Male Menopause: महिलाओं को ही नहीं, पुरुषों को भी होती है मेल मेनोपॉज की शिकायत, जानें इसके लक्षण

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 10, 2022, 05:52 PM IST

Male Menopause : महिलाओं की तरह पुरुषों में भी मेनोपॉज की शिकायत होती है। इसमें पुरुषों के शरीर में मेल हार्मोन का स्तर कम होने लगता है, जिसकी वजह से मेल हार्मोन में कमी, नींद न आना, आत्मविश्वास में कमी जैसी समस्या देखी जाती है।

Male Menopause: महिलाओं को ही नहीं, पुरुषों को भी होती है मेल मेनोपॉज की शिकायत, जानें इसके लक्षण
Photo Credit: People

Male Menopause  : महिलाओं में मेनोपॉज की स्थिति होना सामान्य है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जानते हैं कि पुरुषों को भी मेनोपॉज होता है। पुरुषों में मेनोपॉज की स्थिति को एंड्रोपॉज कहा जाता है, यह बढ़ती उम्र में शरीर में हार्मोनल परिवर्तन की वजह से हो सकता है। पुरुषों में मेनोपॉज की स्थिति होने पर टेस्टोस्टेरोन की कमी होने लगती है। टेस्टोस्टेरोन उत्पादन में गिरावट 50 या इससे अधिक उम्र के पुरुषों में होती है। टेस्टोस्टेरोन उत्पादन में गिरावट का इलाज कई आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक और एलोपैथिक तरीकों से किया जा सकता है। साथ ही इस दौरान पुरुषों को कई अन्य समस्याएं भी हो सकती हैं।

क्या है मेल मेनोपॉज

एंड्रोपॉज को साधारण भाषा में मेल मेनोपॉज कहा जाता है। इसमें पुरुषों के शरीर में टेस्टोस्टेरोन हार्मोन का स्तर उम्र के साथ कम होने लगता है। इसका सबसे प्रमुख लक्षण टेस्टोस्टेरोन की कमी, एण्ड्रोजन की कमी और हाइपोगोनाडिज्म इत्यादि हो सकते हैं। 50 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुषों में टेस्टोस्टेरोन उत्पादन में गिरावट आती है।

पुरुषों में मेनोपॉज के लक्षण
पुरुष मेनोपॉज की स्थिति शारीरिक, यौन और मनोवैज्ञानिक समस्याओं का कारण बन सकती है। बढ़ती उम्र के साथ यह स्थिति और अधिक खराब होने लगती हैं। पुरुषों में मेनोपॉज की शिकायत होने पर शरीर में निम्न लक्षण देखे जा सकते हैं। जैसे-

  • शारीरिक ऊर्जा कम होना
  • डिप्रेशन और उदास रहना
  • उत्साह खत्म होना
  • आत्मविश्वास में कमी
  • ध्यान केंद्रित करने में परेशानी
  • अनिद्रा या सोने में कठिनाई
  • शरीर की चर्बी में बढ़ना
  • मांसपेशियों में कमी और शारीरिक कमजोरी महसूस होना
  • गाइनेकोमास्टिया या ब्रेस्ट साइज बढ़ना
  • हड्डियां कमजोर होना
  • इनफर्टिलिटी की परेशानी होना
  • कामेच्छा में कमी इत्यादि

शरीर में दिन रहे इन बदलावों को कभी भी भूलकर भी नजरअंदाज न करें। इससे आपकी परेशानी बढ़ सकती है। इस तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

मेल मेनोपॉज का निदान

डॉक्टर टेस्टोस्टेरोन के स्तर का परीक्षण करने के लिए ब्लड टेस्ट करने की सलाह देते हैं। इसमें मेल हार्मोन का स्तर पता लगाने की कोशिश की जाती है। इसके बाद अगर शरीर में हार्मोन का स्तर कम होता है, तो डॉक्टर दवाइयों और लाइफस्टाइल में बदलाव करके हार्मोन का स्तर बढ़ाने की कोशिश करते हैं।

मेल मेनोपॉज का इलाज

जब तब आपके शरीर में मेनोपॉज के लक्षण गंभीर नहीं दिखते हैं, तब तक आपको इसके इलाज की जरूरत नहीं होती है। मेल मेनोपॉज की परेशानी को कम करने के लिए डॉक्टर आपको कुछ निम्न सलाह दे सकते  हैं। जैसे -

  • हेल्दी आहार का सेवन करें
  • नियमित रूप से एक्सरसाइज करें
  • पर्याप्त मात्रा में नींद लें
  • स्ट्रेस से दूर रहें

इन हेल्दी रुटीन को फॉलो करके आप मेल मेनोपॉज में होने वाली समस्याओं को दूर कर सकते हैं। साथ ही अपने स्वास्थ्य को भी बेहतर कर सकते हैं। खुद को स्वस्थ रखने के लिए डॉक्टर द्वारा दिए दिशा-निर्देशों को अच्छे से फॉलो करें।

(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

End of Article