बॉलीवुड

Gauri Khan से शादी तक Shah Rukh Khan के पास नहीं था अपना घर, मन्नत खरीदना भी था बजट से बाहर

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 12, 2026, 01:31 PM IST

Shah Rukh Khan on Mannat House: शाहरुख खान की जिंदगी में परिवार और काम के अलावा एक चीज हमेशा बेहद खास रही है। हाल ही में एक कार्यक्रम में एक्टर ने इससे जुड़ा दिलचस्प किस्सा शेयर किया।

Image

शाहरुख खान ने सुनाया अपने सपनों के घर का किस्सा, बोले- शादी से पहले मेरे पास खुद का घर नहीं था (Image Source: TeamSRKWarriors X/ Pinterest)

Shah Rukh Khan on Mannat House: बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) अपनी शानदार लाइफस्टाइल और मुंबई में स्थित आलीशान घर मन्नत (Mannat) के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं। उनके घर के बाहर हर दिन फैंस की भीड़ जमा होती है और लोग इस घर की एक झलक पाने के लिए दूर-दूर से आते हैं। लेकिन फिल्म किंग (King) फेम एक्टर की जिंदगी में एक वक्त ऐसा भी था, जब उनके पास अपना खुद का घर नहीं था। हाल ही में दुबई में एक कार्यक्रम के दौरान शाहरुख ने अपनी जिंदगी के इसी दौर को याद किया। उन्होंने बताया कि घर खरीदने का सपना उनके लिए कितना मायने रखता था और इस सपने के पीछे उनके बचपन की कौन सी यादें जुड़ी हुई हैं।

'हर शहर में एक घर होना चाहिए'

एक्टर शाहरुख खान एक बार फिर से खबरों में है। इसकी वजह एक इवेंट है। इस इवेंट में शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) की पत्नी और इंटीरियर डिजाइनर गौरी खान (Gauri Khan) भी शामिल हुईं। इस दौरान एक्टर ने बताया कि कम उम्र में ही उन्होंने अपने माता-पिता को खो दिया था और उनके पास अपना कोई घर भी नहीं था। यही वजह थी कि उनका सबसे बड़ा सपना अपना घर खरीदना बन गया। उन्होंने कहा, 'बेशक, मैं अपने परिवार और अपने काम से प्यार करता हूं, लेकिन दुनिया में मुझे सबसे ज्यादा प्यार अपना घर होने से है। इसलिए मेरे बच्चे मेरा मजाक उड़ाते हैं। जब भी हम किसी नए शहर से गुजरते हैं और मुझे वो जगह पसंद आती है, तो मैं उनसे कहता हूं कि हमें यहां भी एक घर खरीदना चाहिए। इस पर वे मेरा मजाक उड़ाते हुए कहते हैं कि हर शहर में घर नहीं खरीदा जा सकता। लेकिन मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं। गौरी से शादी होने तक मेरा अपना कोई घर नहीं था।'

'घर की अहमियत'

शाहरुख ने अपना घर होने की अहमियत पर भी बात की और उन लोगों को सलाह दी, जो अपना घर खरीदने का सपना देखते हैं। उन्होंने कहा, 'जिंदगी में अच्छे दिन आते हैं, बुरे दिन आते हैं, कुछ दिन बहुत शानदार होते हैं तो कुछ बेहद निराशाजनक। जब आप दिनभर की परेशानियों के बाद घर लौटते हैं, तो आपको अपने घर आने की जरूरत होती है। यहीं आप खुद को फिर से संभालते हैं, चीजों को समझते हैं और दुनिया की मुश्किलों का सामना करने के लिए दोबारा तैयार होते हैं। गौरी और मैंने जो पहला घर खरीदा था, वो हमारी हैसियत से बाहर था। हमारा आखिरी घर 'मन्नत' भी हमारी हैसियत से बाहर था। लेकिन मैं सभी से कहना चाहता हूं कि जब आप अपने सपनों का घर खरीदना चाहते हैं, तो अल्लाह आपकी मदद करते हैं, भगवान आपकी मदद करते हैं। अगर आप घर के लिए भगवान से प्रार्थना करेंगे, तो आपको अपनी जिंदगी का सबसे खूबसूरत घर मिलेगा, क्योंकि ऊपरवाला हमेशा आपको आपके सपनों का घर देता है। बस खुद पर और भगवान पर भरोसा रखिए।'

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article