Diabetes Blood Test: आज के दौर में डायबिटीज एक आम लेकिन गंभीर बीमारी बन चुकी है। बदलती लाइफस्टाइल, खानपान की गलत आदतें और तनाव इसके बड़े कारण हैं। ऐसे में समय रहते ब्लड टेस्ट करवाना बेहद जरूरी हो जाता है, ताकि बीमारी को शुरुआती चरण में ही कंट्रोल किया जा सके। लेकिन अक्सर लोगों के मन में सवाल रहता है कि डायबिटीज का टेस्ट कैसे कराया जाए, कितनी देर फास्टिंग करनी चाहिए और इसकी रिपोर्ट कब मिलती है। यदि आपके मन में भी ऐसे सवाल अक्सर आते हैं, तो आइए इन सभी सवालों के जवाब आसान भाषा में समझते हैं।
डायबिटीज के लिए कौन-कौन से ब्लड टेस्ट होते हैं?
डायबिटीज की जांच के लिए मुख्य रूप से तीन तरह के ब्लड टेस्ट कराए जाते हैं। फास्टिंग ब्लड शुगर (FBS), पोस्ट प्रांडियल ब्लड शुगर (PPBS) और HbA1c टेस्ट। फास्टिंग ब्लड शुगर टेस्ट खाली पेट किया जाता है, जबकि PPBS खाने के 2 घंटे बाद होता है। वहीं HbA1c टेस्ट कराने से आपके पिछले 2-3 महीनों के औसत ब्लड शुगर लेवल सामने आता है।
फास्टिंग ब्लड टेस्ट से पहले कितनी देर भूखे रहें? (Diabetes Test Fasting Time)
फास्टिंग ब्लड शुगर टेस्ट के लिए आमतौर पर 8 से 12 घंटे का उपवास जरूरी होता है। हालांकि इस दौरान आप केवल पानी पी सकते हैं, लेकिन चाय, कॉफी, जूस या कोई भी सॉलिड फूड नहीं लेना चाहिए। फास्टिंग बल्ड शुगर की जांच का सही रिजल्ट पाने के लिए यह नियम फॉलो करना बहुत महत्वपूर्ण है, वरना रिपोर्ट प्रभावित हो सकती है।
फास्टिंग ब्लड शुगर टेस्ट कराने का सही समय क्या है?
फास्टिंग टेस्ट के लिए सुबह का समय सबसे बेहतर माना जाता है। रात में जल्दी डिनर करने के बाद सुबह सीधे लैब जाकर सैंपल देना रिजल्ट के लिए सही रहता है। वहीं PPBS टेस्ट के लिए आपको खाना खाने के ठीक 2 घंटे बाद सैंपल देना होता है।
ब्लड शुगर टेस्ट कैसे कराया जाता है?
डायबिटीज के लिए ब्लड टेस्ट एक बेहद आसान और जल्दी होने वाली प्रक्रिया है। लैब टेक्नीशियन आपकी उंगली या नस से थोड़ी मात्रा में खून लेकर सैंपल तैयार करता है। यह प्रक्रिया लगभग 5-10 मिनट में पूरी हो जाती है और इसमें ज्यादा दर्द भी नहीं होता है।
ब्लड शुगर टेस्ट की रिपोर्ट कब मिलती है?
अधिकतर पैथोलॉजी लैब में फास्टिंग और PPBS टेस्ट की रिपोर्ट उसी दिन या 4-6 घंटे के भीतर मिल जाती है। वहीं HbA1c टेस्ट की रिपोर्ट आने में 24 घंटे तक का समय लग सकता है। आजकल कई लैब्स ऑनलाइन रिपोर्ट भी उपलब्ध कराती हैं, जिससे आप घर बैठे अपना शुगर रिजल्ट देख सकते हैं।
