किया गया है। वहीं, जो लोग बिना क्रूज की सवारी किए आसपास के मनोरंजन क्षेत्र में घूमना चाहते हैं, उन्हें 50 रुपये प्रवेश शुल्क देना होगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, परिसर सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। हालांकि, दिन का आखिरी क्रूज रात 8 बजे संचालित होगा।
इलेक्ट्रिक क्रूज में क्या-क्या सुविधाएं?
नमो यमुना रिवर सफारी को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें दो डेक बनाए गए हैं। निचला डेक पूरी तरह से एयर-कंडीशंड (AC) है। जहां आरामदायक कुशन वाली सीटें और नदी के नजारे देखने के लिए बड़ी खिड़कियां बनाई गई हैं। वहीं, ऊपरी डेक खुला रखा गया है और उसके ऊपर छतरी जैसी कैनोपी बनी है। इससे यात्री खुले वातावरण में यमुना की सैर का आनंद ले सकेंगे।
क्रूज में लाइफ जैकेट की भी व्यवस्था
सुरक्षा के लिहाज से क्रूज में लाइफ जैकेट और अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा इसमें बायो-टॉयलेट भी लगाए गए हैं, जिनका डिजाइन ऐसा है कि अपशिष्ट सीधे नदी में नहीं जाता। इलेक्ट्रिक क्रूज होने की वजह से इसका संचालन भी पारंपरिक ईंधन से चलने वाली नावों की तुलना में कम प्रदूषण वाला विकल्प है।
क्रूज के अलावा भी मिलेंगे मनोरंजन के कई विकल्प
यमुना क्रूज परियोजना को केवल नौका विहार तक सीमित नहीं रखा गया है। सोनिया विहार में इसके आसपास एक बड़ा मनोरंजन और पर्यटन क्षेत्र विकसित करने की योजना है। यहां आने वाले लोगों को म्यूजिकल फाउंटेन और लाइट एंड साउंड शो देखने का मौका मिलेगा। इस शो के जरिए यमुना नदी के इतिहास, धार्मिक महत्व और पौराणिक कथाओं को दिखाया जाएगा। इसमें भगवान श्रीकृष्ण और कालिया नाग मर्दन की कथा भी प्रदर्शित की जाएगी।
परिसर में फूड आउटलेट, शॉपिंग एरिया और बच्चों के लिए प्ले जोन भी बनाया जा रहा है। एडवेंचर पसंद करने वालों के लिए स्केटिंग और रॉक क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियों की भी सुविधा रहेगी। यात्रियों के लिए वेटिंग एरिया, फ्लोटिंग जेटी, शौचालय और पार्किंग की सुविधा भी रखी गई है।
यमुना क्रूज के लिए कैसे होगी टिकट बुक
नमो यमुना रिवर सफारी की सवारी के लिए टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से बुक किए जा सकते हैं। ऑनलाइन टिकट बुकिंग दिल्ली पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से की जा सकती है। इसके अलावा सोनिया विहार स्थित क्रूज परिसर में टिकट काउंटर भी बनाए गए हैं। हालांकि, यात्रा करने से पहले ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करने की सलाह दी गई है।
