आपकी प्लेट नहीं, खाने का समय तय करता है हेल्दी बॉडी, गलत हुई टाइमिंग तो बढ़ सकता है मोटापा और बीमारियां
- Authored by: Vineet
- Updated Jan 27, 2026, 03:16 PM IST
How Your Dinner Timing Impacts Health: क्या आप जानते हैं कि आपकी सेहत सिर्फ क्या खाने से नहीं, बल्कि कब खाने से भी तय होती है? हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक डिनर का गलत समय मोटापा, डायबिटीज और नींद की समस्याओं को बढ़ा सकता है। इस आर्टिकल में जानिए खाने की सही टाइमिंग क्यों जरूरी है, देर रात खाने से शरीर पर क्या असर पड़ता है और हेल्दी बॉडी के लिए डिनर कब करना चाहिए।
डिनर की टाइमिंग और सेहत का कनेक्शन
How Your Dinner Timing Impacts Health: अक्सर हम सेहत की बात आते ही यही सोचते हैं कि थाली में क्या रखा है- रोटी, सब्जी, दाल या सलाद। लेकिन डॉक्टरों की मानें तो सेहत की असली चाबी सिर्फ प्लेट में नहीं, बल्कि घड़ी में छुपी होती है। यानी आप क्या खा रहे हैं, उतना ही जरूरी है कि आप कब खा रहे हैं। खासकर रात का खाना, अगर सही समय पर न हो तो वही खाना धीरे-धीरे मोटापा, शुगर और दूसरी बीमारियों की वजह बन सकता है। यही वजह है कि डिनर की टाइमिंग को लेकर अब डॉक्टर भी लगातार चेतावनी दे रहे हैं।
देर रात खाना क्यों बन जाता है शरीर का दुश्मन
डॉक्टर बताते हैं कि देर रात खाना खाने से शरीर को उसे पचाने का पूरा वक्त नहीं मिल पाता। जब हम खाकर तुरंत सो जाते हैं, तो मेटाबॉलिज्म सुस्त पड़ जाता है। इसका नतीजा ये होता है कि खाना एनर्जी बनने के बजाय फैट में बदलने लगता है। यही आदत धीरे-धीरे वजन बढ़ने की सबसे बड़ी वजह बनती है।
डिनर की टाइमिंग और बढ़ता मोटापा
रात का खाना अगर बहुत देर से किया जाए, तो शरीर का नैचुरल बायोलॉजिकल क्लॉक गड़बड़ा जाता है। डॉक्टरों के अनुसार, इससे इंसुलिन का असर भी कमजोर हो सकता है। यही कारण है कि देर से डिनर करने वालों में मोटापा और टाइप-2 डायबिटीज का खतरा ज्यादा देखा जाता है, भले ही खाना बहुत भारी न हो।
नींद पर भी पड़ता है सीधा असर
गलत समय पर खाना सिर्फ वजन ही नहीं बढ़ाता, बल्कि नींद भी खराब करता है। देर से खाया गया खाना एसिडिटी, गैस और बेचैनी पैदा करता है। ऐसे में नींद बार-बार टूटती है और अगली सुबह थकान महसूस होती है। नींद पूरी न होना भी हार्मोनल बैलेंस बिगाड़ देता है, जो आगे चलकर वजन बढ़ने का कारण बनता है।
सही समय पर खाना क्यों है जरूरी
डॉक्टरों का कहना है कि रात का खाना सोने से कम से कम 2–3 घंटे पहले कर लेना चाहिए। इससे शरीर को खाना पचाने का पर्याप्त समय मिलता है। सही टाइमिंग से मेटाबॉलिज्म बेहतर रहता है, नींद अच्छी आती है और शरीर खुद को रिपेयर करने का काम ठीक से कर पाता है।
छोटी आदतें से दिखेगा बड़ा फर्क
अगर आप सच में हेल्दी रहना चाहते हैं, तो खाने की क्वालिटी के साथ उसकी टाइमिंग पर भी ध्यान देना शुरू करें। रोज एक ही समय पर डिनर करना, बहुत देर तक भूखे न रहना और हल्का खाना चुनना, ये छोटी-छोटी आदतें लंबे समय में बड़ी बीमारियों से बचा सकती हैं। याद रखिए, हेल्दी बॉडी सिर्फ प्लेट से नहीं, सही समय से बनती है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।