देश

UP Election 2027: कांग्रेस के साथ इस दिन तय होगा सीट शेयरिंग फॉर्मूला, अखिलेश यादव ने कर दिया ऐलान

Akhilesh Yadav on Seat Sharing: अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर पहुंचे थे, जहां उन्होंने गोरखपुर एयरपोर्ट से 'पीडीए के रथ' पर सवार होकर रोड शो किया। इस दौरान पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने बताया है कि यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सीट शेयरिंग पर बात कब होगी।

Image

अखिलेश यादव ने शीट शेयरिंग पर की बात (फोटो साभार- INC/X)

Akhilesh Yadav on Seat Sharing: उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर में कांग्रेस पार्टी के साथ सीट शेयरिंग को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर चर्चा एकादशी के बाद शुरू होगी। अखिलेश यादव ने कहा, "एकादशी के बाद, जो तारीखें तय की गई हैं, उन पर चर्चा शुरू होगी।"

गोरखपुर में उमड़ी भीड़

गौरतलब है कि अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर पहुंचे थे, जहां उन्होंने गोरखपुर एयरपोर्ट से 'पीडीए के रथ' पर सवार होकर रोड शो किया। इस रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी। भीड़ को देखकर अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ में ही उन पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि इस बार गोरखपुर में जनता भाजपा को 'नौ बटे निल' कर देगी। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भाजपा को घेरते हुए 'भाजपा_का_गढ़_गड़बड़ाया' हैशटैग के साथ पोस्ट किया।

यूपी के पूर्व सीएम ने लिखा, "गोरखपुर में हमारे रोडशो में उमड़े जनसैलाब को देखकर जनता कह रही है कि किसी का गढ़ गड़बड़ा गया है! इस बार गोरखपुर में जनता भाजपा को 'नौ बटे निल' कर देगी। पूरे गोरखपुर मंडल में एकजुट 'पीडीए' का समाज प्रभुत्ववादियों को धूल चटा देगा। गोरखपुर की ये पुकार, अहंकार की होगी हार।" अखिलेश यहीं नहीं रुके। उन्होंने 'एक्स' पर भीड़ का एक वीडियो भी पोस्ट किया, जिसमें नारेबाजी करते हुए सपा कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं। इस दौरान अखिलेश यादव ने नारा दिया - "पीडीए की यही पुकार, इस बार अपनी सरकार।"

पहले भी दोनों पार्टियों का हो चुका है गठबंधन

बता दें कि 2017 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस ने गठबंधन किया था। जिसमें अखिलेश यादव और राहुल गांधी को 'दो लड़कों की जोड़ी' कहा गया। प्रशांत किशोर ने इस गठबंधन को जमीन पर उतारने में बड़ी भूमिका निभाई थी। तब सपा 298 और कांग्रेस 105 सीटों पर लड़ी थी। हालांकि, यह जोड़ी कोई कमाल नहीं दिखा पाई थी। भाजपा ने 325 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया, जबकि सपा 47 और कांग्रेस मात्र 7 सीटों पर सिमट गई। हार के बाद दोनों की राहें अलग हो गईं और गठबंधन टूट गया। इसके बाद 2024 लोकसभा चुनाव में दोनों पार्टियों ने फिर गठबंधन किया था। गठबंधन के तहत यूपी की 80 लोकसभा में से समाजवादी पार्टी 63 और कांग्रेस ने 17 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। जिसमें दोनों ही पार्टियों को फायदा हुआ था।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article