टेक एंड गैजेट्स

Xiaomi 18 Pro सीरीज हुई लॉन्च, 200MP कैमरे के साथ रियर पैनल में भी मिलेगी डिस्प्ले, जानें कीमत

Xiaomi 18 Pro सीरीज का सबसे खास फीचर इसका रियर AMOLED डिस्प्ले है। यानी फोन के पीछे कैमरे के पास भी एक छोटी स्क्रीन दी गई है। इसकी मदद से यूजर फोन की मुख्य स्क्रीन चालू किए बिना कई जरूरी काम कर सकते हैं।

Image

शॉओमी के इस स्मार्टफोन में आपको दमदार फीचर्स मिलने वाले हैं।

स्मार्टफोन की दुनिया में Xiaomi ने अपने दो नए प्रीमियम फोन Xiaomi 18 Pro और Xiaomi 18 Pro Max पेश किए हैं। कंपनी ने पेरिस में आयोजित एक ग्लोबल इवेंट के दौरान इन दोनों स्मार्टफोन से पर्दा उठाया। इन फोन की सबसे बड़ी खासियत इनके पीछे दी गई अलग AMOLED स्क्रीन और Leica के साथ मिलकर तैयार किया गया डुअल 200MP कैमरा सेटअप है। नए स्मार्टफोन के अलावा कंपनी ने Xiaomi Smart Band 11 और ओपन-ईयर ईयरफोन की नई रेंज भी पेश की है।

Xiaomi 18 Pro सीरीज का सबसे खास फीचर इसका रियर AMOLED डिस्प्ले है। यानी फोन के पीछे कैमरे के पास भी एक छोटी स्क्रीन दी गई है। इसकी मदद से यूजर फोन की मुख्य स्क्रीन चालू किए बिना कई जरूरी काम कर सकते हैं। इस छोटी स्क्रीन पर कॉल और नोटिफिकेशन देखे जा सकेंगे। अगर फोन टेबल पर उल्टा रखा है, तब भी यूजर यह जान पाएंगे कि किसका फोन आ रहा है। इतना ही नहीं, इसी डिस्प्ले से कॉल उठाने या काटने का विकल्प भी मिलेगा।

कंपनी ने इसमें Pin to Back Display नाम का फीचर भी दिया है। इसके जरिए यूजर बोर्डिंग पास, QR कोड, ट्रांजिट बारकोड और जरूरी रिमाइंडर को फोन की पिछली स्क्रीन पर दिखा सकेंगे।

200MP का डुअल कैमरा सेटअप

फोटोग्राफी पसंद करने वाले लोगों के लिए Xiaomi 18 Pro सीरीज में खास कैमरा सेटअप दिया गया है। कंपनी ने Leica के साथ मिलकर इसमें दो 200MP कैमरे शामिल किए हैं। इसमें 200MP का प्राइमरी कैमरा और 200MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा मिलता है। इसके साथ Power Prism नाम का नया टेलीफोटो मॉड्यूल भी दिया गया है। कंपनी के अनुसार, फोन में 150mm टेलीफोटो फोकल लेंथ और 8K वीडियो रिकॉर्डिंग का सपोर्ट मौजूद है।

इसके अलावा AI Creativity Assistant भी दिया गया है। इसकी मदद से फोटो से अनचाहे रिफ्लेक्शन और मोशन ब्लर हटाए जा सकते हैं। साथ ही तस्वीरों के बैकग्राउंड को भी AI की मदद से बड़ा किया जा सकता है।

बैटरी और परफॉर्मेंस में भी दमदार

Xiaomi ने अपनी नई Pro सीरीज में बड़ी बैटरी का इस्तेमाल किया है। Xiaomi 18 Pro में 6,000mAh की बैटरी दी गई है, जबकि Xiaomi 18 Pro Max में 7,050mAh की बैटरी मिलती है। दोनों स्मार्टफोन में सिलिकॉन-कार्बन बैटरी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। बेहतर परफॉर्मेंस के लिए इनमें Snapdragon प्लेटफॉर्म दिया गया है। गेमिंग और ज्यादा इस्तेमाल के दौरान फोन को गर्म होने से बचाने के लिए कंपनी ने Loop LiquidCool कूलिंग सिस्टम भी शामिल किया है।

Xiaomi 18 Pro और Pro Max की कीमत

Xiaomi ने यूरोपीय बाजार में दोनों स्मार्टफोन की कीमत का ऐलान कर दिया है। Xiaomi 18 Pro के 12GB RAM और 256GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 1,399 यूरो (करीब 1.45 लाख रुपये) रखी गई है। वहीं Xiaomi 18 Pro Max के 16GB RAM और 512GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत 1,599 यूरो (करीब 1.66 लाख रुपये) तय की गई है। यूरोपीय बाजार में दोनों स्मार्टफोन की प्री-बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।

भारत में कब लॉन्च होंगे?

भारत में Xiaomi 18 Pro और Xiaomi 18 Pro Max की लॉन्चिंग को लेकर कंपनी ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। हालांकि, कुछ ऑनलाइन रिपोर्ट्स और लीक्स में दावा किया जा रहा है कि Xiaomi 18 Pro को दिसंबर 2026 में भारतीय बाजार में उतारा जा सकता है। फिलहाल भारत लॉन्च को लेकर अभी किसी भी तरह की पुष्टि नहीं की जा सकती है।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article