Times Now Navbharat
live-tv
Premium

मो. यूनुस के पैतृक घर में लगाई आग, 28 जिलों में आगजनी, दोबारा हिंसा की आग में क्यों झुलस रहा बांग्लादेश, भारत पर क्या असर?

सत्ताधारी बीएनपी (BNP) और अवामी लीग के बीच छिड़े इस सीधे संग्राम ने पूरे देश की कानून-व्यवस्था को हिलाकर रख दिया है। आखिर क्यों बांग्लादेश फिर अशांत है और भारत पर इसका क्या असर हो सकता है, विस्तार से जानते हैं।

Image
बांग्लादेश फिर हिंसा की आग में झुलसा
Authored by: अमित कुमार मंडल
Updated Nov 19, 2026, 12:22 IST
Follow on Google News

बांग्लादेश एक बार फिर भीषण राजनीतिक अस्थिरता और हिंसा की आग में झुलस रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की दिसंबर में स्वदेश वापसी के ऐलान, उनकी फांसी की सजा की पहली बरसी और अवामी लीग के देशव्यापी 'लॉकडाउन' के बाद सड़कों पर खूनी टकराव शुरू हो गया है। हालात इस कदर बेकाबू हो चुके हैं कि देश के 28 जिलों में आगजनी और बम धमाके हुए हैं, जिसमें अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है और नोबेल विजेता मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर तक को आग के हवाले कर दिया गया है। सत्ताधारी बीएनपी (BNP) और अवामी लीग के बीच छिड़े इस सीधे संग्राम ने पूरे देश की कानून-व्यवस्था को हिलाकर रख दिया है। आखिर क्यों बांग्लादेश फिर अशांत है और भारत पर इसका क्या असर हो सकता है, विस्तार से जानते हैं।

क्यों भड़की हिंसा, कितना नुकसान?

पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग द्वारा बुलाए गए गुरुवार के 'लॉकडाउन' के बीच हिंसा भड़की है। राजधानी ढाका तड़के देसी बम धमाकों से दहल उठी, वहीं चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर को आग के हवाले कर दिया गया। देश के 64 में से 28 जिलों में आगजनी, बमबारी और हिंसक झड़पों की खबरें हैं, जिनमें चार लोगों की मौत हो चुकी है। चटगांव के पांचलायश इलाके में अज्ञात उपद्रवियों ने मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी। गौर करने लायक बात है कि इन्हीं यूनुस के राज में शेख हसीना के पैतृक घर को उपद्रवियों ने फूंक दिया था। तब यूनुस कीअंतरिम सरकार मूकदर्शक बनी हुई थी। इससे पहले पिछले दो दिनों के भीतर सिलहट, राजशाही, बरीशाल और फरीदपुर में उनके 'ग्रामीण बैंक' की कई शाखाओं को भी निशाना बनाकर फूंका गया है।

कहां-कहां हिंसा और कितनी मौतें?

वहीं, ढाका में कड़ी सुरक्षा के बावजूद गुरुवार सुबह कई जगहों पर देसी बम विस्फोट हुए, जिसमें कम से कम चार लोग घायल हो गए। लॉकडाउन के दौरान सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के बीच कई जगह सीधी झड़पें हुईं। पुलिस के मुताबिक, पश्चिमी नड़ाइल जिले में बीएनपी के एक मार्च पर हुए हमले में दो स्थानीय नेताओं की मौत हो गई। इसके अलावा फरीदपुर और पिरोजपुर में हुई हिंसा में एक बीएनपी नेता और एक परिवहन कर्मचारी की जान चली गई। जवाबी कार्रवाई में ढाका समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में बीएनपी के दो दफ्तरों और एक नेता के घर के साथ-साथ अवामी लीग के दो कार्यालयों और पांच नेताओं की संपत्तियों में आग लगा दी गई।

लॉकडाउन की क्या वजह?

अवामी लीग ने यह लॉकडाउन पिछले साल एक विशेष न्यायाधिकरण द्वारा शेख हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में सुनाई गई मौत की सजा की बरसी पर बुलाया है। गौरतलब है कि 5 अगस्त, 2024 को 'जुलाई विद्रोह' के बाद सत्ता से बेदखल हुईं 79 वर्षीय हसीना फिलहाल भारत में रह रही हैं और बांग्लादेश सरकार उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। हिंसा को काबू करने के लिए हसीना के गृह जिले गोपालगंज समेत तमाम संवेदनशील इलाकों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के हजारों जवान तैनात किए गए हैं। स्थानीय मीडिया BDnews24 के अनुसार, पुलिस ने बीते 24 घंटों में अकेले ढाका से 565 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रहे नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं।

इस पूरी हिंसा और बवाल के पीछे की 5 बड़ी बातें

1. शेख हसीना का दिसंबर में बांग्लादेश लौटने का ऐलान

अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से बेदखल होकर भारत आईं शेख हसीना ने ऐलान किया है कि वह किसी भी हाल में दिसंबर 2026 में बांग्लादेश लौटेंगी। हसीना के इस ऐलान और उनकी पार्टी (अवामी लीग) पर लगे प्रतिबंध को हटाने की मांग को लेकर उनके समर्थक सड़कों पर उतर आए हैं। दूसरी तरफ, वर्तमान प्रधानमंत्री तारिक रहमान (BNP) की सरकार ने हसीना को भगोड़ा अपराधी बताते हुए पासपोर्ट देने से इनकार कर दिया है और भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग तेज कर दी है।

2. फांसी की सजा की पहली बरसी और 'लॉकडाउन' का आह्वान

ठीक एक साल पहले (नवंबर 2025 में) बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण (ICT) ने 2024 के छात्र आंदोलन को कुचलने और मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में शेख हसीना को उनकी गैर-मौजूदगी में मौत की सजा सुनाई थी। इसी फैसले के विरोध और बरसी के मौके पर प्रतिबंधित अवामी लीग ने गुरुवार को देशव्यापी 'लॉकडाउन' (हड़ताल) का आह्वान किया, जिसके बाद देश के 64 में से 28 जिलों में आगजनी, सड़क जाम और देसी बम धमाके शुरू हो गए।

3. मोहम्मद यूनुस और 'ग्रामीण बैंक' को बनाया जा रहा निशाना

हसीना के सत्ता से हटने के बाद नोबेल विजेता मोहम्मद यूनुस अंतरिम सरकार के प्रमुख बने थे। हसीना समर्थकों का मानना है कि यूनुस ने ही अवामी लीग को भंग किया और उनके नेताओं को जेल भेजा। इसी गुस्से के चलते चटगांव (Chattogram) स्थित मोहम्मद यूनुस के पैतृक घर को आग के हवाले कर दिया गया। इसके अलावा 10 नवंबर से अब तक यूनुस द्वारा स्थापित ग्रामीण बैंक की 37 से ज्यादा शाखाओं पर आगजनी और हमले किए जा चुके हैं।

4. अवामी लीग और सत्ताधारी BNP के बीच खूनी टकराव

ताजा चुनावी प्रक्रिया के बाद बांग्लादेश में तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) सत्ता में है। रहमान ने अवामी लीग को "आतंकी संगठन और फासीवादी ताकत" करार दिया है। दोनों पक्षों के बीच सीधा टकराव चल रहा है, जहां अवामी लीग समर्थकों ने BNP दफ्तरों और बसों में आग लगाई (जिसमें पिरोजपुर, फरीदपुर और नरैल में 4 लोगों की मौत हुई), वहीं जवाबी कार्रवाई में BNP कार्यकर्ताओं पर भी अवामी लीग नेताओं के घरों और दफ्तरों को जलाने के आरोप लगे हैं।

5. सरकार की सख्त कार्रवाई और पैरामिलिट्री की तैनाती

हिंसा रोकने के लिए सरकार ने राजधानी ढाका समेत गोपालगंज (हसीना का गृह क्षेत्र) और अन्य संवेदनशील जिलों में हजारों की संख्या में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) और अर्धसैनिक बल तैनात किए हैं। पुलिस ने अब तक अवामी लीग के पूर्व शिक्षा मंत्री नूरुल इस्लाम नाहिद समेत 500 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा गारमेंट मजदूरों का न्यूनतम वेतन ($242) बढ़ाने को लेकर चल रहा प्रदर्शन भी इस अस्थिरता को और हवा दे रहा है।

बांग्लादेश की हिंसा का भारत पर सीधा और बहुआयामी असर पड़ सकता है। करीब 4,096 किलोमीटर लंबी साझा सीमा और गहरे आर्थिक-रणनीतिक रिश्तों के कारण वहां की अस्थिरता भारत के लिए चिंता का विषय है। इन 4 मामलों में भारत के लिए चुनौती बढ़ सकती है-

1.सीमा सुरक्षा और घुसपैठ का खतरा

बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर हिंसा और अराजकता फैलने से भारत-बांग्लादेश सीमा पर अवैध घुसपैठ बढ़ने की आशंका रहती है। सीमा सुरक्षा बल (BSF) को पश्चिम बंगाल, असम, त्रिपुरा, मेघालय और मिजोरम से सटी सीमाओं पर हाई अलर्ट और गश्त बढ़ानी पड़ती है। अस्थिर माहौल का फायदा उठाकर आतंकी या कट्टरपंथी तत्वों के सीमा पार सक्रिय होने का जोखिम भी बढ़ जाता है।

2.द्विपक्षीय व्यापार और सप्लाई चेन पर असर

बांग्लादेश दक्षिण एशिया में भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। वहां 28 जिलों में आगजनी और लॉकडाउन जैसे हालात से लैंड पोर्ट्स जैसे पेट्रापोल के जरिए होने वाली आवाजाही और माल ढुलाई बाधित होती है। भारत से जाने वाले कपास, खाद्य पदार्थ, ईंधन और मशीनरी के निर्यात पर सीधा असर पड़ता है, जिससे भारतीय व्यापारियों का भुगतान और सप्लाई अटक सकती है। बांग्लादेश के टेक्सटाइल और गारमेंट सेक्टर में काम ठप होने से वहां निवेश करने वाली भारतीय कंपनियों को भी नुकसान होता है।

3.पूर्वोत्तर भारत की कनेक्टिविटी और प्रोजेक्ट्स

भारत के पूर्वोत्तर राज्यों तक सामान पहुंचाने के लिए बांग्लादेश के चटगांव और मोंगला बंदरगाहों व ट्रांजिट रूट्स का इस्तेमाल अहम है। वहां हिंसा बढ़ने से इन इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स की रफ्तार धीमी पड़ सकती है।

4.कूटनीतिक और राजनीतिक संवेदनशीलता

शेख हसीना की संभावित वापसी और अवामी लीग व रहमान सरकार के बीच टकराव के बीच भारत की स्थिति बेहद संवेदनशील हो जाती है, क्योंकि हसीना भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों (विशेषकर हिंदुओं) की सुरक्षा को लेकर भी भारत में राजनीतिक और सामाजिक चिंता बढ़ती है, जिससे दोनों देशों के कूटनीतिक रिश्तों पर दबाव आ सकता है।

End of Article