सर्दियों का मौसम आते ही भूख बढ़ जाती है और गाजर का हलवा, पराठे या तली-भुनी चीजें खाने की इच्छा होने लगती है। तापमान कम होने पर गर्मागर्म और आरामदायक खानपान से खुद को रोक पाना मुश्किल हो जाता है। हालांकि, कई लोगों को लगता है कि यह उनकी इच्छाशक्ति की कमी है, लेकिन असल में सर्दियों के मौसम और हमारी बदलती आदतों का हमारे खानपान पर गहरा असर पड़ता है।
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, छोटे दिन, दिनचर्या में बदलाव और घरों के अंदर ज्यादा समय बिताने से खानपान की आदतें प्रभावित होती हैं। सर्दियों में भारी भोजन का सेवन बढ़ जाता है, जिसमें सैचुरेटेड फैट की मात्रा अधिक होती है और यह समय के साथ बैड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ा सकता है।
सर्दियों की आदतें कैसे प्रभावित करती हैं कोलेस्ट्रॉल?
तली-भुनी और फैट वाली चीजें खाना: सर्दियों में पकौड़े, रिच ग्रेवी और घी-मक्खन से बनी चीजें अधिक खाई जाती हैं, जिससे शरीर में सैचुरेटेड फैट बढ़ता है और 'बैड' कोलेस्ट्रॉल (LDL) बढ़ सकता है।
मिठाइयों और चीनी का अधिक उपयोग: सर्दियों के दौरान आने वाले त्योहारों और मौसमी पकवानों के कारण मीठी चीजें और शुगरी ड्रिंक्स का सेवन बढ़ जाता है। अतिरिक्त चीनी वजन बढ़ाने और ट्राइग्लिसराइड के स्तर को ऊंचा करने में योगदान देती है।
फिजिकल एक्टिविटी में कमी: ठंडी सुबह और छोटे दिनों के कारण लोग वॉक या आउटडोर एक्सरसाइज छोड़ देते हैं, जिससे कम गतिविधि और गलत खानपान मिलकर दिल की सेहत पर असर डालते हैं।
फाइबर रिच फूड की कमी: लोग फाइबर से भरपूर चीजों के बजाय स्वाद में बेहतरीन कम्फर्ट फूड्स चुनते हैं, जबकि ओट्स, सेब और बीन्स में मौजूद घुलनशील फाइबर एलडीएल कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है।
मौसमी बदलाव: शोध बताते हैं कि गर्मियों की तुलना में सर्दियों में कोलेस्ट्रॉल का स्तर थोड़ा अधिक हो सकता है। खानपान के पैटर्न में बदलाव और शारीरिक गतिविधि कम होना इसके मुख्य कारणों में शामिल हैं।
विंटर्स में कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल में कैसे रखें?
एक्सपर्ट्स का सुझाव है कि सर्दियों में मनपसंद चीजें खाने का मतलब यह नहीं है कि आप अपनी सेहत से समझौता कर लें। अपनी डेली डाइट में अधिक सब्जियां, साबुत अनाज, फल, मेवे और दालें शामिल करें। तले हुए खाद्य पदार्थों और मीठी चीजों के अत्यधिक सेवन से बचें। मौसम चाहे जो भी हो, नियमित रूप से टहलना या व्यायाम करना जारी रखें। चूंकि हाई कोलेस्ट्रॉल के लक्षण आसानी से दिखाई नहीं देते, इसलिए लिपिड प्रोफाइल की नियमित जांच करवाना जरूरी है।
