हेल्थ

Plant Based Protein: डाइट में क्यों जरूरी है पौधों से मिलने वाला प्रोटीन, जानें क्या है सेहत का नया मंत्र

Plant Based Protein: डाइट में प्रोटीन शामिल करना चाहिए ये सलाह अक्सर आपको दी जाती होगी। लेकिन क्या आप जानते हैं कि प्रोटीन प्लांट बेस्ड होना चाहिए। जी हां आज हम आपको बताएंगे कि सेहत के लिए क्यों जरूरी है पौधों से मिलने वाला प्रोटीन? आइए जानते हैं विस्तार से...

Image

प्लांट बेस्ड प्रोटीन

Plant Based Protein: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में फिट और हेल्दी रहना हर किसी की प्राथमिकता बन गया है। ऐसे में प्रोटीन की भूमिका बेहद अहम हो जाती है। आमतौर पर लोग प्रोटीन के लिए मांस, अंडे और मछली का सहारा लेते हैं, लेकिन अब धीरे-धीरे लोग पौधों पर आधारित प्रोटीन यानी Plant-Based Protein की ओर भी रुख कर रहे हैं। यह न केवल शरीर को जरूरी पोषण देता है, बल्कि कई बीमारियों से बचाव में भी मददगार साबित होता है। दरअसल, प्रोटीन सिर्फ मांसपेशियों के निर्माण तक सीमित नहीं है। यह शरीर के ऊतकों की मरम्मत, रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ाने और हार्मोन व एंजाइम के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में यह जरूरी हो जाता है कि हम अपने आहार में सही और संतुलित प्रोटीन शामिल करें।

पौधों पर आधारित प्रोटीन क्या है? - What is Plant-Based Protein

पौधों से मिलने वाला प्रोटीन जैसे दालें, बीन्स, सोयाबीन, टोफू, क्विनोआ, नट्स और बीज ये सभी Plant-Based Protein के बेहतरीन स्रोत हैं। खास बात यह है कि ये खाद्य पदार्थ केवल प्रोटीन ही नहीं, बल्कि फाइबर, विटामिन और खनिजों से भी भरपूर होते हैं। इनका नियमित सेवन शरीर को संपूर्ण पोषण प्रदान करता है और स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है। आइए जानते हैं इसके फायदे...

दिल रहेगा मजबूत

पौधों पर आधारित प्रोटीन का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इनमें फैट बहुत कम होती है और कोलेस्ट्रॉल बिल्कुल नहीं होता। यही कारण है कि ये दिल के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं।

शोध बताते हैं कि बीन्स, नट्स और बीजों का सेवन करने से खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) कम होता है, जिससे हृदय रोगों का खतरा घटता है। अगर आप अपनी डाइट में एनिमल बेस्ड प्रोटीन की जगह इनका उपयोग करते हैं, तो यह आपके दिल की सेहत के लिए एक बेहतर विकल्प हो सकता है।

वेट लॉस में कारगर

अगर आप वजन कम करने या उसे वैलेंस रखने की कोशिश कर रहे हैं, तो प्लांट-बेस्ड प्रोटीन आपके लिए एक बेहतरीन ऑप्शन है। दालें, साबुत अनाज और बीज फाइबर से भरपूर होते हैं, जो पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखते हैं। इससे बार-बार भूख नहीं लगती और ओवर ईटिंग से बचाव होता है। साथ ही, ये कैलोरी में भी कम होते हैं, जिससे वजन को नियंत्रित रखना आसान हो जाता है।

बीमारियों से बचाव

पौधों पर आधारित फूड्स कई गंभीर और दीर्घकालिक बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। इनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी तत्व शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं। यह टाइप 2 डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और कुछ प्रकार के कैंसर के जोखिम को भी कम कर सकता है। इसलिए, इसे अपनी डाइट का हिस्सा बनाना एक समझदारी भरा कदम है।

डाइट में छोटे बदलाव और सेहत पर बड़ा असर

प्रोटीन इंटेक के लिए आपको अपनी पूरी डाइट बदलने की जरूरत नहीं है। बस कुछ छोटे-छोटे बदलाव करके भी आप बड़ा फर्क ला सकते हैं। जैसे - सलाद में चने या राजमा जोड़ें, नाश्ते में पीनट बटर शामिल करें और रोजाना एक समय दाल का सेवन करें। ये छोटे कदम धीरे-धीरे आपकी सेहत को बेहतर बना सकते हैं। इस तरह आपका डेली प्रोटीन इंटेक आसानी से कंप्लीट हो जाएगा।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article