हेल्थ

Monsoon Child Care: बरसात में बच्चों का रेनकोट और स्कूल बैग भी बन सकते हैं बैक्टीरिया का घर, ऐसे बना सकते हैं बीमार

Monsoon Child Care: बरसात के मौसम में बच्चों का गीला रेनकोट और स्कूल बैग बैक्टीरिया और फंगस की बढ़ोतरी का कारण बन सकते हैं। जानिए इससे होने वाली स्वास्थ्य समस्याएं और बैग-रेनकोट को साफ व सुरक्षित रखने के आसान उपाय।

Image

बरसात में बच्चों को बैग और रैनकोट भी बना सकते हैं बीमार

Monsoon Child Care: बारिश का मौसम बच्चों को खूब पसंद आता है, लेकिन यही मौसम कुछ छोटी-छोटी लापरवाहियों की वजह से उन्हें बीमार भी कर सकता है। अक्सर बच्चे भीगे हुए रेनकोट और स्कूल बैग लेकर घर आते हैं। कई बार इन्हें बिना सुखाए ही दोबारा इस्तेमाल कर लिया जाता है। यही गलती परेशानी की वजह बन सकती है। गीले रेनकोट और बैग में नमी बनी रहती है, जिससे उनमें बैक्टीरिया और फफूंदी पनपने लगते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स कहते हैं कि बरसात में बच्चों के रेनकोट और स्कूल बैग की सफाई और उन्हें अच्छी तरह सुखाना भी उतना ही जरूरी है, जितना हाथ धोना या साफ खाना खाना।

क्यों बढ़ जाता है बैक्टीरिया का खतरा

बारिश में भीगने के बाद अगर रेनकोट या स्कूल बैग को मोड़कर रख दिया जाए, तो उनमें काफी देर तक नमी बनी रहती है। यही नमी बैक्टीरिया और फफूंदी के बढ़ने के लिए सही माहौल बनाती है। अगर बैग के अंदर किताबें, कॉपियां या टिफिन भी गीले हो जाएं, तो समस्या और बढ़ सकती है।

बच्चों की सेहत पर क्या असर पड़ सकता है - children health

विशेषज्ञों के मुताबिक, गंदे या लंबे समय तक गीले रहने वाले रेनकोट और बैग की वजह से बच्चों को त्वचा पर खुजली, लाल दाने, एलर्जी या छोटे-मोटे इंफेक्शन हो सकते हैं। अगर बच्चे की रोगों से लड़ने की ताकत कम है, तो परेशानी बढ़ सकती है। कई बार गीले बैग से आने वाली सीलन की बदबू भी बच्चों को परेशान करती है।

इन आदतों से बच्चों को रखें सुरक्षित

घर लौटते ही रेनकोट को फैलाकर अच्छी तरह सुखाएं। अगर स्कूल बैग भीग गया है तो पहले उसे खाली करें और खुली हवा में सूखने दें। बैग के अंदर भी समय-समय पर साफ कपड़े से सफाई करें। टिफिन और पानी की बोतल भी रोज अच्छी तरह धोएं, क्योंकि इनमें भी गंदगी जल्दी जमा हो सकती है।

थोड़ी-सी सावधानी से मिलेगी बड़ी सुरक्षा

बरसात के मौसम में बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए सिर्फ दवा ही नहीं, बल्कि रोज की अच्छी आदतें भी जरूरी हैं। विशेषज्ञ कहते हैं कि अगर रेनकोट और स्कूल बैग को हर बार अच्छी तरह सुखाकर और साफ रखकर इस्तेमाल किया जाए, तो बैक्टीरिया से होने वाली कई परेशानियों से बचा जा सकता है। कुछ मिनट की यह सावधानी पूरे मानसून बच्चों की सेहत की अच्छी सुरक्षा कर सकती है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article