Bulandshahr Police Encounter: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में पुलिस और बाइक सवार दो संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें एक 50 हजार का इनामी बदमाश मारा गया। वहीं उसका साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस फरार आरोपी को पकड़ने में जुटी हुई है। उसकी तलाश में कई टीमों को लगाया गया है।
पुलिस टीम पर फायरिंग का आरोप
SSP दिनेश कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो बदमाशों को रुकने का इशारा किया।लेकिन आरोपी रुकने के बजाय भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान SWAT टीम के एक सब-इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल घायल हो गए।
दो पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दो अन्य पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसमें एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से भागने में सफल रहा।
50 हजार का इनामी था मृत आरोपी
पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान मोनू के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मोनू एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और हत्या के गंभीर मामले में वांछित था। उसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ कई अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज थे।
फरार आरोपी की तलाश में सर्च ऑपरेशन
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक पिस्टल, कारतूस के खोखे, जिंदा कारतूस और बदमाशों की बाइक बरामद की गई है।मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दूसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने कई टीमों को लगाया है। इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस आसपास के इलाकों में तलाशी लेकर फरार आरोपी का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
