Bengaluru News: बेंगलुरु में AI आधारित ट्रैफिक कैमरे की पहचान को लेकर एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। 15 सितंबर को दोपहिया वाहन चला रहे एक शख्स सौविक दत्ता की पीठ पर टंगे गिटार को कैमरे ने बिना हेलमेट वाली पीछे बैठी सवारी समझ लिया। इसके बाद उनकी पत्नी के नाम पर 500 रुपये का चालान जारी कर दिया गया। मामले को लेकर दत्ता ने बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस से शिकायत की।
गिटार की वजह से कटा 500 रुपये का चालान
सौविक दत्ता ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कैमरे द्वारा खींची गई तस्वीर साझा की है, जिसमें वह हेलमेट पहने दोपहिया वाहन चलाते हुए और पीठ पर गिटार टांगे नजर आ रहे हैं। यह घटना 15 सितंबर, 2026 की है। इसके बाद उनकी पत्नी के नाम 500 रुपये का चालान जारी किया गया, जिसमें पीछे बैठी सवारी के हेलमेट नहीं पहनने का जिक्र था। दत्ता ने बेंगलुरु यातायात पुलिस को टैग करते हुए AI आधारित यातायात उल्लंघन पहचान प्रणाली की कथित त्रुटि की ओर ध्यान दिलाया और जुर्माना रद्द करने का अनुरोध किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Patna से लेकर Lucknow और Agra तक CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन, पुलिस के साथ झड़प
AI ट्रैफिक सिस्टम की गलती पर उठाए सवाल
दत्ता ने 26 सितंबर को ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह बेंगलुरु में अपनी पत्नी के दोपहिया वाहन को अकेले चला रहे थे और उनकी पीठ पर गिटार टंगा हुआ था। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी को ’पीछे बैठी सवारी के हेलमेट नहीं पहनने’ को लेकर यातायात चालान (नोटिस संख्या 86202541) जारी किया गया। उन्होंने एआई आधारित यातायात उल्लंघन पहचान प्रणाली पर सवाल उठाते हुए चालान रद्द करने का अनुरोध किया। बेंगलुरु यातायात पुलिस ने उनकी पोस्ट का जवाब देते हुए उनसे उल्लंघन में सुधार के लिए ई-मेल करने या संबंधित नंबरों पर संपर्क करने को कहा।
(इनपुट - भाषा)
