Who is Anita Anand : अपने कैबिनेट में बड़ा फेरबदल करते हुए कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अनीता आनंद को देश का विदेश मंत्री नियुक्त कर दिया। आनंद मेलानी जोली की जगह लेंगी। जोली अब उद्योग मंत्री के तौर अपनी सेवा देंगी। अनीता के माता पिता भारतीय मूल के हैं। कार्नी ने अनीता को विदेश मंत्री पद पर नियुक्त करते हुए कहा कि 'उनका मिशन भारत के साथ लगभग टूट चुके संबंधों को फिर से स्थापित करना होगा। इसके साथ ही राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बेहतर तालमेल बनाकर अमेरिका के साथ संबंध मजबूत करना होगा।' नवनियुक्त विदेश मंत्री अनीता आनंद पहले परिवहन और रक्षा मंत्रालय संभाल चुकी हैं।
कार्नी ने अनीता को राजी किया
बीते जनवरी में उन्होंने कहा था कि वे राजनीति को छोड़कर शिक्षा के क्षेत्र में लौटेंगी। लेकिन पिछले महीने हुए चुनाव में फिर से चुने जाने के बाद पीएम कार्नी ने उन्हें मंत्रिमंडल में वापस आने और विदेश मामलों का मंत्रालय संभालने के लिए राजी कर लिया।

anita anand
कई मंत्रालयों को संभाल चुकी हैं
शपथ लेने के बाद, आनंद ने X पर लिखा, 'कनाडा की विदेश मंत्री के रूप में नामित किए जाने पर मैं सम्मानित महसूस कर रही हूं। मैं प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और हमारी टीम के साथ मिलकर एक अधिक सुरक्षित, अधिक न्यायपूर्ण दुनिया के निर्माण और कनाडावासियों के लिए काम करने को लेकर तत्पर हूं।' अनीता वकील, शिक्षाविद् और राजनीतिज्ञ हैं। अब तक वह कनाडा की रक्षा मंत्री, परिवहन मंत्री और नवाचार, विज्ञान और उद्योग मंत्री के रूप में कार्य कर चुकी हैं। वह कनाडा की विदेश मंत्री बनने वाली पहली हिंदू महिला भी हैं।

anita
मां पंजाब से, पिता तमिलनाडु से
अनीता आनंद का जन्म नोवा स्कोशिया के केंटविल में हुआ था। उनके माता-पिता जो कि पेशे से डॉक्टर थे, वे भारत से 1960 के दशक की शुरुआत में कनाडा आए थे। उनकी मां पंजाब से हैं और पिता तमिलनाडु से। उनकी दो बहनें गीता और सोनिया हैं। लिबरल पार्टी की वेबसाइट पर दिए गए उनके प्रोफाइल के अनुसार, अनीता आनंद एक विद्वान, वकील, शोधकर्ता और चार बच्चों की मां हैं। उन्होंने क्वीन्स यूनिवर्सिटी से राजनीतिक अध्ययन में ऑनर्स बैचलर ऑफ आर्ट्स, ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से जुरिसप्रूडेंस में ऑनर्स बैचलर ऑफ आर्ट्स, डलहौजी विश्वविद्याल से बैचलर ऑफ लॉ और टोरंटो विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ लॉ की डिग्रियां प्राप्त की हैं।

anand
कोविड-19 संकट के समय अहम भूमिका निभाई
कोविड-19 महामारी के दौरान आनंद ने कनाडा की सार्वजनिक सेवा और खरीद मंत्रालय का नेतृत्व किया और देश के लिए टीकों और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों की खरीद का प्रबंधन किया। बाद में, रक्षा मंत्री के रूप में, उन्होंने यौन दुराचार से निपटने और कनाडाई सशस्त्र बलों में सांस्कृतिक परिवर्तन लाने के लिए कई पहलों का नेतृत्व किया। उन्होंने रूस के अवैध यूक्रेन पर आक्रमण के बाद यूक्रेनी सैनिकों को सैन्य सहायता प्रदान करने और उन्हें प्रशिक्षित करने के लिए कनाडा के प्रयासों का भी नेतृत्व किया।

anita
सराय बने हैं राज्य सचिव
कनाडा के पीएम ने मनिंदर सिद्धू को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री और भारतीय मूल के दो अन्य लोगों को राज्य सचिव नियुक्त किया है। यह पद राज्य मंत्री के समकक्ष माना जाता है। रूबी सहोता, जो पहले लोकतांत्रिक संस्थाओं की मंत्री थीं, उन्हें राज्य सचिव बनाया गया है और अपराध से निपटने का प्रभार दिया गया है। रणदीप सराय दस राज्य सचिवों में से एक हैं और वे अंतर्राष्ट्रीय विकास से निपटेंगे। अमेरिका के साथ टैरिफ युद्ध के दौरान शायद सबसे महत्वपूर्ण मंत्रालय डोमिनिक लेब्लांक को सौंपा गया है, जो कनाडा-अमेरिका व्यापार के लिए जिम्मेदार मंत्री होंगे।
