मशहूर क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति के 14वें सीजन की शुरुआत हो चुकी है जिसमें अब तक कई कंटेस्टेंट अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। जहां कुछ कंटेस्टेंट लाखों रुपये जीतकर गए तो वहीं कुछ ऐसे भी रहे जिन्होंने गलत जवाब दिया और जीती हुई धनराशि को भी हार गए। अब शो में हॉटसीट पर पहुंचे मनोज कुमार यादव।
केबीसी में पहुंचे मनोज कुमार मुजफ्फरपुर के एक सरकारी स्कूल में टीचर हैं। उनका परिवार प्रयागराज में रहता है। हॉटसीट पर पहुंचे मनोज कुमार शो से केवल 10 हजार रुपये ही जीत सके। दरअसल वो 40 हजार रुपये जीत गए थे लेकिन 80 हजार रुपये के लिए पूछे गए सवाल का जवाब उन्होंने गलत दे दिया, जिसके कारण वो जीती हुई धनराशि हार गए और उन्हें केवल 10 हजार रुपये से ही संतुष्ट होना पड़ा। जानें क्या था वो सवाल जिसका जवाब नहीं दे सके मनोज कुमार यादव।
शायर द्वारा लिए गए उपनाम के लिए किस शब्द का प्रयोग किया जाता है जो आमतौर पर गजल के अंतिम शेर में देखा जाता है?
A. तखल्लुस
B. मतला
C. काफिया
D. रदीफ
इस सवाल के लिए मनोज ने दो लाइफलाइन 50-50 और फोन ए फ्रेंड का इस्तेमाल किया। लाइफलाइन 50-50 के इस्तेमाल के बाद दो विकल्प गायब हो गए और केवल A तखल्लुस और B मतला ही बचे। इसके बाद उन्होंने दोस्त से मदद लेनी चाही लेकिन मदद नहीं मिलने के बाद उन्होंने मतला को लॉक किया, जो कि गलत जवाब था। इस सवाल का सही जवाब है A. तखल्लुस।
इस सवाल का गलत जवाब देकर मनोज 30 हजार रुपये हार गए और केवल 10 हजार रुपये लेकर घर लौटे। इससे पहले उनसे 40 हजार रुपये का जो सवाल पूछा गया वो था-
इनमें से कौन से पद को ग्रहण करने के योग्य होने के लिए न्यूनतम आयु सबसे अधिक होती है?
A. सांसद लोकसभा
B. एक राज्य के राज्यपाल
C. प्रधानमंत्री
D. सांसद
मनोज इस सवाल का जवाब नहीं जानते थे जिसके लिए उन्होंने लाइफलाइन ऑडियंस पोल का इस्तेमाल किया और सही जवाब दिया। इसका सही जवाब है B. एक राज्य के राज्यपाल।
34 वर्षीय मनोज कुमार हॉट सीट पर पहुंचने के बाद भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि केबीसी में आकर हॉटसीट कर पहुंचने का उनका सफर काफी मायने रखता है।

