Navratri Fasting Can Cause These Problems: नवरात्रि का समय आते ही लोग श्रद्धा और आस्था के साथ उपवास रखते हैं। बहुत से लोग पूरे 9 दिन का फास्ट करते हैं, ताकि शरीर को डिटॉक्स और मन को शांति मिल सके। हालांकि लगातार उपवास करना आसान नहीं होता। अगर खान-पान में थोड़ी भी लापरवाही हो जाए, तो शरीर पर इसका उल्टा असर पड़ सकता है। इस दौरान गैस, पेट फूलना, डिहाइड्रेशन, कमजोरी और चक्कर जैसी कई परेशानियां आम हो जाती हैं। अच्छी खबर यह है कि हर समस्या का हल आसान है, बस सही खाने-पीने की आदत और कुछ हेल्दी टिप्स अपनाने की जरूरत होती है। आइए जानते हैं कि नवरात्रि उपवास में कौन-कौन सी दिक्कतें हो सकती हैं और उनसे बचने के क्या उपाय हैं।
गैस और पेट फूलना
उपवास में अक्सर लोग तली-भुनी या ज्यादा मसालेदार चीजें खा लेते हैं, जिससे पाचन बिगड़ता है और पेट फूलने लगता है। ऐसे में फ्राइड फूड से बचें और हल्के आटे जैसे कुट्टू, राजगिरा और साबूदाना से बने व्यंजन खाएं। पपीता और केला जैसे आसानी से पचने वाले फल जरूर लें।
डिहाइड्रेशन
कम पानी पीना या सिर्फ सूखे फल खाने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिससे थकान और सिरदर्द बढ़ते हैं। इस दौरान दिनभर पर्याप्त पानी पिएं, नारियल पानी और ताजे फलों का जूस लें। दही और छाछ भी शरीर को ठंडक और हाइड्रेशन देंगे।
कमजोरी और थकान
लगातार उपवास से शरीर की एनर्जी जल्दी खत्म हो जाती है और कमजोरी महसूस होती है। इससे बचने के लिए मूंगफली, मखाना, दूध, दही और ड्राई फ्रूट्स जैसे एनर्जी फूड्स खाएं। दिनभर हल्की-हल्की मात्रा में खाना लें ताकि ब्लड शुगर बैलेंस बना रहे।
चक्कर आना
सिर्फ फलों या तरल पदार्थों पर व्रत रखने से ब्लड शुगर बहुत कम हो सकता है, जिससे चक्कर आना आम बात है। इसलिए इस दौरान भोजन में कार्ब्स और प्रोटीन का संतुलन रखें। सिंघाड़े का आटा, आलू और दूध से बने व्यंजन शामिल करें ताकि शरीर को पर्याप्त पोषण मिले।
नींद और रूटीन की गड़बड़ी
नींद पूरी न होने या अनियमित रूटीन से शरीर और ज्यादा थक जाता है। ऐसे में कोशिश करें पर्याप्त नींद लें और हल्की वॉक या योग करें। इससे एनर्जी लेवल बना रहेगा और आप पूरे दिन एक्टिव रहेंगे।
यह भी रखें ध्यान
नवरात्रि का उपवास तभी फायदेमंद होता है जब इसे संतुलित तरीके से किया जाए। तली-भुनी चीजों से बचें, पानी ज्यादा पिएं और हेल्दी विकल्प अपनाएं। छोटी-छोटी मील्स लेते रहें ताकि पाचन सही रहे और शरीर को लगातार एनर्जी मिलती रहे। सही फास्टिंग टिप्स अपनाकर आप 9 दिन का उपवास बिना किसी परेशानी के पूरा कर सकते हैं और त्योहार की खुशी भी दोगुनी कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
