क्रिकेट

भारत-अफगानिस्तान टी20 सीरीज की तारीखों में हो सकता है बदलाव

भारत और अफगानिस्तान टी20 सीरीज की तारीखें में बदलाव हो सकता है। अफगानिस्तान बोर्ड इसे आगे खिसकाने के पक्ष में है। हालांकि, बीसीसीआई ने अभी इस पर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

Image

भारत और अफगानिस्तान (साभार-X)

सितंबर में अफगानिस्तान की मेजबानी में नई दिल्ली में होने वाले टी20 सीरीज की तारीखों में बदलाव हो सकता है। हालांकि, अभी तक इसको लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार इसमें बदलाव हो सकता है। इसको लेकर बीसीसीआई और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड में बातचीत चल रही है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड चाहती है कि इसे आगे खिसकाया जाए, जिससे कि कम से कम एक मुकाबला 14 सितंबर को कराया जा सके।

पहले 3 मैच की टी20 सीरीज 13, 15 और 17 सितंबर को होने थे, लेकिन अब पता चला है कि बीसीसीआई को इन्हें 11, 13 और 14 सितंबर को कराने का अनुरोध मिला है, क्योंकि 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी है। ऐसा माना जा रहा है कि एसीबी ने बीसीसीआई के सामने जो यह प्रस्ताव रखा है उसके पीछे अपने हितधारकों के अनुरोध का हवाला दिया है।

ऐसा माना जा रहा है कि संशोधित तिथियों पर मैच आयोजित करने से, स्टेडियम में आने वाले दर्शकों की संख्या पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। ये तीनों मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। यह सीरीज खास है क्योंकि, पहली बार अफगानिस्तान की मेजबानी में भारत बाइलेटरल खेलेगा, हालांकि यह भारत में ही आयोजित की जाएगी।

एसीबी के अधिकारियों और सीरीज से जुड़े हितधारकों के बीच यह धारणा है कि बीसीसीआई इस अनुरोध को मान सकता है। बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज रद्द हो जाने के बाद, श्रीलंका में टेस्ट सीरीज (27 अगस्त) के समापन और एशियाई खेलों (24 सितंबर) की शुरुआत के बाद भारतीय टीम के पास एक खाली समय होगा। क्रिकबज़ ने बीसीसीआई और एसीबी दोनों से संपर्क किया। दिल्ली और जिला क्रिकेट एसोसिएशन (डीडीसीए), जो मैचों की मेजबानी करेगा, ने कहा कि उसके पास किसी भी संशोधित योजना के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

जून में भारत ने अफगानिस्तान की मेजबानी करते हुए एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली थी। आगामी टी20 सीरीज के साथ दोनों टीमें तीनों फॉर्मेट में एक-दूसरे के खिलाफ खेल चुकी होंगी।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article