Times Now Navbharat
live-tv
Premium

हेलिकॉप्टर में जरा-सी खराबी आते ही क्यों रद्द हो जाती है नेताओं की उड़ान? समझिए VVIP उड़ान का 'नो-कम्प्रोमाइज' नियम

जब भी किसी बड़े नेता, मुख्यमंत्री, मंत्री या VVIP के हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी, सेंसर अलर्ट या इमरजेंसी लैंडिंग की खबर आती है, तो सबसे पहला सवाल यही उठता है आखिर एक मामूली दिखने वाली गड़बड़ी पर भी पूरी उड़ान क्यों रोक दी जाती है? जानिए इसकी पीछे की कुछ अहम वजहें और क्या है हवा में 'जीरो रिस्क' फॉर्मूला...

Image
क्या है एविएशन का 'जीरो एरर प्रोटोकॉल' (AI Generated/News Room Verified)
Authored by: रवि वैश्य
Updated Nov 19, 2026, 21:58 IST
Follow on Google News

चुनावी रैली हो या कोई बड़ा सरकारी दौरा, अक्सर आपने सुना होगा कि किसी बड़े नेता या VVIP के हेलिकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और उड़ान रोक दी गई। लोगों के मन में तुरंत सवाल उठता है कि आखिर एक छोटी-सी वार्निंग लाइट या खराबी पर भी उड़ान तुरंत क्यों रद्द कर दी जाती है, आइए जानते हैं क्या है इसकी वजह

कई बार तो खराबी बेहद मामूली होती है, फिर भी पायलट टेकऑफ से साफ इनकार कर देता है। आखिर ऐसा क्यों होता है? इसके पीछे काम करता है एविएशन और सुरक्षा एजेंसियों का 'जीरो एरर प्रोटोकॉल'।

हेलिकॉप्टर हादसों में कई बड़े नेताओं और हस्तियों को खोया है

देश ने अतीत में कई बड़े नेताओं और हस्तियों को हेलिकॉप्टर हादसों में खोया है, चाहे वह खराब मौसम की वजह से हुआ हो या आखिरी वक्त पर ली गई जल्दबाजी से। इन्हीं हादसों से सबक लेते हुए अब प्रोटोकॉल इतना सख्त कर दिया गया है कि 'चांस लेने' का विकल्प ही खत्म कर दिया गया है। यानी जब किसी नेता का हेलिकॉप्टर जमीन पर रोका जाता है, तो वह सिर्फ एक तकनीकी खराबी की खबर नहीं होती बल्कि उस सख्त प्रोटोकॉल की जीत होती है, जो किसी की जान को दांव पर लगाने से पहले ही खतरे को जमीन पर रोक देता है।

VVIP उड़ान से पहले होती है कई लेवल की जांच

किसी भी VVIP उड़ान से पहले तकनीकी जांच की प्रक्रिया बेहद सख्त होती है, दिन की पहली उड़ान से पहले और आखिरी उड़ान के बाद एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस इंजीनियर (AME) द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया जाता है। फ्यूल की गुणवत्ता और मात्रा, इंजन परफॉर्मेंस, हाइड्रोलिक फ्लूइड, कंट्रोल सिस्टम और वजन-संतुलन की जांच होती है। दूसरी जांच पायलट की होती है, जिसमें वो खुद कॉकपिट में सारे सिस्टम टेस्ट करता है। तीसरी और सबसे जरूरी जांच 'ट्रायल सॉर्टी' होती है। VVIP के बैठने से 15-20 मिनट पहले हेलिकॉप्टर को बिना नेता के एक छोटी उड़ान पर भेजा जाता है। अगर इसमें भी हल्की आवाज या वाइब्रेशन आया, तो उड़ान रद्द कर दी जाती है। वहीं VVIP उड़ान में मौसम का नियम सबसे सख्त है। आम हेलिकॉप्टर 500 मीटर की विजिबिलिटी में उड़ सकता है, पर VVIP को 5 किलोमीटर साफ विजिबिलिटी चाहिए। यानी हवा तेज हो, धुंध हो, बादल नीचे हों तो उड़ान रद्द।

हेलिकॉप्टर में टेक्निकल स्नैग आ गया और उड़ान को तुरंत रद्द

हेलिकॉप्टर में टेक्निकल स्नैग आ गया और उड़ान को तुरंत रद्द

हेलिकॉप्टर के पास गलतियों की कोई गुंजाइश नहीं

हेलिकॉप्टर सड़क पर चलने वाली गाड़ी नहीं है, जिसे खराबी आने पर साइड में रोक लिया जाए। हवा में उड़ते हेलिकॉप्टर के पास गलतियों की कोई गुंजाइश नहीं होती। कॉकपिट में अगर एक भी 'कॉशन लाइट' (Caution Light) जलती है, तो उसका मतलब है कि सिस्टम में कहीं कुछ असामान्य है।

पायलट के पास होती है डिसीजन लेने की 'सुप्रीम पावर'

VVIP उड़ान के नियमों के तहत हेलिकॉप्टर के अंदर बैठे नेता कितने ही बड़े पद पर क्यों न हों, उड़ान भरने या न भरने का अंतिम फैसला सिर्फ और सिर्फ पायलट-इन-कमांड का होता है। यदि पायलट को लगता है कि मौसम, विजिबिलिटी या मशीन में जरा भी संदेह है, तो कोई भी दबाव उससे उड़ान नहीं भरवा सकता।

DGCA मानक और सुरक्षा एजेंसियों के 'एंटी-सैबोटाज चेक'

किसी भी VVIP उड़ान से पहले हेलिकॉप्टर को DGCA के मानकों और सुरक्षा एजेंसियों के 'एंटी-सैबोटाज चेक' से गुजरना पड़ता है। टेकऑफ से ठीक पहले इंजन के तापमान, रोटर ब्लेड, हाइड्रोलिक प्रेशर और फ्यूल सिस्टम की जांच होती है। इनमें से किसी एक पैरामीटर में भी एक फीसदी की गड़बड़ी दिखी, तो क्लीयरेंस तुरंत रद्द कर दिया जाता है।

VVIP उड़ानों में Twin-Engine और और अनुभवी क्रू जरूरी

VVIP उड़ानों के लिए सुरक्षा मानकों में ट्विन-इंजन हेलिकॉप्टर और अनुभवी पायलटों की व्यवस्था पर जोर दिया जाता है, ताकि किसी एक सिस्टम या इंजन में दिक्कत आने पर भी सुरक्षा के स्तर में कमी न आए। VVIP और नेताओं के लिए हमेशा डबल इंजन वाला हेलिकॉप्टर इस्तेमाल होता है। हालांकि दो इंजन होने का यह मतलब बिल्कुल नहीं है कि किसी खराबी के साथ उड़ान भरी जाए। दो इंजन वाला (Twin-Engine) हेलिकॉप्टर इसलिए जरूरी होता है ताकि एक इंजन फेल होने पर भी सुरक्षित उतारा जा सके लेकिन उड़ान से पहले दोनों इंजनों का 100 फीसदी दुरुस्त होना अनिवार्य है। यानी उड़ान से पहले दोनों इंजन पूरी तरह परफेक्ट होने चाहिए।

हवा में उड़ते हेलिकॉप्टर के पास गलतियों की कोई गुंजाइश नहीं (AI Image)

हवा में उड़ते हेलिकॉप्टर के पास गलतियों की कोई गुंजाइश नहीं (AI Image)

हेलिकॉप्टर में टेक्निकल स्नैग क्या होता है? (What is Technical Snag?)

टेक्निकल स्नैग (Technical Snag) एविएशन की भाषा में किसी भी ऐसी तकनीकी खराबी, असामान्यता या त्रुटि को कहते हैं जो हेलिकॉप्टर या विमान के किसी सिस्टम, पार्ट या सेंसर में उड़ान से पहले, उड़ान के दौरान या उड़ान के बाद सामने आती है। हेलिकॉप्टर में करीब कई सारे सेंसर लगे होते हैं। किसी एक सेंसर ने भी गलत सिग्नल दिया, तेल का प्रेशर थोड़ा कम हुआ, या कोई छोटी लाइट जल गई तो उसे ही 'टेक्निकल स्नैग' कहते हैं। हर 'टेक्निकल स्नैग' का मतलब यह नहीं होता कि हेलिकॉप्टर टूट गया है या बड़ा हादसा होने वाला है-कई बार यह एक छोटा सेंसर अलर्ट, लूज कनेक्शन या तय सीमा से हल्का हटता रीडिंग भी हो सकता है।

पुराने हेलिकॉप्टर हादसों से मिले कई सबक

भारत और दुनिया भर में समय-समय पर हुए विमान और हेलिकॉप्टर हादसों की जांच रिपोर्टों ने यह बार-बार दिखाया है कि कई बड़ी दुर्घटनाओं के पीछे खराब मौसम, जल्दबाजी में लिया गया फैसला या तकनीकी संकेतों को नजरअंदाज करना जैसी वजहें रही हैं। इन्हीं अनुभवों के आधार पर नियमों को लगातार सख्त किया गया है ताकि रिस्क को एकदम ही मिनिमाइज किया जा सके और सुरक्षित उड़ान संभव हो।

End of Article