शहर

गोरखपुर: पुरानी रंजिश में बिजली ठेकेदार की निर्मम हत्या, ब्रह्मभोज के दौरान तलवार से काट डाला

स्थानीय जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग में ठेकेदारी का काम करने वाले शिव कुमार तिवारी शनिवार देर शाम गांव में आयोजित एक ब्रह्मभोज में शामिल होने गए थे, तभी उनपर जानलेवा हमला हुआ।

Image

गोरखपुर में ठेकेदार की निर्मम हत्या

Photo : ANI

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र स्थित अहिरौली खुर्द गांव में शनिवार शाम रंजिश के चलते बिजली विभाग के ठेकेदार शिव कुमार तिवारी (55 वर्ष) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उन पर धारदार हथियारों और तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

शिव कुमार तिवारी की हत्या

स्थानीय जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग में ठेकेदारी का काम करने वाले शिव कुमार तिवारी शनिवार देर शाम गांव में आयोजित एक ब्रह्मभोज में शामिल होने गए थे। भोजन करने के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर हमलावरों ने उन पर पीछे से हमला कर दिया और उनके सिर पर सब्बल (लोहे की रॉड) से वार किया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद जब उन्हें ऑटो से अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब रास्ते में हनुमान प्रसाद पोद्दार स्कूल के पास हमलावरों ने ऑटो को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर तलवार और चाकू से कई वार किए, जिससे उनका गला और हाथ कट गया और पेट में चाकू घोंप दिया गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण ठेकेदार की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के पीछे डेढ़ साल पुरानी रंजिश

पुलिस सूत्रों और परिजनों के मुताबिक, यह हत्या लगभग डेढ़ साल पहले गांव में हुई एक पुरानी रंजिश और हत्या के विवाद से जुड़ी मानी जा रही है। वारदात की सूचना मिलते ही सिकरीगंज थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के पुत्र (आदित्य तिवारी) की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। गांव में सुरक्षा: एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या माहौल खराब होने से रोका जा सके।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article