देश

'बीजेपी के गुंडों ने मचाया तांडव', राजस्थान में CJP कार्यकर्ताओं से मारपीट पर भड़के केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राजस्थान के एक गांव में 'स्कूल ठीक करो' अभियान के तहत सरकारी स्कूल का निरीक्षण करने गए कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हुए हमले को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है।

Image

राजस्थान में CJP कार्यकर्ताओं पर हमले पर भड़के अरविंद केजरीवाल (फाइल फोटो)

Photo : ANI

देश में सरकारी स्कूलों की बदहाली और शिक्षा सुधार के मुद्दे पर सियासत गर्मा गई है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राजस्थान के एक गांव में कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हुए हमले को लेकर बीजेपी पर जोरदार हमला बोला है। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि बीजेपी के गुंडों ने स्कूल की स्थिति देखने पहुंचे सीजेपी वॉलिंटियर्स के साथ बर्बरता से मारपीट की है।

यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब सीजेपी के सह-संयोजक आशुतोष रांका की अगुवाई में एक टीम राजस्थान के रामपुरा-कंवरपुरा गांव में चल रहे एक सरकारी स्कूल का जायजा लेने पहुंची थी। सीजेपी इन दिनों देशभर में 'स्कूल ठीक करो' अभियान चला रही है। आरोप है कि जब टीम मौके पर पहुंची तो वहां कथित तौर पर बीजेपी कार्यकर्ताओं की शह पर ग्रामीणों और असामाजिक तत्वों ने बैरिकेड्स लगाकर रास्ता रोक लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई और देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया।

आशुतोष रांका ने वीडियो में क्या बताया?

वायरल वीडियो और सीजेपी के बयानों के मुताबिक, उग्र भीड़ ने कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की की, उनके कपड़े फाड़े और गाड़ियों में तोड़फोड़ कर शीशे फोड़ दिए। सीजेपी नेता आशुतोष रांका के सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखा, "देश में यह क्या चल रहा है? बीजेपी के गुंडों ने सीजेपी के कार्यकर्ताओं पर बेरहमी से हमला किया है। उन्हें पीटा गया, कपड़े फाड़े गए और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए।"

अगर बच्चे पढ़-लिख जाएंगे तो बीजेपी को क्या परेशानी है-केजरीवाल

केजरीवाल ने तीखा सवाल पूछते हुए आगे कहा, "क्या यह सब सिर्फ इसलिए किया जा रहा है ताकि वे बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए आवाज न उठा सकें? अगर बच्चे पढ़-लिख जाएंगे तो बीजेपी को क्या परेशानी है? वे देश के बच्चों को अनपढ़ क्यों रखना चाहते हैं?" वहीं, आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि यह हमला राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के इशारे पर हुआ है और पुलिस मूकदर्शक बनी रही। दूसरी ओर, स्थानीय लोगों का दावा है कि वे स्कूल का मुद्दा सुलझाने में खुद सक्षम हैं और इस मामले में राजनीति नहीं चाहते। फिलहाल इस घटना के बाद से क्षेत्र में राजनीतिक पारा काफी चढ़ गया है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article