Hantavirus Kya Hai in Hindi: पिछले कुछ समय से हंता वायरस का नाम अचानक सुर्खियों में आ गया है, खासकर तब जब क्रूज शिप्स पर इसके कुछ मामले सामने आए। ऐसे में लोगों के मन में डर होना स्वाभाविक है, क्योंकि यह कोई आम बीमारी नहीं है जिसके बारे में हम रोज सुनते हों। अमृता अस्पताल फरीदाबाद के पल्मोनोलॉजिस्ट (pulmonologist) और सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर प्रदीप बजद बताते हैं कि असल में हंता वायरस एक ऐसा संक्रमण है जो चूहों के संपर्क से फैलता है और सही समय पर ध्यान न दिया जाए तो गंभीर भी हो सकता है। बंद जगहों जैसे क्रूज शिप्स में इसके फैलने का खतरा थोड़ा ज्यादा माना जा रहा है। इसलिए जरूरी है कि हम घबराएं नहीं, बल्कि सही जानकारी रखें। इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे कि यह वायरस क्या है, इसके लक्षण क्या हैं और इससे कैसे बचा जा सकता है।
हंता वायरस क्या होता है और कैसे फैलता है?
डॉक्टर प्रदीप बजद की मानें तो हंता वायरस एक दुर्लभ लेकिन गंभीर संक्रमण है, जो ज्यादातर चूहों और इसी तरह के छोटे जानवरों से इंसानों में फैलता है। जब कोई व्यक्ति उनके मल, पेशाब या लार के संपर्क में आता है, तो संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। कई बार यह वायरस हवा के जरिए भी शरीर में पहुंच सकता है, खासकर तब जब संक्रमित जगह पर सफाई करते समय धूल उड़ती है। डॉक्टर का कहना है कि जिन जगहों पर साफ-सफाई कम होती है, वहां इसका जोखिम ज्यादा होता है।
क्रूज शिप्स पर क्यों बढ़ गई है टेंशन?
क्रूज शिप्स पर एक साथ बहुत सारे लोग सीमित जगह में रहते हैं। ऐसे में अगर किसी को संक्रमण होता है या कहीं चूहों की मौजूदगी होती है, तो वायरस फैलने का खतरा बढ़ सकता है। जहाज के कुछ हिस्से जैसे स्टोर रूम या कम इस्तेमाल होने वाले एरिया, ऐसे होते हैं जहां सफाई उतनी नियमित नहीं हो पाती। हेल्थ एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यही वजह है कि हाल के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है।
हंता वायरस के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज न करें
हंता वायरस के शुरुआती लक्षण बहुत साधारण लग सकते हैं, जैसे:
- हल्का बुखार
- शरीर में दर्द
- सिरदर्द या कमजोरी।
यही वजह है कि कई लोग इसे सामान्य वायरल समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन कुछ ही दिनों में यह संक्रमण गंभीर हो सकता है और सांस लेने में परेशानी या फेफड़ों से जुड़ी दिक्कतें शुरू हो सकती हैं। डॉक्टर के मुताबिक, समय पर पहचान बहुत जरूरी है।
कितना खतरनाक है यह संक्रमण?
भले ही हंता वायरस के मामले बहुत ज्यादा नहीं होते, लेकिन जब यह गंभीर रूप लेता है तो स्थिति चिंताजनक हो सकती है। यह फेफड़ों और किडनी पर असर डाल सकता है। मेडिकल एक्सपर्ट्स बताते हैं कि कुछ मामलों में यह तेजी से बिगड़ सकता है, इसलिए लक्षण दिखते ही तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है।
बचाव ही सबसे बड़ा उपाय है
इस वायरस से बचने का सबसे आसान तरीका है साफ-सफाई और सावधानी। घर या आसपास चूहों को न पनपने दें, खाने की चीजों को ढककर रखें और बंद जगहों की सफाई करते समय मास्क और दस्ताने जरूर पहनें। डॉक्टरों का मानना है कि थोड़ी सी सावधानी आपको बड़े खतरे से बचा सकती है।
यह जरूरी नहीं कि हर खबर डराने वाली हो, लेकिन जागरूक रहना हमेशा बेहतर होता है। सही जानकारी और छोटे-छोटे एहतियात अपनाकर आप इस तरह के संक्रमण से खुद को सुरक्षित रख सकते हैं।
