Bharti Singh Comment On Beard And Moustache: भारत की जानी-मानी कॉमेडियन भारती सिंह के कॉमेडी शो में शामिल होने के लिए दर्शक बेकरार रहते हैं। उनके जोक्स पर तो पूरी दुनिया हंसती है लेकिन अब उनके एक मजाक ने उन्हें ही रुला दिया है। सोशल मीडिया पर लाफ्टर क्वीन भारती सिंह का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसमें वह एक शो में नजर आ रही हैं। इस शो के दौरान भारती सिंह दाढ़ी-मूछों पर व्यंग्य करती हैं। भारती सिंह के दाढ़ी-मूछों पर किए गए कमेंट की वजह से सिख समुदाय के लोग नाराज हैं और आपत्ति जता रहे हैं। भारती सिंह के इस मजाक की वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है वहीं, अमृतसर के सिख संगठन उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर पिछले कुछ दिनों से भारती सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह दाढ़ी-मूछों पर कमेंट करते हुए नजर आ रही हैं। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि भारती सिंह के शो में टीवी एक्ट्रेस जैस्मिन भसीन बतौर गेस्ट मौजूद हैं। इस शो के दौरान भारती सिंह दाढ़ी और मूंछ होने के फायदे के बारे में बताती नजर आ रही हैं। उन्होंने कहा कि 'दूध पीयो, ऐसे दाढ़ी मुंह में डालो, सेवई का टेस्ट आता है।' इस क्लिप को देखने के बाद भारती ने खुद लोगों के सामने आकर माफी मांगी। माफी मांगते हुए भारती सिंह ने कहा कि उन्होंने किसी भी समुदाय या धर्म के खिलाफ कुछ भी नहीं कहा था। माफी मांगने के बाद भी भारती सिंह की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, एसजीपीसी भारती सिंह के खिलाफ जल्द एफआईआर दर्ज करवाएगी।
भारती सिंह के इस व्यंग्य की वजह से यह संगठन नाराज है। एसजीपीसी के प्रवक्ता ने कहा कि, दाढ़ी और मूंछों पर भारती सिंह ने जो टिप्पणी की है उससे सिख समुदाय के लोग गुस्से में हैं। भारती सिंह के इस टिप्पणी ने सिख समुदाय के लोगों को ठेस पहुंचाया ऐसे में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई जाएगी। ऐसा ही अब हुआ है क्योंकि कॉमेडियन के खिलाफ FIR दर्ज करवाई जा चुकी है।

