दुनिया

एक नहीं, दो बार मौत को चकमा देकर बाहर निकले मोजतबा खामेनेई! कैसे चुने गए सुप्रीम नेता? सामने आई पूरी सच्चाई

ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर नया दावा सामने आया है। असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स के सदस्य मोहसेन हैदरी ने कहा कि अमेरिकी-इजरायली हमले के बाद मोजतबा को तेहरान के एक अस्पताल के मलबे से निकाला गया था। वहीं, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने उन्हें पूरी तरह स्वस्थ बताया है।

Image

मोजतबा खामेनेई को लेकर कुछ अहम खुलासे हुए हैं। AI IMAGE

ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की सेहत और ठिकाने को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। ईरान के असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स के सदस्य मोहसेन हैदरी ने दावा किया है कि फरवरी में अमेरिका और इजरायल के हमलों के दौरान मोजतबा खामेनेई को तेहरान के एक अस्पताल के मलबे से निकाला गया था। यह दावा कतर के टीवी नेटवर्क अल अरेबी को दिए इंटरव्यू में किया गया।

मोहसेन हैदरी के मुताबिक, शुरुआती हमले में घायल होने के बाद मोजतबा खामेनेई को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद तेहरान के तीन अस्पतालों पर हमले हुए। मोजतबा तीसरे अस्पताल में मौजूद थे और वहां हमले के बाद उन्हें मलबे से बाहर निकाला गया। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। रिपोर्टों में इसे ईरानी अधिकारी के बयान के तौर पर पेश किया गया है।

फरवरी के हमले में पिता अली खामेनेई की हुई थी मौत

यह पूरा मामला 28 फरवरी 2026 के हमलों से जुड़ा है। उस दिन अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हुई थी। इसके बाद मोजतबा खामेनेई को लेकर भी उनके घायल होने की खबरें सामने आई थीं। मोजतबा खामेनेई को बाद में ईरान का नया सुप्रीम लीडर चुना गया। रिपोर्ट के मुताबिक, असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने 8 मार्च 2026 को उन्हें इस पद के लिए चुना था।

चुनाव के वक्त मोजतबा को खुद नहीं थी जानकारी?

मोहसेन हैदरी ने मोजतबा के सुप्रीम लीडर चुने जाने की प्रक्रिया को लेकर भी कई दावे किए। उनके मुताबिक, मोजतबा को कथित तौर पर खुद इस फैसले की जानकारी तब हुई, जब ईरान के सरकारी टीवी पर उनके चयन की घोषणा प्रसारित हुई।

हैदरी ने यह भी दावा किया कि असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स के सदस्यों ने गुप्त कमरे में जाकर कागज पर वोटिंग की थी। रिपोर्ट के अनुसार, मोजतबा को 59 में से 50 वोट मिले, जबकि अयातुल्ला अलीरेजा अराफी को 8 वोट मिले और एक सदस्य ने मतदान नहीं किया।

महीनों से सार्वजनिक तौर पर नजर नहीं आए मोजतबा

मोजतबा खामेनेई के स्वास्थ्य को लेकर सबसे बड़ा सवाल इसलिए बना हुआ है क्योंकि उनके सुप्रीम लीडर बनने के बाद से वह सार्वजनिक तौर पर नजर नहीं आए हैं। इसी वजह से उनकी चोट और स्वास्थ्य को लेकर अलग-अलग दावे सामने आते रहे हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले महीने कहा था कि उन्हें लगता है कि मोजतबा खामेनेई जीवित हैं, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हुए थे। ट्रंप ने उनके शरीर के बाएं हिस्से में गंभीर चोट लगने की बात कही थी। यह ट्रंप का दावा था, जिसकी स्वतंत्र पुष्टि उपलब्ध नहीं है।

ईरानी राष्ट्रपति पूरी तरह स्वस्थ

इन दावों के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने हाल ही में मोजतबा खामेनेई की सेहत को लेकर अलग जानकारी दी। 24 सितंबर को फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में पेजेश्कियन ने कहा कि उन्होंने करीब एक महीने पहले मोजतबा से आमने-सामने मुलाकात की थी और दोनों ने लगभग सात घंटे बातचीत की थी। पेजेश्कियन ने उनके स्वास्थ्य के सवाल पर कहा कि मोजतबा पूरी तरह स्वस्थ हैं और देश के शासन को दिशा देने में सक्षम हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन और सरकार नीतियों को लागू करती है, जबकि दिशा-निर्देश सुप्रीम लीडर की ओर से आते हैं।

मोजतबा खामेनेई को लेकर फिलहाल दो अलग-अलग तस्वीरें सामने आ रही हैं। एक तरफ मोहसेन हैदरी का दावा है कि वह पहले घायल हुए, फिर अस्पताल में अमेरिकी-इजरायली हमले के बाद मलबे में दब गए और उन्हें वहां से निकाला गया। दूसरी तरफ ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियन का कहना है कि उन्होंने हाल में मोजतबा से करीब सात घंटे मुलाकात की और वह पूरी तरह स्वस्थ हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article