एक्सप्लेनर्स

आतंकवाद से लड़ाई पर PM मोदी ने खींच दी है 'नई लकीर', 'नई नीति' का उद्घोष करती हैं प्रधानमंत्री की ये 3 बातें

सोमवार रात देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साफ तौर पर कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई अब नए तौर-तरीके और अपनी शर्तों पर होगी। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' खत्म नहीं हुआ है बल्कि इसे थोड़े समय कि लिए स्थगित किया गया है।

Image

पीएम मोदी ने पाकिस्तान को दी है सख्त चेतावनी।

India New Doctrine against Terrorism : आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति जीरो टॉलरेंस की रही है। बीते एक दशक में देश में हुए आतंकवादी हमलों का भारत ने कड़ाई से जवाब भी दिया है। 2016 में उरी में सेना के कैंप पर और 2019 में पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकवादी हमले का जवाब भारत ने बेहद सख्ती से दिया लेकिन बीते 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के गुनहगारों को सजा देने के लिए चलाए गए अपने 'ऑपरेशन सिंदूर' के जरिए भारत ने आतंकवाद के खिलाफ एक 'नई लकीर' खींच दी है। सोमवार रात राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने आतंकवाद और पाकिस्तान के लिए जो बातें कहीं और जो चेतावनी दी, वह आतंकवाद के खिलाफ भारत के 'नए डॉक्ट्रिन' का उद्घोष करता है। पीएम की ये बातें स्पष्ट तौर पर इशारा करती हैं कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई अब नए तौर-तरीके और ज्यादा प्रभावी तरीके से होगी।

परमाणु हथियार की धमकी बर्दाश्त नहीं करेंगे-पीएम

प्रधानमंत्री ने कहा है कि आतंकवाद से लड़ाई अब तीन बिंदुओं को प्रमुखता से ध्यान में रखते हुए लड़ी जाएगी। पहला यह कि आतंकवादी हमला होने पर उसका जवाब भारत अपनी शर्तों और अपने तरीके से देगा। आतंक और आतंकियों को जवाब कैसे देना है, इसके बारे में कोई देश हमें नहीं बता सकता। दूसरा, आतंकियों को पालने-पोसने और उन्हें संरक्षण देने वाले देशों की परमाणु हथियार की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जाहिर है कि उनका इशारा पाकिस्तान की तरफ है। और सबसे बड़ी बात भारत अब आतंकवादियों, उनके आकाओं और इन्हें संरक्षण एवं बढ़ावा देने वाली सरकार के बीच कोई अंतर नहीं करेगी। यानी कि ऐसे देश (पाकिस्तान) यदि आतंकियों को प्रश्रय एवं संरक्षण देंगे तो वे भी उतने ही गुनहगार माने जाएंगे जितने कि आतंकी। आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति में यह एक बहुत बड़ा बदलाव है। अब तक आतंकवादियों और उन्हें संरक्षण देने वालों के लिए भारत की नीति अलग थी लेकिन अब दोनों को बराबर सजा मिलेगी, कोई अंतर नहीं किया जाएगा।

ऑपरेशन सिंदूर' ने नई लकीर खींच दी है

पीएम ने यह भी साफ कर दिया कि भारत का रणनीतिक एवं सैन्य कार्रवाई अभी थमी नहीं है, उसने अभी इसे थोड़े समय के लिए केवल 'स्थगित' किया है। सरकार आने वाले दिनों में पाकिस्तान के चाल-ढाल का आकलन करेगी और आगे क्या करना है, इस बारे में फैसला लेगी। उन्होंने कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' ने आतंक के खिलाफ लड़ाई में एक नई लकीर खींच दी है, एक नया पैमाना, ‘न्यू नॉर्मल’ तय कर दिया है। आतंकवाद के प्रति देश के रुख को दोहराते हुए कहा, ‘भारत का मत एकदम स्पष्ट है, टैरर और टॉक (आतंकवाद एवं बातचीत), एक साथ नहीं हो सकते, टैरर और ट्रेड (आतंकवाद एवं व्यापार), एक साथ नहीं चल सकते। और पानी और खून भी एक साथ नहीं बह सकता।’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मैं आज विश्व समुदाय को भी कहूंगा, हमारी घोषित नीति रही है। अगर पाकिस्तान से बात होगी, तो आतंकवाद पर ही होगी, अगर पाकिस्तान से बात होगी, तो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) पर ही होगी।’

army

army

'शांति का मार्ग भी शक्ति से होकर जाता है'

प्रधानमंत्री ने बुद्ध पूर्णिमा का जिक्र किया और कहा, ‘भगवान बुद्ध ने हमें शांति का रास्ता दिखाया है। शांति का मार्ग भी शक्ति से होकर जाता है। मानवता, शांति और समृद्धि की तरफ बढ़े, हर भारतीय शांति से जी सके, विकसित भारत के सपने को पूरा कर सके, इसके लिए भारत का शक्तिशाली होना बहुत जरूरी है और आवश्यकता पड़ने पर इस शक्ति का इस्तेमाल भी जरूरी है। और पिछले कुछ दिनों में, भारत ने यही किया है।’ उन्होंने कहा, ‘हर प्रकार के आतंकवाद के खिलाफ हम सभी का एकजुट रहना, हमारी एकता, हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। निश्चित तौर पर ये युग युद्ध का नहीं है, लेकिन ये युग आतंकवाद का भी नहीं है। आतंकवाद के खिलाफ बिलकुल बर्दाश्त नहीं (करने की नीति), ये एक बेहतर दुनिया की गारंटी है।’

'आतंकवाद एक दिन पाकिस्तान को ही खा जाएगा'

उन्होंने पाकिस्तान को एक नेक सलाह देते हुए कहा, ‘पाकिस्तानी फौज, पाकिस्तान की सरकार, जिस तरह आतंकवाद को खाद-पानी दे रहे है, वो आतंकवाद एक दिन पाकिस्तान को ही खा जाएगा। पाकिस्तान को अगर बचना है तो उसे अपने आतंकवादी ढांचे का सफाया करना ही होगा। इसके अलावा शांति का कोई रास्ता नहीं है।’ उन्होंने आतंकवाद के प्रति देश के रुख को दोहराते हुए कहा, ‘भारत का मत एकदम स्पष्ट है, टैरर और टॉक (आतंकवाद एवं बातचीत), एक साथ नहीं हो सकते, टैरर और ट्रेड (आतंकवाद एवं व्यापार), एक साथ नहीं चल सकते। और पानी और खून भी एक साथ नहीं बह सकता।’ मोदी ने कहा, ‘मैं आज विश्व समुदाय को भी कहूंगा, हमारी घोषित नीति रही है। अगर पाकिस्तान से बात होगी, तो आतंकवाद पर ही होगी, अगर पाकिस्तान से बात होगी, तो पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) पर ही होगी।’

pahalgam

pahalgam

ट्रंप ने कहा-दोनों के साथ खूब व्यापार करेंगे

प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान के साथ व्यापार नहीं करने की यह प्रतिबद्धता ऐसे समय में दोहरायी है जब कुछ घंटे पहले ही अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने भारत एवं पाकिस्तान से कहा कि अगर वे संघर्ष रोक देंगे तो उनका प्रशासन इन दोनों देशों के साथ खूब व्यापार करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल की घटनाओं ने यह दिखला दिया है कि भारत अपने सिद्धांतों की रक्षा करने के लिए कटिबद्ध है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article