World Health Day 2022: जानें भारत की संस्कृति से जुड़ी ऐसी 5 प्राचीन आदतें जो सेहत का काया पलट कर सकती हैं

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 7, 2022, 12:12 PM IST

World Health Day 2022: भारतीय संस्कृति में सेहतमंद रहने के कई तरीके बताए गए हैं। आज के लाइफस्टाइल में अगर इनको अपना लिया जाए तो सेहत संबंधी कई समस्याओं को आसानी से दूर किया जा सकता है।

World Health Day 2022: जानें भारत की संस्कृति से जुड़ी ऐसी 5 प्राचीन आदतें जो सेहत का काया पलट कर सकती हैं

World Health Day 2022, Indian Tips to Stay Healthy: आज यानी 7 अप्रैल को वर्ल्ड हेल्थ डे मनाया जा रहा है। इसका मकसद लोगों को सेहत के प्रति सचेत करना है। वैसे बदलते जमाने के साथ हमारी आदतों और खानपान में बहुत बदलाव आया है जिनके चलते कई समस्याएं हमें झेलनी पड़ती हैं। लेकिन भारतीय प्राचीन संस्कृति में बताई गईं कुछ आदतों को आप अपने रुटीन में शामिल कर लें तो सेहतमंद रहना ज्यादा मुश्किल नहीं लगेगा। यहां देखें हेल्दी रहने की भारतीय आदतें। 

Tips to Stay Healthy in Indian Tradition, हेल्दी रहने की भारतीय आदतें 

1. फर्श पर बैठ कर खाना 

आज भी कई घरों में इस परंपरा का पालन किया जाता है। दरअसल इससे खाना पचाने में मदद मिलती है। आगे झुककर खाना खाने से पैंक्रियाज को हल्की मसाज मिलती है जिससे पाचन तंत्र दुरुस्त होता है। साथ ही आपका ध्यान खाने पर रहता है और ओवरइटिंग कम होती है। 

2. हाथ से खाना खाना 

यह एक बहुत ही हेल्दी आदत है, लेकिन तभी जब आप खाने से पहले अपने हाथों को पूरी तरह से धो लें या साफ कर लें। ऐसा माना जाता है कि हाथों से खाने से व्यक्ति अपनी सभी इंद्रियों के माध्यम से भी भोजन कर सकता है। आप सूंघ सकते हैं, छू सकते हैं, चख सकते हैं, आवाज कर सकते हैं और देख सकते हैं कि आप क्या खा रहे हैं। यह खाने के अनुभव को बढ़ाता है और इसलिए आप हाथ से खाने के बाद हमेशा संतुष्ट महसूस करेंगे।

3. जूते घर के बाहर उतारें 

घर को जर्म्स से दूर करने का ये बहुत अच्छा तरीका है। कई घरों में तो बाथरूम के लिए भी एक अलग चप्पल रहती है। ऐसा करने से एक जगह के कीटाणु दूसरी जगह नहीं पहुंचते और इंफेक्शन फैलने का खतरा कम होता है। 

4. मिट्टी के बर्तन में खाना बनाना 

ग्रामीण भारत के कुछ हिस्सों में आज भी मिट्टी के बर्तनों में खाना पकाया जाता है। मिट्टी के बर्तन में खाना बनाने से भोजन   के सभी पोषक तत्व बने रहते हैं और एक समान हीटिंग होने से खाना बेहतर तरीके से भी पकता है। आधुनिक नॉन-स्टिक कुकवेयर के साथ, आप निश्चित रूप से अपने भोजन को जल्द से जल्द पका सकते हैं, लेकिन स्वाद और पोषण इससे आपको पूरा नहीं मिलेगा। 

5. बैठकर पानी पीना 

घर के बड़े आपको अक्सर बैठकर पानी पीने के लिए कहते होंगे। दरअसल, खड़े होकर पानी पीने से शरीर में तरल पदार्थों का संतुलन बुरी तरह बिगड़ जाता है। इससे जॉइंट्स की समस्या भी हो सकती है। इसलिए हेल्दी रहने का बेहतर तरीका है कि पानी हमेशा आप बैठकर ही पिएं। 

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। 

End of Article