हेल्थ

डेंगू से अस्पताल पहुंचीं 'बालिका वधू', बुखार में क्या करें कि इस तरह इलाज की नौबत ना आए

Dengue Prevention: डेंगू की वजह से 'बालिका वधू' फेम टीवी एक्ट्रेस अविका गौर को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। बुखार में क्या करें कि इस तरह इलाज की नौबत ना आए।

Image

डेंगू से अस्पताल पहुंचीं अविका गौर

Dengue Prevention: 'बालिका वधू' फेम टीवी एक्ट्रेस अविका गौर को डेंगू होने की खबर सामने आई है जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। खबरों के अनुसार अविका (Avika Gor) कई दिनों से तेज बुखार से परेशान थीं। इसके बावजूद उन्होंने काम से ब्रेक नहीं लिया और शूटिंग पूरी की। उनकी तबीयत की जानकारी उनके पति मिलिंद चांदवानी ने सोशल मीडिया के जरिए दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अविका को करीब 5 दिनों से तेज बुखार था। उनका तापमान 103 से 104 डिग्री फॉरेनहाइट तक पहुंच रहा था बावजूद इसके उन्होंने अपना काम नहीं रोका और एक प्रोजेक्ट की शूटिंग पूरी करने पहुंचीं।

शूटिंग पूरी करने के बाद जब उन्हें दो दिन का ब्रेक मिला तब घर पर रहने के बावजूद उनकी कमजोरी कम नहीं हुई। बताया गया कि उन्हें ठीक से खाना खाने में भी परेशानी हो रही थी। इसके बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच के बाद डेंगू की जानकारी सामने आई।

तेज बुखार को सिर्फ मौसम का असर समझकर नजरअंदाज न करें

अगर आपको तेज बुखार है तो इसे सामान्य वायरल या मौसम का असर मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासकर अगर बुखार कई दिनों तक बना रहे, बहुत ज्यादा हो या उसके साथ शरीर में तेज दर्द, कमजोरी, उल्टी, पेट दर्द या दूसरे लक्षण दिखाई दें तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी है।

डेंगू मच्छर से फैलने वाली बीमारी है। इसके शुरुआती लक्षण कई बार सामान्य वायरल की तरह लग सकते हैं। इसी वजह से कुछ लोग शुरुआत में इसे गंभीरता से नहीं लेते। अगर आप इसे ज्यादा टाइम तक इग्नोर करते हैं तो कुछ मामलों में ये गंभीर रूप ले सकता है।

डेंगू में शरीर में क्या होता है

डेंगू होने पर तेज बुखार के साथ सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, शरीर और जोड़ों में दर्द, कमजोरी या उल्टी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ध्यान रहे कि हर व्यक्ति में सभी लक्षण एक जैसे हों, यह जरूरी नहीं है। डेंगू की पुष्टि के लिए डॉक्टर ब्लड टेस्ट करते हैं। इसके बाद जांच की रिपोर्ट और मरीज की हालत देखकर डॉक्टर आगे का इलाज तय करते हैं। इसलिए केवल शुरुआती लक्षण देखकर खुद से डेंगू की दवा लेना आपकी तबियत को और भी ज्यादा बिगाड़ सकता है।

बुखार होने पर सबसे पहले क्या करें

तेज बुखार की स्थिति में काम, जिम या ज्यादा शारीरिक मेहनत करने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें ताकि शरीर में पानी की कमी न हो। खाने का मन न होने पर हल्का और आसानी से पचने वाला खाना लिया जा सकता है। हालांकि, डेंगू या किसी भी तेज बुखार में खान-पान और दवाइयों को लेकर डॉक्टर की सलाह सबसे महत्वपूर्ण है। बुखार कम करने के लिए दवा भी डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही लें। खासकर डेंगू का शक होने पर खुद से दर्द या बुखार की कोई भी दवा शुरू न करें।

बुखार में आराम को दें प्राथमिकता

अविका गौर की तबीयत से जुड़ी खबर के बीच सबसे जरूरी बात यह है कि तेज बुखार में शरीर को आराम दें। कई बार तेज बुखार की हालत में भी लोग खुद को काम में धकेलते रहते हैं जिसका असर रिकवरी पर पड़ता है। समय पर बीमारी की पहचान और सही इलाज से गंभीर स्थिति से बचने में मदद मिल सकती है।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article