देश

CJP प्रदर्शन मामले में छात्र को बड़ी राहत, ₹5 लाख के बॉन्ड नोटिस को वापस लिया गया

गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के छात्र अक्षत त्रिपाठी को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली। 'कॉकरोच जनता पार्टी' प्रदर्शन मामले में जारी 5 लाख का मुचलका नोटिस वापस ले लिया गया है।

Image

सुप्रीम कोर्ट (फाइल फोटो-PTI)

ग्रेटर नोएडा में प्रस्तावित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) प्रदर्शन के मामले में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के छात्र अक्षत त्रिपाठी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट को सोमवार को बताया गया कि छात्र के खिलाफ BNSS की धारा 126/130 के तहत जारी नोटिस वापस ले लिया गया है।यह मामला CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ के सामने आया। अक्षत त्रिपाठी ने ग्रेटर नोएडा के कार्यकारी मजिस्ट्रेट की ओर से जारी नोटिस को चुनौती दी थी। नोटिस में उनसे कथित तौर पर छात्रों को CJP धरने में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करने के आरोप में 5 लाख रुपये का निजी मुचलका और इतनी ही राशि के दो जमानती पेश करने को कहा गया था।

छात्र को नोटिस वापस लेने की सूचना नहीं- वकील

सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील ने शुरुआत में मामले को कुछ देर बाद सुनने यानी पासओवर की मांग की। इस पर CJI सूर्यकांत ने कहा कि पासओवर की जरूरत नहीं है और कोर्ट खुद नोटिस को रद्द कर सकता है। इसके बाद अधिकारियों की ओर से पेश ASG ऐश्वर्या भाटी ने कोर्ट को बताया कि संबंधित नोटिस पहले ही वापस लिया जा चुका है। याचिकाकर्ता के वकील ने हालांकि कहा कि छात्र को नोटिस वापस लिए जाने की कोई सूचना नहीं मिली है।

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में ASG के इस बयान को रिकॉर्ड किया कि नोटिस वापस ले लिया गया है। कोर्ट ने साथ ही स्पष्ट किया कि नोटिस के आधार पर अतीत में यदि कोई कार्रवाई की गई है, तो वह भी निरस्त मानी जाएगी और छात्र के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।

पिछली सुनवाई में CJI ने उठाया था सवाल

इससे पहले की सुनवाई में CJI सूर्यकांत ने सवाल उठाया था कि जब सुप्रीम कोर्ट ने छात्रों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का स्पष्ट निर्देश दिया था, तो कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने ऐसा नोटिस कैसे जारी कर दिया।

CJI ने संबंधित अधिकारी से इस मामले में स्पष्टीकरण लिए जाने की बात भी कही थी। इसी के बाद अक्षत त्रिपाठी ने BNSS के तहत शुरू की गई निवारक कार्रवाई को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article