Heels During Pregnancy: बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट इन दिनों अपने प्रेग्नेंसी फेज को एंजॉय कर रही हैं। इसके साथ ही वह अपने स्टाइल और ड्रेसिंग सेंस से फैशन गोल्स भी दे रही हैं और प्रेग्नेंसी लुक्स के नए ट्रेंड सेट कर रही हैं। हालांकि, बीते दिनों उन्हें पेंसिल हील्स में देखा गया, जिसे देखकर फैंस थोड़े परेशान हो गए। दरअसल, प्रेग्नेंसी में आमतौर पर हील्स पहनने को मना किया जाता है। इसके कई कारण हो सकते हैं। जैसे पैरों में दर्द होने की शिकायत या फिर गिरने का खतरा। ऐसे में एक गर्भवती महिला को हील्स पहनने से बचने की सलाह दी जाती है। आज हम आपको इस लेख में में बताने जा रहे हैं कि प्रेग्नेंसी में हील्स पहनना सुरक्षित है या नहीं और डॉक्टर्स इस पर क्या कहते हैं। आइए जानते हैं-
क्या प्रेगनेंसी के दौरान हील्स पहन सकते हैं?
हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, प्रेग्नेंसी में हील्स नहीं पहननी चाहिए। दरअसल, गर्भावस्था के दौरान बॉडी का सही बैलेंस बना रहना बहुत जरूरी होता है, जो हील्स पहनने से बिगड़ सकता है। ऐसे में हील्स पहनने के लिए मना किया जाता है। डॉक्टर्स का कहना है कि खासकर दूसरी और तीसरी तिमाही में गर्भवती महिला को हील्स नहीं पहननी चाहिए। हालांकि, शुरुआती चरण में ब्लॉक हील या कम हील वाली सैंडल पहनी जा सकती है, जिसमें बैलेंस बना रहे।
क्यों नहीं पहननी चाहिए हील्स?
हर किसी के मन में ये सवाल होता है कि आखिर गर्भावस्था के दौरान हील्स क्यों नहीं पहननी चाहिए। इस पर डॉक्टर्स का कहना है कि प्रेगनेंसी के दौरान महिलाओं के शरीर में प्रोजेस्टेरोन का लेवल बढ़ जाता है, जिसकी वजह से देर तक हील पहनने से जॉइंट में दर्द की शिकायत हो सकती है। इसके अलावा पैरों में सूजन और रीढ़ की हड्डी में भी दर्द की समस्या हो सकती है। इसलिए प्रेग्नेंसी में हील पहनने से बचने की सलाह दी जाती है।
प्रेगनेंसी के दौरान कैसी फुटवियर पहनें?
प्रेगनेंसी के दौरान हमेशा फ्लैट और आरामदायक सैंडल्स पहनने की सलाह ही दी जाती है। दरअसल, ऐसे चप्पल-जूतों से बैलेंस तो बना ही रहता है, साथ ही पैरों में दर्द की शिकायत और गिरने का खतरा नहीं रहता है। ऐसे में आप स्पोर्ट्स शूज, स्नीकर्स या फ्लैट चप्पल पहन सकते हैं। ये काफी आरामदायक होते हैं।
प्रेग्नेंसी में इन एक्ट्रेसेस ने पहनी थी हील
वैसे तो बॉलीवुड एक्ट्रेसेस अपनी हेल्थ को लेकर बहुत जागरुक होती हैं, लेकिन इनमें से कुछ एक्ट्रेसेस ऐसी भी हैं, जो प्रेग्नेंसी के दौरान हील्स पहने हुए दिखाई दी हैं। इनमें एक नाम सोनम कपूर का भी शामिल है, जो हाल ही में एक बेटे की मां बनी हैं। उनके अलावा नेहा धूपिया, करीना कपूर, देबिना बनर्जी और काजल अग्रवाल भी अपनी प्रेग्नेंसी में हील्स पहने हुए दिखाई दी थीं।
( डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)

