हेल्थ

Hantavirus vs Coronavirus: क्या कोरोना से ज्यादा खतरनाक है हंतावायरस, जानें कौन तेजी से फैलता है और कैसे करें बचाव

कोरोना वायरस के बाद अभी सामने आया हंतावायरस एक बार फिर लोगों को डरा रहा है। आइए जानते हैं दोनों में कौन सा वायरस ज्यादा खतरनाक है, कौन तेजी से फैलता है और कौन कितना खतरनाक है?

Image

कोरोना या हंतावायरस कौन है ज्यादा खतरनाक?

Hantavirus vs Coronavirus: वैश्विक स्वास्थ्य परिदृश्य में समय-समय पर उभरने वाले वायरस हमें यह याद दिलाते हैं कि संक्रमण की दुनिया कितनी जटिल और अप्रत्याशित हो सकती है। हाल के दिनों में हंतावायरस (Hantavirus) को लेकर चर्चा फिर तेज हुई है, खासकर एक लक्जरी क्रूज शिप में इससे हुई मौतों की खबरों के बाद इसकी चर्चा काफी ज्यादा हो रही है। वहीं, COVID-19 की भयावह महामारी का अनुभव अभी भी लोगों के जेहन में ताजा है। ये दोनों ही RNA वायरस हैं, लेकिन इनके फैलने का तरीका, प्रभाव और खतरे की प्रकृति एक-दूसरे से काफी अलग है। यदि आप जानना चाहते हैं कि दोनो में से कौन सा वायरस ज्यादा खतरनाक है और कौन तेजी से फैलता है? तो आगे पढ़े पूरी खबर...

क्या है संक्रमण का तरीका

संक्रामक रोग विशेषज्ञों के अनुसार हंतावायरस मुख्य रूप से चूहों के जरिए फैलता है। यह तब मानव शरीर में प्रवेश करता है जब लोग संक्रमित चूहों के मल, मूत्र या लार के सूक्ष्म कणों को सांस के माध्यम से अंदर ले लेते हैं। यह संक्रमण आमतौर पर बंद, गंदे या कम वेंटिलेशन वाले स्थानों में देखने को मिलता है।

इसके विपरीत COVID-19 (कोरोना वायरस) पूरी तरह मानव-से-मानव संक्रमण पर आधारित है। यह सांस की बूंदों (ड्रॉपलेट्स) और एरोसोल के जरिए तेजी से फैलता है, जिससे यह बेहद संक्रामक बन जाता है और एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक बहुत आसानी से पहुंच जाता है।

हंतावायरस या कोरोना वायरस कौन ज्यादा खतरनाक है?

हंतावायरस की सबसे बड़ी चिंता इसकी उच्च मृत्यु दर है, जो लगभग 30–40% तक मानी जाती है। हालांकि इसका संक्रमण सीमित होता है, इसलिए यह बड़े पैमाने पर महामारी का रूप नहीं ले पाता है।

इसके विपरीत COVID-19 की मृत्यु दर अपेक्षाकृत कम (लगभग 0.5–2%) रही, लेकिन इसकी अत्यधिक संक्रामकता ने इसे वैश्विक महामारी बना दिया और दुनिया भर में करोड़ों लोगों को प्रभावित किया था।

क्या भारत में मिले हैं हंता वायरस के मामले?

भारत में हंतावायरस के मामले अत्यंत दुर्लभ हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यहां इसके बड़े पैमाने पर फैलने की संभावना भी बहुत कम है। अक्सर इसके केस अन्य संक्रमणों के साथ मिलकर ही सामने आते हैं।

जबकि COVID-19 (कोरोना वायरस) ने भारत समेत पूरी दुनिया को गंभीर रूप से प्रभावित किया, जिससे स्वास्थ्य ढांचे और जागरूकता दोनों पर बड़ा असर देखने को मिला था।

बचाव के उपाय

हंतावायरस से बचाव के लिए साफ-सफाई, चूहों के संपर्क से बचाव और संक्रमित स्थानों की सही तरीके से सफाई बेहद जरूरी है। वहीं COVID-19 (कोरोना वायरस) से बचाव लिए मास्क, हाथों की स्वच्छता, टीकाकरण और उचित वेंटिलेशन सबसे प्रभावी उपाय माने गए हैं। हालांकि फिलहाल कोरोना संक्रमण के मामले सामने नहीं आ रहे हैं। तो आप हंता वायरस से बचाव के उपायों को फॉलो कर सकते हैं।

gulshan kumar
गुलशन कुमार author

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लो... और देखें

End of Article