शमिता शेट्टी के ब्रेकअप से भारती सिंह के मैटरनिटी फोटोशूट तक, जानें इस हफ्ते की 5 बड़ी टीवी जगत की खबरें

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 20, 2022, 10:35 PM IST

TV newsmakers Of the week: यह सप्ताह होली के उत्साह और कुछ बड़ी खबरों से भरा रहा। यहां जानें टीवी की दुनिया की इस हफ्ते की बड़ी खबरें...

शमिता शेट्टी के ब्रेकअप से भारती सिंह के मैटरनिटी फोटोशूट तक, जानें इस हफ्ते की 5 बड़ी टीवी जगत की खबरें

TV News of this week: टीवी की दुनिया में होली पार्टियों का बोलबाला रहा। अंकिता लोखंडे और विक्की जैन ने 2022 के सबसे बड़े टीवी पार्टी की मेजबानी की, जिसमें दिव्यांका त्रिपाठी-विवेक दहिया, करण कुंद्रा-तेजस्वी प्रकाश, अनीता हसनंदानी, एकता कपूर जैसे सितारे उपस्थित थे। यह सप्ताह होली के उत्साह और कुछ बड़ी खबरों से भरा रहा। यहां जानें टीवी की दुनिया की इस हफ्ते की बड़ी खबरें...

शमा सिकंदर ने बॉयफ्रेंड संग गोवा में रचाई शादी
एक्ट्रेस शमा सिकंदर (Shama Sikander) अपने बॉयफ्रेंड जेम्स मिलिरॉन (James Milliron) संग शादी के बंधन में बंध गईं। दोनों ने 14 मार्च को गोवा में क्रिश्चियन रीति- रिवाज से शादी की, जिसमें करीबी रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए। शमा ने सोशल मीडिया पर अपनी शादी की तस्वीरें शेयर कीं, जो कि बेहद खूबसूरत हैं। इन तस्वीरों में दोनों एक-दूसरे में खोए हुए नजर आ रहे हैं। मालूम हो कि दोनों ने साल 2015 में सगाई कर ली थी। बता दें, शमा सिकंदर कई टीवी सीरियल्स में काम कर चुकी हैं जिसमें ये मेरी लाइफ है, सीआईडी, बाटलीवाला हाउस नंबर 43, काजल, सेवन, बाल वीर और मन में है विश्वास जैसे शोज शामिल हैं। 

रेमो डिसूजा ने चुकाया कंटेस्टेंट का कर्ज
रेमो डिसूजा इन दिनों डांस रियलिटी शो ‘डीआईडी ​​लिटिल मास्टर सीजन 5’ में बतौर जज  नजर आ रहे हैं। अब हाल ही में उन्होंने शो के दायरे से बाहर जाकर एक कंटेस्टेंट की मदद की है, उन्होंने 8 साल के हिमांशु का कर्ज चुकाया है जिन्होंने अपनी परफॉर्मेंस से सभी को हैरान कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रेमो सेट पर काफी इमोशनल हो गए थे, हिमांशु दिल्ली के रहने वाले हैं, जिन्होंने छोटी उम्र में अपने पापा को खो दिया था और उनकी मां ने अकेले उनकी परवरिश की। हिमांशु की मां ने अपने 2 बच्चों की सिंगल मदर के तौर पर परवरिश की। बच्चों का पालन-पोषण करने और उनके सपनों को पूरा करने के लिए, मां ने रिक्शा चलाना शुरू किया। हालांकि, उन्हें रिक्शा खरीदने के लिए भारी कर्ज लेना पड़ा था। उन्हें रिक्शा चलाने की वजह से अक्सर सड़क पर लोग परेशान करते थे। रेमो ने उनकी परेशानियों को देखा और कर्ज चुकाकर उनकी मदद करने का फैसला किया।

भारती सिंह ने मैटरनिटी शूट में पहना हजारों का गाउन
भारती सिंह 8वें महीने की प्रेग्नेंसी में भी लगातार काम कर रही हैं, उनकी इस हिम्मत की तारीफ सोशल मीडिया पर खूब हो रही है। कॉमेडियन अपना काम बेबी के आने से पहले खत्म कर लेना चाहती हैं, ताकि उसके आने के बाद वह उसे भरपूर टाइम दे सकें। भारती सिंह अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर खूब एक्साइटेड भी हैं, हाल ही में उन्होंने मैटरनिटी फोटोशूट की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। भारती फोटोज में बेहद प्यारी लग रही हैं, फैंस भारती की तस्वीरों पर सुंदर मम्मी कहते हुए कमेंट्स भी कर रहे हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो भारती सिंह ने जो फ्रिल वाला गाउन मैटरनिटी फोटोशूट के लिए पहना है, उसकी कीमत करीब 12,500 रुपए है।

कपिल शर्मा शो में जाने का अनुपम खेर ने बताया सच
अनुपम खेर ने 'द कश्मीर फाइल्स' (The Kashmir Files) को 'द कपिल शर्मा शो' में प्रमोट न किए जाने पर चुप्पी तोड़ी है और पूरा सच बताया है। इसके बाद कपिल शर्मा ने राहत की सांस ली और सबकुछ स्पष्ट करने के लिए शुक्रिया अदा किया है। लेकिन इसके साथ कपिल शर्मा ने एक वीडियो शेयर किया, जो अनुपम खेर के मुताबिक पूरा नहीं था। अनुपम खेर ने अब इस पर रिएक्ट किया है। अनुपम खेर ने हमारे सहयोगी चैनल टाइम्स नाउ को दिए इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने ही 'द कश्मीर फाइल्स' के लिए कपिल के शो में जाने से इनकार किया था क्योंकि फिल्म एक सीरियस मुद्दे पर बनी है और फनी शो करना मुश्किल है। अनुपम खेर के इस बयान पर कपिल शर्मा ने राहत की सांस ली और ट्वीट किया, 'थैंक यू पाजी, मेरे खिलाफ सारे आरोप क्लियर करने के लिए। उन सब दोस्तों का भी शुक्रिया जिन्होंने बिना सच जाने मुझे इतनी मोहब्बत दी। खुश रहिए।'

शमिता शेट्टी और राकेश बापट का हुआ ब्रेकअप?
बिग बॉस की ओटीटी के कपल शमिता शेट्टी और राकेश बापट के बीच सब कुछ ठीक नहीं होने की अफवाहें पिछले कुछ दिनों से चल रही थीं। रिपोर्टों में ऐसा दावा इसलिए रहा क्योंकि कपल एक-दूसरे के स्थानों पर साथ नहीं आ सके। एक सूत्र ने यह भी बताया कि ऐसा इसलिए है क्योंकि शमिता चाहती थीं कि राकेश पुणे से मुंबई शिफ्ट हो जाए, जिससे उनके बीच मतभेद पैदा हो गए। हालांकि, इस जोड़ी ने इन सभी अफवाहों को खारिज कर दिया, जब वे मुंबई में एक कार्यक्रम में साथ-साथ नजर आए। बाद में उन्हें मूवी डेट पर जाते हुए भी स्पॉट किया गया और साथ में होली पर भी साथ देखा गया। 

End of Article