How To Improve Gut Health Naturally : मानसून में पाचन से जुड़ी समस्याएं अक्सर बढ़ने लगती हैं, क्योंकि इस मौसम में हमारा पाचन काफी स्लो हो जाता है। ऐसे में जरूरी है कि आप अपने पाचन का थोड़ा अधिक ख्याल रखें। मानसून के मौसम में नमी और तापमान में बदलाव के कारण बैक्टीरिया और वायरस भी तेजी से पनपते हैं। जिसका बुरा असर डाइजेशन पर दिखता है। इस मौसम में पेट में गैस, अपच, दस्त और एसिडिटी की समस्या बढ़ने लगती है। ऐसे में जरूरी है कि खानपान और लाइफस्टाइल में कुछ जरूरी बदलाव के साथ कुछ घरेलू नुस्खे भी इस्तेमाल करें। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...
कमजोर आंतों को ठीक कैसे करें?
मानसून के सीजन में हमारी आंतें कमजोर होने लगती है, जिसे दुरुस्त रखने के लिए आप फाइबर से भरपूर चीजें जैसे- साबुत अनाज, ओट्स, दाल और फल जरूर खाएं। इसके अलावा प्रोबायोटिक्स को डाइट में शामिल करने से भी आंतें मजबूत होती हैं। आंतों की मजबूती के लिए जरूरी है कि इनके ऊपर ज्यादा जोर न आए, जिसके लिए आप एक बार ज्यादा खाने की जगह कई बार थोड़ा-थोड़ा खाएं।
पेट में गुड बैक्टीरिया कैसे बढ़ाएं?
गुड बैक्टीरिया यानी प्रोबायोटिक्स हमारे पाचन तंत्र को स्वस्थ रखते हैं। ये बैक्टीरिया आंतों में अच्छे माइक्रोफ्लोरा का संतुलन बनाए रखते हैं, जिससे पाचन, इम्यूनिटी और मेटाबॉलिज्म बेहतर होता है। गुड बैक्टीरिया की संख्या बढ़ाने के लिए आप दही, छाछ, फर्मेंटेड फूड्स जैसे- इडली, डोसा, ढोकला, कांजी आदि को डाइट में शामिल करें। इसके अलावा केला, प्याज, लहसुन, शतावरी, ओट्स और जौ जैसी चीजों का सेवन भी पेट में गुड बैक्टीरिया को बढ़ाता है।
मानसून में पाचन फिट रखने के घरेलू उपाय
- मानसून के सीजन में कच्चा खाने से परहेज करें, इसकी जगह आपको हमेशा उबला हुआ हल्का भोजन करना चाहिए।
- बाहर का खुला हुआ खाना (स्ट्रीट फूड्स) काफी ऑयली और अस्वास्थ्यकर होता है। इसलिए इन दिनों केवल घर में बना हेल्दी खाना ही खाएं।
- अदरक और जीरा आपके पाचन को बेहतर बनाता है, इसलिए अदरक की चाय और जीरे का पानी आपको रोजाना पीना चाहिए।
- पाचन को बेहतर रखने के लिए एक्सरसाइज भी जरूर करें। हल्का योगासन, वॉक और प्राणायाम आपके पाचन तंत्र को एक्टिव रखते हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
