Prashant Tamang Dies at 43: इंडियन आइडल 3 के विजेता और 'पाताल लोक 2' फेम प्रशांत तमांग को लेकर ऐसी खबर सामने आई है, जिससे फैंस के पैरों तले जमीन खिसक गई है। प्रशांत तमांग ने दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। इस खबर ने इंटरनेट पर हलचल तेज कर दी है। सभी लोग दंग रह गए है कि अचानक से ऐसा कैसे हो गया है। वहीं प्रशांत की फैमिली पर भी दुखों का पहाड़ टूट गया है। सोशल मीडिया पर तमाम लोग प्रशांत तमांग को नम आखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं। आइए नजर डालते है इस रिपोर्ट पर...
प्रशांत तमांग की मौत से लोगों को लगा झटका
इंडियन आइडल 3 के विनर और 'पाताल लोक 2' के एक्टर प्रशांत तमांग अब हमारे बीच नहीं रहे। 11 जनवरी 2026 को 43 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्हें नई दिल्ली स्थित उनके घर पर मृत पाया गया। कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है, हालांकि आधिकारिक मेडिकल कन्फर्मेशन का इंतजार है। प्रशांत साल 2007 में इंडियन आइडल 3 जीतकर घर-घर में मशहूर हो गए थे। इसके बाद उनका एल्बम 'धन्यवाद' रिलीज हुआ और उन्होंने कई विदेशी परफॉर्मेंस के साथ प्लेबैक और लाइव सिंगर के रूप में नाम कमाया। उनके निधन पर सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि का सैलाब उमड़ पड़ा है। दार्जिलिंग से बीजेपी सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता राजू बिस्ता ने कहा, 'प्रशांत तमांग की अकाल मृत्यु ने गोरखा समुदाय के साथ-साथ कला और संगीत जगत को स्तब्ध कर दिया है। इंडियन आइडल में उन्होंने दार्जिलिंग, तराई, दुआर्स, सिक्किम और नॉर्थईस्ट के साथ-साथ दुनिया भर के गोरखा समुदाय में एकता और गर्व की भावना जगाई थी। इतनी कम उम्र में ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्ति का जाना भारतीय संगीत और सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।'
इस फिल्म से की थी एक्टिंग की शुरुआत
प्रशांत तमांग ने 'गोरखा पलटन' से अभिनय की शुरुआत की और 'अंगालो यो माया को', 'किना माया मा', 'निशानी', 'परदेसी' जैसी फिल्मों में काम किया। हाल ही में वे 'पाताल लोक 2' में डैनियल लेचो के रोल में नजर आए थे। प्रशांत तमांग की फैन फॉलोइंग काफी तगड़ी थी। लोग उन्हें काफी ज्यादा प्यार करते थे। अब उनकी मौत से सभी को हिलाकर रख दिया है।
