World's Largest Wildlife Crossing: कल्पना कीजिए, आप एक बिजी हाईवे पर गाड़ी चला रहे हैं, नीचे से हर दिन 3 लाख गाड़ियां गुजर रही हैं। और ठीक आपके सिर के ऊपर... एक पूरा जंगल है। पेड़, झाड़ियां, घास, पक्षियों की चहचहाहट और जंगली जानवरों के चलने की आहट। यह कोई फिल्म का सीन नहीं है, यह अमेरिका के कैलिफोर्निया में हकीकत बन चुका है। लॉस एंजिल्स से करीब 56 किलोमीटर दूर, अगौरा हिल्स में दुनिया का सबसे बड़ा वाइल्डलाइफ क्रॉसिंग बनकर तैयार हो गया है। इसका नाम है- वालिस एनेनबर्ग वाइल्डलाइफ क्रॉसिंग। 2 दिसंबर को इसका आधिकारिक उद्घाटन होगा, लेकिन जानवरों ने तो इसका इस्तेमाल अभी से शुरू कर दिया है।
पहले जानवर ने कब पार किया पुल?
उद्घाटन से दो हफ्ते पहले ही मोशन-सेंसर कैमरों ने एक अकेले कोयोट को पुल पार करते हुए पकड़ा। माना जा रहा है कि वह इस पुल का इस्तेमाल करने वाला पहला स्तनधारी जानवर था। कुछ ही दिन बाद तीन छोटे कोयोट पुल पर लगी 10 फीट ऊंची दीवारों के नीचे झाड़ियों में खेलते हुए दिखे। इस प्रोजेक्ट की नेता बेथ प्रैट जब पुल का दौरा करने पहुंचीं, तो उन्होंने सबको चुप रहने का इशारा किया। चारों ओर सिर्फ पक्षियों के गाने की आवाज थी। प्रैट ने मुस्कुराते हुए कहा कि दुनिया के सबसे व्यस्त हाईवे में से एक के ऊपर पक्षियों का गाना सुनना दिल को खुश कर देता है।
Wallis Annenberg Wildlife Crossing 2
आखिर ये पुल है क्या?
सीधे शब्दों में समझें तो यह जानवरों के लिए बनाया गया एक ओवरब्रिज है। लेकिन यह आम फ्लाईओवर जैसा नहीं है। इसके ऊपर मिट्टी बिछाकर असली पहाड़ी जैसा माहौल बनाया गया है। देसी पेड़-पौधे लगाए गए हैं, ताकि जानवरों को लगे ही नहीं कि वे किसी पुल पर हैं। उन्हें लगे कि वे एक पहाड़ी से दूसरी पहाड़ी पर जा रहे हैं। यह पुल दो हिस्सों में कुल 1,250 फीट यानी करीब 380 मीटर लंबा है। यह यूएस-101 हाईवे और उसके बगल वाली सड़क के ऊपर से गुजरता है। हाईवे के किनारे फेंसिंग लगाई गई है, ताकि जानवर भटककर सड़क पर न आ जाएं, बल्कि सीधे पुल की तरफ आ जाएं। पुल के दोनों तरफ 10 फीट ऊंची दीवारें हैं, जिनका काम गाड़ियों की आवाज और हेडलाइट की रोशनी को रोकना है। ताकि जानवर डरें नहीं और आराम से पार कर सकें।
इतना बड़ा पुल बनाने की जरूरत क्यों पड़ी?
इसकी वजह है- शहरीकरण। लॉस एंजिल्स शहर फैलता गया, सड़कें बनती गईं, और जंगल टुकड़ों में बंटते गए। सांता मोनिका पहाड़ियों में रहने वाले जानवर एक तरफ कैद हो गए। वे दूसरी तरफ के जंगल में नहीं जा पाते थे। अगर जाते भी थे, तो हाईवे पार करते वक्त गाड़ियों से टकराकर मर जाते थे। सबसे ज्यादा असर पहाड़ी शेरों यानी माउंटेन लायन पर पड़ा। कैलिफोर्निया में इन्हें खतरे वाली प्रजाति माना जाता है। सालों तक वैज्ञानिकों ने जीपीएस कॉलर लगाकर इनकी ट्रैकिंग की, तो पता चला कि सड़कें इनके लिए दीवार बन गई हैं। वे मालिबू तट से लेकर ग्रिफिथ पार्क तक के पहाड़ों में ही कैद होकर रह गए। अगर जानवर एक ही इलाके में कैद रहेंगे, तो उनका आपस में ही प्रजनन होगा। इसे इनब्रीडिंग कहते हैं। इससे उनकी नस्ल कमजोर होती जाती है, बीमारियां बढ़ती हैं और धीरे-धीरे वे विलुप्त होने की कगार पर पहुंच जाते हैं। साथ ही, चूहों को मारने वाला जहर खाने से भी ये शेर बीमार हो रहे थे। कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, डेविस की एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, हर साल कैलिफोर्निया में कम से कम 780 पहाड़ी शेर, यानी राज्य की कुल आबादी का 18 प्रतिशत, सिर्फ गाड़ियों से टकराकर मर जाते हैं। यह आंकड़ा बताता है कि समस्या कितनी बड़ी है।
Wallis Annenberg Wildlife Crossing
वो शेर जिसने बदल दिया सब कुछ
इस पुल के बनने की सबसे बड़ी प्रेरणा एक शेर था। जिसका नाम P-22 था। वह लॉस एंजिल्स का सेलिब्रिटी बन गया था। वह कई हाईवे पार करके शहर के बीचों-बीच एक बड़े पार्क में रहने लगा था। हजारों लोग उसे देखने आते थे। लेकिन 2022 में P-22 को मारना पड़ा, क्योंकि वह संभवतः गाड़ी से टकरा गया था और बुरी तरह घायल हो गया था। उसकी मौत के बाद हजारों लोग उसके शोक समारोह में पहुंचे। P-22 की कहानी ने लोगों को समझाया कि जंगली जानवर कितने खतरे में हैं। बेथ प्रैट ने P-22 की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनी हुई थी। उन्होंने कहा कि इस पुल का असली उद्घाटन तब होगा, जब कोई पहाड़ी शेर इस पर चलकर आएगा। वह पुल के किनारे P-22 की मूर्ति भी लगाना चाहती हैं।
कितना खर्च आया?
इस पुल की कुल लागत 114 मिलियन डॉलर यानी करीब 950 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शुरुआत में अनुमान 92 मिलियन डॉलर था, लेकिन बाद में खर्च बढ़ गया। इसमें सबसे बड़ा योगदान दिवंगत परोपकारी वालिस एनेनबर्ग के फाउंडेशन का है, जिसने 25 मिलियन डॉलर दिए। इसीलिए पुल का नाम उनके नाम पर रखा गया है। बाकी पैसा 6,000 आम लोगों के दान, गैर-लाभकारी संस्थाओं के अनुदान और राज्य सरकार के संरक्षण फंड से आया। हॉलीवुड अभिनेता लियोनार्डो डिकैप्रियो इसके सबसे शुरुआती दानदाताओं में से एक थे। उन्होंने एक दशक पहले शुरू हुए फंडिंग अभियान में मदद की थी।
Wallis Annenberg Wildlife Crossing 4
छोटे जीवों के लिए भी फायदेमंद
इस पुल का फायदा सिर्फ बड़े जानवरों को नहीं होगा। पुल पर काम कर रहे कैलिफोर्निया परिवहन विभाग के फील्ड इंस्पेक्टर एंथनी डीसेंटिस ने बताया कि वहां उन्हें एक बड़ी ऑर्ब-वीवर मकड़ी जाल बुनते हुए दिखी। मधुमक्खियां देसी पौधों पर मंडरा रही थीं। ओक टिटमाउस, गौरैया और हमिंगबर्ड भी दिखने लगे हैं। यानी एक पूरा इकोसिस्टम धीरे-धीरे इस पुल पर बस रहा है। वैज्ञानिकों का अगला कदम है- बायोलॉगर्स लगाना। ये छोटे डिवाइस जानवरों के दिल की धड़कन, शरीर का तापमान और एक्टिविटी को मापेंगे। इससे पता चलेगा कि पुल पार करते वक्त जानवर तनाव में हैं या आराम से चल रहे हैं। नेशनल पार्क सर्विस के जीवविज्ञानी जेफ सिकिच ने बताया कि हाल के हफ्तों में पुल के पास बॉबकैट, हिरण, ग्रे फॉक्स और दो बच्चों के साथ एक मादा पहाड़ी शेर भी देखी गई है। वे पुल के आसपास सूंघ रहे हैं, शायद पार करने की तैयारी कर रहे हैं।
भारत का सबसे बड़ा वाइल्डलाइफ क्रॉसिंग कहां
भारत में भी अब कैलिफोर्निया जैसा ही प्रयोग हो रहा है। बल्कि भारत ने तो इससे एक कदम आगे जाकर हाईवे के ऊपर पूरा जंगल ही बसा दिया है।भारत का सबसे बड़ा और सबसे चर्चित वाइल्डलाइफ क्रॉसिंग दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का करीब 12 किलोमीटर का हिस्सा रणथंभौर टाइगर रिजर्व के बफर जोन से गुजरता है। यहां 500-500 मीटर के 5 एनिमल ओवरपास बनाए गए हैं। इसके साथ ही 1.2 किलोमीटर लंबा अंडरपास भी है, जो भारत का सबसे लंबा वाइल्डलाइफ अंडरपास माना जाता है। खास बात ये है कि इस हिस्से में 8-लेन एक्सप्रेसवे नीचे से गुजरता है और ऊपर से जानवर चलते हैं। ऊपर मिट्टी और लोकल पौधे लगाए गए हैं ताकि जानवरों को लगे ही नहीं कि वे पुल पर हैं। यह कॉरिडोर रणथंभौर को रामगढ़ विषधारी वन्यजीव अभयारण्य, मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व और मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से जोड़ता है। कैमरा ट्रैप में यहां से बाघ और भालू के गुजरने की तस्वीरें भी कैद हो चुकी हैं।
