Noida News: नोएडा के सेक्टर-27 से सेक्टर-61 के बीच बनी 4.8 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड पिछले 21 दिनों से बंद है। सेक्टर-33 के सामने बार-बार गड्ढा होने के बाद बंद किए गए फ्लाइओवर को लेकर अब राहत की उम्मीद जगी है। IIT Roorkee की टीम ने पूरे एलिवेटेड रोड की मजबूती की जांच लगभग पूरी कर ली है। शुरुआती जांच में गड्ढे वाले कंक्रीट पैनल को छोड़कर बाकी हिस्सों में कोई कमजोरी नहीं मिली है। अब अथॉरिटी को जांच रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद कमजोर पैनल की मरम्मत कराकर ट्रैफिक दोबारा शुरू करने की तैयारी है।
नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों के मुताबिक, जांच के लिए आधुनिक अल्ट्रासोनिक गाइडेड वेव्स तकनीक का इस्तेमाल किया गया। इस तकनीक के विशेषज्ञ टिम वाला को अमेरिका से बुलाया गया था। उन्होंने आईआईटी रुड़की की टीम के साथ मिलकर एलिवेटेड रोड की जांच की। खास बात यह रही कि इसके लिए सड़क की परत हटाने, कटिंग करने या कंक्रीट के नमूने निकालने की जरूरत भी नहीं पड़ी।
सिर्फ एक कंक्रीट पैनल में मिली कमजोरी
जांच में सामने आया है कि एलिवेटेड रोड के जिस हिस्से में बार-बार गड्ढा हुआ था, कमजोरी उसी कंक्रीट पैनल में है। इसके अलावा दूसरे हिस्सों में मजबूती से जुड़ी कोई बड़ी समस्या नहीं मिली है। आईआईटी रुड़की की टीम ने वर्चुअल टेस्ट के जरिए कमजोर पैनल की मरम्मत के विकल्प भी तलाशे हैं।
अथॉरिटी की कोशिश है कि मरम्मत के दौरान कम से कम तोड़फोड़ करनी पड़े। इसके लिए नीचे से शटरिंग लगाकर गड्ढे और उसके आसपास के हिस्से की मरम्मत कराई जाएगी। गुरुवार 12 नवंबर तक जांच रिपोर्ट आने की उम्मीद है। जांच पर नोएडा अथॉरिटी लगभग 15 लाख रुपये खर्च करेगा।
18 अक्टूबर को पहली बार हुआ था गड्ढा
सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली लेन में पहली बार 18 अक्टूबर को गड्ढा हुआ था। अथॉरिटी ने तुरंत इसकी मरम्मत कराई, लेकिन 20 अक्टूबर को उसी जगह दोबारा गड्ढा हो गया। इसके बाद 21 अक्टूबर से इस लेन पर यातायात बंद कर दिया गया।
जांच में पता चला कि गड्ढा सड़क की ऊपरी बिटुमिन परत में नहीं, बल्कि उसके नीचे मौजूद कंक्रीट के पैनल में हुआ है। यह पैनल करीब 11 मीटर लंबा और 2.5 मीटर चौड़ा है। एलिवेटेड रोड के निर्माण के दौरान ऐसे पैनल दूसरी जगह तैयार करके निर्माण स्थल पर लगाए गए थे।
अधिक कंपन से कमजोर हुआ पैनल?
अथॉरिटी के इंजीनियरों के मुताबिक, संबंधित पैनल के कमजोर होने की एक संभावित वजह निर्माण के दौरान जरूरत से ज्यादा कंपन होना हो सकती है। दरअसल, कंक्रीट के पैनल तैयार करते समय सीमेंट, मौरंग और अन्य सामग्री के मिश्रण को सांचे में डालकर वाइब्रेटर से दबाया जाता है। इससे कंक्रीट को मजबूती मिलती है। आशंका है कि इस प्रक्रिया में अधिक कंपन होने से पैनल कमजोर रह गया हो। हालांकि, इसकी वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
क्या है अल्ट्रासोनिक गाइडेड वेव्स तकनीक?
यह एक आधुनिक नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग टेकनीक है। इसमें विशेष अल्ट्रासोनिक तरंगों के जरिए किसी संरचना के भीतर मौजूद दरारों और कमजोरियों का पता लगाया जाता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि जांच के लिए सड़क को तोड़ना या कंक्रीट के नमूने निकालना जरूरी नहीं होता। इससे संरचना को अतिरिक्त नुकसान पहुंचने का खतरा भी कम रहता है।
अब सभी की नजर आईआईटी रुड़की की रिपोर्ट और मरम्मत के काम पर है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही एलिवेटेड रोड पर यातायात बहाल करने की दिशा में अगला कदम उठाया जाएगा।
