RO Water Safety In Monsoon: बारिश का मौसम आते ही हम बाहर का खाना और सड़क किनारे मिलने वाले पानी से तो बचने लगते हैं, लेकिन एक चीज पर शायद ही कभी ध्यान देते हैं और वो है घर का RO। ज्यादातर लोगों को लगता है कि RO लगा है तो पानी हमेशा साफ और सुरक्षित ही होगा। लेकिन सच यह है कि अगर बारिश के मौसम में RO की सफाई और सर्विस का ध्यान न रखा जाए, तो वही पानी पेट की परेशानी और दूसरी बीमारियों की वजह बन सकता है। बारिश में नमी ज्यादा होने के कारण बैक्टीरिया और फंगस जल्दी बढ़ते हैं। ऐसे में अगर RO के फिल्टर या टैंक की समय पर सफाई न हो, तो पानी देखने में साफ होने के बावजूद पूरी तरह सुरक्षित नहीं रहता। इसलिए सिर्फ RO होना ही काफी नहीं है, उसकी देखभाल भी उतनी ही जरूरी है।
बारिश के मौसम में RO का पानी क्यों हो सकता है खराब
डॉक्टर बताते हैं कि मॉनसून में हवा में नमी बढ़ जाती है। यही नमी RO मशीन के अंदर भी असर डालती है। अगर मशीन की लंबे समय से सफाई नहीं हुई है या फिल्टर पुराने हो चुके हैं, तो उनमें गंदगी जमा होने लगती है। धीरे-धीरे छोटे-छोटे कीटाणु भी पनप सकते हैं। ऐसे में पानी बाहर से बिल्कुल साफ दिखाई देता है, लेकिन उसके अंदर ऐसी गंदगी हो सकती है जो आंखों से नजर नहीं आती।

RO का पानी क्यों हो सकता है खराब
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बरसात में बच्चों का रेनकोट और स्कूल बैग भी बन सकते हैं बैक्टीरिया का घर, ऐसे बना सकते हैं बीमार
लोग सबसे ज्यादा यही गलती करते हैं
अमृता अस्पताल फरीदाबाद में सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर और इंटरनल मेडिसिन एक्सपर्ट डॉ. मोहित शर्मा बताते हैं कि लोग RO लगवाने के बाद कई महीनों तक उसकी तरफ ध्यान ही नहीं देते। जब तक मशीन खराब न हो जाए, तब तक सर्विस नहीं कराते। जबकि हर RO के फिल्टर बदलने का एक तय समय होता है। अगर समय निकल जाने के बाद भी वही फिल्टर चलता रहे, तो वह पानी को साफ करने के बजाय खुद गंदगी जमा करने लगता है। बारिश के मौसम में यह परेशानी और जल्दी बढ़ सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या मलेरिया सिर्फ गांवों की बीमारी है, शहरों में भी कैसे तेजी से बढ़ रहा खतरा, डॉक्टर से जानिए
कौन-कौन सी दिक्कतें हो सकती हैं
अगर लंबे समय तक ऐसा पानी पिया जाए जो पूरी तरह साफ नहीं है, तो सबसे पहले पेट खराब हो सकता है। बार-बार दस्त लगना, उल्टी आना, पेट में दर्द होना, बदहजमी या बुखार जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों पर इसका असर जल्दी पड़ता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भी कहता है कि साफ और सुरक्षित पानी पीना कई तरह की बीमारियों से बचने का सबसे आसान तरीका है।

कौन-कौन सी दिक्कतें हो सकती हैं
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बारिश में सबसे ज्यादा फूड पॉइजनिंग किन चीजों से होती है, डॉक्टर ने बताया क्यों सिर्फ बाहर का खाना नहीं जिम्मेदार
कैसे समझें कि अब RO की सर्विस का समय आ गया है
अगर पानी का स्वाद पहले जैसा नहीं लग रहा, पानी धीरे-धीरे निकल रहा है या मशीन से अजीब-सी बदबू आने लगी है, तो इसे हल्के में न लें। कई बार बाहर से मशीन बिल्कुल ठीक दिखती है, लेकिन अंदर फिल्टर और टैंक में गंदगी जमा हो चुकी होती है। इसलिए सिर्फ पानी साफ दिख रहा है, यह मान लेना ठीक नहीं है कि वह पूरी तरह सुरक्षित भी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मॉनसून में AC और बारिश का कॉम्बिनेशन क्यों बढ़ाता है सांस की दिक्कत, डॉक्टर से जानिए इसके पीछे की असली वजह

पानी सुरक्षित रखने के आसान तरीके
मॉनसून में RO का पानी सुरक्षित रखने के आसान तरीके
डॉक्टर सलाह देते हैं कि बारिश शुरू होने से पहले या मॉनसून के दौरान RO की सर्विस जरूर करवा लें। अगर फिल्टर बदलने का समय हो गया है, तो उसे बदलने में देरी न करें। मशीन के टैंक की सफाई भी समय-समय पर कराते रहें। अगर आप कुछ दिनों के लिए घर से बाहर गए थे, तो वापस आने पर पहले कुछ लीटर पानी बहा दें, उसके बाद ही इस्तेमाल करें। साथ ही मशीन के आसपास सफाई रखें और कहीं से पानी रिस रहा हो तो उसे तुरंत ठीक कराएं।
याद रखिए, RO मशीन अपने आप पानी को हमेशा सुरक्षित नहीं रख सकती। वह तभी सही तरीके से काम करेगी, जब उसकी समय पर देखभाल होगी। थोड़ी-सी सावधानी आपको और आपके पूरे परिवार को बारिश के मौसम में पेट से जुड़ी कई परेशानियों से बचा सकती है।
