हेल्थ

वजन कैसे कम करें खीरा खाकर, क्या खीरा खाने से पेट की चर्बी कम होती है, वजन घटाने के लिए खीरा कैसे खाएं

Cucumber For Weight Loss: क्या खीरा खाने से वजन और पेट की चर्बी कम हो सकती है? जानिए वेट लॉस के लिए खीरा खाने का सही तरीका, इसके फायदे और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

Image

खीरा खाकर वजन कैसे कम करें

Cucumber For Weight Loss: आजकल बढ़ता वजन सिर्फ लुक्स की नहीं, बल्कि सेहत की भी बड़ी चिंता बन गया है। पेट बाहर निकलना, थोड़ी देर चलने पर थकान महसूस होना या पुराने कपड़ों का टाइट हो जाना.. ऐसी परेशानियां अब बहुत आम हो चुकी हैं। ऐसे में लोग तेजी से वजन घटाने के तरीके खोजते रहते हैं। कोई जिम जॉइन करता है तो कोई सख्त डाइट शुरू कर देता है। लेकिन कई बार छोटी-छोटी हेल्दी आदतें भी बड़ा फर्क ला सकती हैं। खीरा भी उन्हीं चीजों में शामिल है। गर्मियों में आसानी से मिलने वाला खीरा शरीर को ठंडक देने के साथ वजन कंट्रोल करने में मदद कर सकता है। इसमें पानी भरपूर मात्रा में होता है और कैलोरी बहुत कम होती है। यही वजह है कि वेट लॉस (Weight loss) डाइट में इसे काफी पसंद किया जाता है। हालांकि सिर्फ खीरा खा लेने से वजन कम नहीं होता, लेकिन सही खानपान और एक्टिव लाइफस्टाइल के साथ यह अच्छे रिजल्ट देने में मदद कर सकता है।

वजन कम करने में क्यों फायदेमंद माना जाता है खीरा

खीरा एक लो-कैलोरी फूड है। इसे खाने से पेट काफी देर तक भरा हुआ महसूस होता है, जिससे बार-बार कुछ खाने की इच्छा कम हो सकती है। खास बात यह है कि इसमें पानी बहुत ज्यादा होता है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। जब शरीर सही तरह से हाइड्रेट रहता है, तो पाचन और मेटाबॉलिज्म भी बेहतर तरीके से काम करते हैं। यही वजह है कि डाइट एक्सपर्ट वजन घटाने की कोशिश कर रहे लोगों को सलाद में खीरा शामिल करने की सलाह देते हैं।

क्या खीरा खाने से पेट की चर्बी कम होती है

बहुत लोग सोचते हैं कि सिर्फ खीरा खाने से पेट की चर्बी गायब हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं है। कोई भी एक चीज अकेले फैट कम नहीं कर सकती। हां, अगर आप तली-भुनी और ज्यादा कैलोरी वाली चीजों की जगह खीरा खाना शुरू करते हैं, तो शरीर में कम कैलोरी जाएगी। धीरे-धीरे इसका असर वजन और पेट की चर्बी पर दिख सकता है। इसके अलावा खीरा खाने से पेट हल्का महसूस होता है और ब्लोटिंग की समस्या भी कुछ हद तक कम हो सकती है।

वजन घटाने के लिए खीरा खाने का सही तरीका

अगर आप वेट लॉस करना चाहते हैं तो खीरे को सिर्फ सलाद तक सीमित मत रखिए। आप इसे सुबह नाश्ते के साथ, दोपहर के खाने में या शाम की हल्की भूख में भी खा सकते हैं। कई लोग खीरा, नींबू और पुदीना डालकर डिटॉक्स वॉटर भी पीते हैं। इससे शरीर फ्रेश महसूस करता है। ध्यान रहे कि खीरे पर ज्यादा नमक, क्रीम या भारी ड्रेसिंग डालने से उसका हेल्दी फायदा कम हो सकता है।

सिर्फ खीरा खाने से नहीं घटेगा वजन

वजन कम करने के लिए बैलेंस डाइट और रोजाना थोड़ी फिजिकल एक्टिविटी भी जरूरी है। अगर दिनभर जंक फूड खाने के बाद सिर्फ एक खीरा खा लिया जाए, तो उससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। खीरा आपकी डाइट को हेल्दी बनाने में मदद करता है, लेकिन अच्छे रिजल्ट के लिए एक्सरसाइज, अच्छी नींद और सही खानपान भी उतना ही जरूरी है।

खीरा खाते समय इन बातों का रखें ध्यान

खीरा हमेशा अच्छी तरह धोकर ही खाना चाहिए। कोशिश करें कि ताजा खीरा ही खाएं। कुछ लोगों को रात में ज्यादा खीरा खाने से गैस या पेट फूलने जैसी दिक्कत हो सकती है, इसलिए इसे संतुलित मात्रा में खाना बेहतर माना जाता है। अगर आपको पहले से कोई गंभीर बीमारी या डाइजेशन से जुड़ी परेशानी है, तो डाइट में बड़े बदलाव करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना सही रहेगा।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article